Maharashtra: पुणे हादसे के आरोपी ने पूरा किया ड्राइविंग प्रशिक्षण; पैरों की मालिश के लिए कहने पर पिता की हत्या
पुणे में 19 मई को नशे की हालत में पोर्श कार से मोटरसाइकिल में टक्कर मारकर दो लोगों की जान लेने वाले नाबालिग आरोपी ने अदालत के आदेश पर 15 दिनों का सुरक्षित ड्राइविंग प्रशिक्षण पूरा किया।
पुणे के कल्याणी नगर में हुई घटना में मध्य प्रदेश के दो युवकों की मौत हो गई थी। आरटीओ के एक अधिकारी ने कहा कि किशोर आरोपी ने आरटीओ के साथ सुरक्षित ड्राइविंग प्रशिक्षण पूरा किया। अदालत के निर्देशों के तहत अभियान को गोपनीय रखा गया। प्रशिक्षण में सड़क ड्राइविंग सुरक्षा उपाय, ड्राइविंग लाइसेंस का महत्व, सड़क संकेतों और प्रतीकों का अर्थ और अन्य गतिविधियों की जानकारी दी गई। इस दौरान किशोर को सड़क पर व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। आरोपी को किशोर न्याय बोर्ड से जमानत मिलने के बाद देशभर में बड़े पैमाने पर आक्रोश फैल गया था। जमानत के लिए उसे सड़क दुर्घटनाओं पर 300 शब्दों का निबंध लिखने के लिए कहा गया था।
नागपुर में बेटे ने की पिता की हत्या
नागपुर में एक 33 वर्षीय युवक ने पैरों की मालिश करने से इनकार करते हुए पिता पीट-पीट कर हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक नवाबपुरा निवासी दत्तात्रेय शेंडे ने अपने बेटे कुशल उर्फ इंगा शेंडे से पैरों की मालिश करने के लिए कहा। बेटे कुशल ने पैरों की मालिश करने से इन्कार कर दिया। इसके बाद पिता दत्तात्रेय शेंडे की छाती, पेट, पसलियों और सिर पर लात और घूंसे मारे। शेंडे के बड़े बेटे प्रणव ने हस्तक्षेप करने की असफल कोशिश की लेकिन कुशल ने उसे धमकी दी। प्रणव मदद मांगने के लिए अपने पड़ोसी के घर गया, लेकिन जब वह लौटा तो पिता गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश पड़े थे।
पुलिस ने बताया कि उन्हें मेयो अस्पताल ले जाया गया, जहां पहुंचने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। आरोपी कुशल उर्फ इंगा शेंडे को शनिवार शाम को गिरफ्तार कर लिया गया। उसे सोमवार तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।
ठाणे में गणपति विसर्जन के नाम पर वसूली, 10 बदमाशों के खिलाफ केस
महाराष्ट्र के ठाणे में गणपति विसर्जन उत्सव के नाम पर जबरन वसूली का मामला सामने आया है। मामले में रविवार को 10 बदमाशों के खिलाफ जबरन वसूली का केस दर्ज किया। इन पर एक युवक से 51 हजार रुपये चंदा देने के लिए धमकी देने का आरोप है। श्रीनगर थाने के अधिकारी ने बताया कि शनिवार रात शिकायतकर्ता एक राजनीतिक पार्टी के कार्यालय में बैठा था। तभी आरोपी वहां पहुंचे और गणपति उत्सव के लिए चंदा मांगने लगे। जब शिकायतकर्ता ने कहा कि वह पांच हजार रुपये चंदा देंगे, तो बदमाश भड़क गए और अभद्रता करने लगे। आरोप है कि एक बदमाश ने 51 हजार रुपये की मांग की और धमकी दी कि अगर पैसे नहीं दिए तो वह उन्हें मार देगा। इसके बाद सभी वहां से चले गए। पुलिस ने बताया कि कुछ आरोपियों की पहचान कर ली गई है। मामले की जांच जारी है।