फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Maharashtra ›   Maharashtra Updates Kalyan Stray Dogs Nagpur water-filled quarry Mumbai Pune Politics Crime and other news

Maharashtra: ठाणे के स्कूल में छात्रों के कथित नशे के मामले की जांच; मुंबई में लोकल ट्रेन सेवाएं प्रभावित

Mon, 10 Aug 2026 09:23 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला।
न्यूज डेस्क, अमर उजाला। Published by: ज्योति भास्कर Updated Mon, 10 Aug 2026 09:23 PM IST
विज्ञापन
Maharashtra Updates Kalyan Stray Dogs Nagpur water-filled quarry Mumbai Pune Politics Crime and other news
महाराष्ट्र की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
महाराष्ट्र की एक खदान में डूबने से दो नाबालिगों की मौत का मामला सामने आया है। पुलिस ने रविवार को बताया कि बुलढाना जिले में कोराडी बांध के पास पानी से भरी एक खदान में दो नाबालिग चचेरे भाई डूब गए। पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना शनिवार को मेहकर तालुका के देउलगांव माली गांव के पास हुई। 11 वर्षीय अयान शेख और उसका चचेरा भाई अवद शेख अपने परिवार के सदस्यों के साथ बांध देखने गए थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शेख बंधुओं ने अपने पैर धो रहे थे तभी वे फिसलकर पत्थर की खदान में गिर गए। दोनों मृतकों के शव पानी से निकाल लिए गए हैं।दुर्घटना में हुई मौत का मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
विज्ञापन


अगले चार-पांच वर्षों में पुणे का गणेश उत्सव पूरी तरह डीजे-मुक्त: श्रीमंत भाऊसाहेब रंगारी गणपति मंडल
महाराष्ट्र में गणेशोत्सव की तैयारियां भी शुरू हो चुकी हैं। पुणे के ऐतिहासिक श्रीमंत भाऊसाहेब रंगारी गणपति मंडल ने इस वर्ष के गणेशोत्सव की थीम- 'श्री गणेश स्वर्णधाम' रखी है। मंडल ने इसका अनावरण रविवार को क्रांति दिवस के अवसर पर किया। उत्सव मंडप के लिए पारंपरिक वसा पूजन समारोह भी संपन्न किया गया। मंडल के उत्सव प्रमुख और न्यासी पुनीत बालन ने बताया कि इन दस दिनों में लाखों श्रद्धालु गणपति दर्शन के लिए आएंगे। धार्मिक कार्यक्रमों के बाद अभिषेक किया जाएगा। मंडल ने महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और बच्चों के लिए एक अलग मध्य पंक्ति बनाई है, ताकि उन्हें कोई परेशानी न हो। इस वर्ष भी डीजे का उपयोग नहीं होगा। बालन ने विश्वास जताया कि इस वर्ष 25-30 मंडल पारंपरिक उत्सव की ओर बढ़ रहे हैं और अगले चार-पांच वर्षों में पुणे का गणेश उत्सव पूरी तरह डीजे-मुक्त हो जाएगा।
विज्ञापन

ठाणे के स्कूल में छात्रों के कथित नशे के मामले की जांच, पुलिस कर रही वीडियो की पड़ताल
ठाणे के एक निजी स्कूल परिसर में दो छात्रों द्वारा प्रतिबंधित पदार्थों के सेवन के आरोपों से जुड़े वीडियो की पुलिस प्रारंभिक जांच कर रही है। एक शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की पड़ताल शुरू की है। स्थानीय शिवसेना नेता एकनाथ भोईर ने वर्तक नगर थाने के वरिष्ठ निरीक्षक प्रवीण माने को लिखित शिकायत देकर तत्काल जांच की मांग की है।

पुलिस अधिकारी के अनुसार, वीडियो में नजर आ रहे दोनों छात्रों को हिरासत में लेकर किशोर न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस मामले में कोई अपराध दर्ज नहीं किया है। भोईर ने सवाल उठाया कि आखिर प्रतिबंधित पदार्थ स्कूल परिसर के अंदर कैसे पहुंचे और छात्रों तक इन्हें किसने पहुंचाया। उन्होंने स्कूल में मौजूद सुरक्षा गार्डों और शिक्षकों की भूमिका पर भी सवाल उठाए। 

उन्होंने कहा कि स्कूल प्रबंधन की ओर से छात्रों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने में लापरवाही या मिलीभगत सामने आती है तो उसके खिलाफ आंदोलन किया जाएगा। पुलिस अधिकारी ने बताया कि वीडियो से संबंधित शिकायत प्राप्त हुई है और मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल किसी के खिलाफ मामला दर्ज नहीं किया गया है।

कल्याण में कुत्तों का आतंक, सात घंटे में 130 घायल
मुंबई के पास कल्याण में संदीप होटल से खड़कपाड़ा तक के इलाके में एक आवारा कुत्ते ने कथित तौर पर सात घंटे में करीब 125-130 लोगों को घायल कर दिया। रुक्मिणीबाई अस्पताल के डॉ. मोहम्मद अनीस ने बताया, 9 अगस्त को हमारे पास कुत्ते के काटने के कुल 48 मामले दर्ज किए गए... बाकी मामलों में मरीजों ने संभवतः निजी अस्पतालों में इलाज कराया। अधिकतर मरीज कल्याण पश्चिम के चिकंघर, गोदरेज हिल, अधरवाड़ी और रेती बंदर इलाके से हैं। कुछ की हालत गंभीर है। गहरे घावों वाले छोटे बच्चों को बाल रोग सर्जन ने बेहतर इलाज के लिए सायन अस्पताल रेफर कर दिया है।

सावन के दूसरे सोमवार पर तुंगारेश्वर समेत वसई-विरार के सभी मंदिरों में उमड़ा आस्था का सैलाब
सावन के दूसरे सोमवार के पावन अवसर पर मुंबई से सटे वसई के सुप्रसिद्ध तुंगारेश्वर महादेव मंदिर में भगवान शिव के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह तड़के से ही मंदिर परिसर में भक्तों की लंबी कतारें लग गईं। ‘हर-हर महादेव’ और ‘ॐ नमः शिवाय’ के जयकारों से पूरा तुंगारेश्वर क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। पहाड़ी पर स्थित तुंगारेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन के लिए वसई-विरार के साथ-साथ आसपास के इलाकों और दूर-दराज से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। कई भक्त सुबह करीब 4 बजे से ही मंदिर पहुंचने लगे। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि एवं कल्याण की कामना की।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर और आसपास के मार्गों पर सुरक्षा एवं भीड़ नियंत्रण के विशेष इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े कर्मी लगातार भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं को सुगमता से दर्शन कराने में जुटे रहे। वहीं, सावन के दूसरे सोमवार के चलते वसई-विरार के छोटे-बड़े शिव मंदिरों में भी सुबह से भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिली। पूरे क्षेत्र में शिवभक्ति का माहौल नजर आया और जगह-जगह ‘हर-हर महादेव’ के जयकारे गूंजते रहे।
 

सिंगापुर एयरलाइंस ने अश्विन के. को भारत का नया जनरल मैनेजर बनाया
सिंगापुर एयरलाइंस ने अश्विन के. को भारत का नया जनरल मैनेजर नियुक्त किया है। वह एक अगस्त से इस पद की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। वह साय येन चेन की जगह लेंगे, जिन्होंने पांच साल से ज्यादा समय तक भारत में एयरलाइंस के जनरल मैनेजर के तौर पर काम किया। अश्विन मुंबई में रहकर भारत में कंपनी के संचालन और विकास की रणनीति संभालेंगे। वह यात्रियों, ट्रैवल पार्टनर्स और विमानन क्षेत्र से जुड़े प्रमुख लोगों के साथ संबंध मजबूत करने पर भी काम करेंगे। इससे पहले अश्विन 2024 से इटली में सिंगापुर एयरलाइंस के जनरल मैनेजर थे। उन्होंने 2014 में एविएशन नेटवर्क एनालिस्ट के रूप में कंपनी ज्वाइन की थी। बाद में उन्होंने वेस्ट एशिया और अफ्रीका के रीजनल मार्केटिंग मैनेजर और कर्नाटक-तेलंगाना के स्टेट मैनेजर सहित कई पदों पर काम किया। सिंगापुर एयरलाइंस की भारत में स्वतंत्र सेवाओं के अलावा एयर इंडिया में 25.1 प्रतिशत हिस्सेदारी भी है।
 

मुंबई में लोकल ट्रेन सेवाएं प्रभावित, यात्रियों को हुई परेशानी
मुंबई में सोमवार को वेस्टर्न और सेंट्रल रेलवे की लोकल ट्रेन सेवाएं तकनीकी दिक्कतों के कारण प्रभावित रहीं। सप्ताह के पहले कामकाजी दिन सुबह से ही यात्रियों को देरी और भीड़ का सामना करना पड़ा। वेस्टर्न रेलवे पर अलग-अलग जगह पॉइंट फेल होने से ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुईं। सबसे पहले सुबह 4:46 बजे वसई रोड पर समस्या आई। इसके बाद दादर और गोरेगांव में भी पॉइंट फेल हुए। दादर की समस्या से अप और डाउन फास्ट लाइन प्रभावित हुई, जबकि गोरेगांव की दिक्कत से हार्बर लाइन पर असर पड़ा। सेंट्रल रेलवे पर मुलुंड स्टेशन के पास सुबह 11:53 बजे एक तार ओवरहेड उपकरण पर गिर गया। इससे तार में चिंगारी निकली और धुआं उठने लगा। कर्मचारियों ने दोपहर 12:15 बजे तार हटाया और कुछ मिनट बाद सेवाएं बहाल कर दी गईं। यात्रियों ने 20 से 30 मिनट तक ट्रेनें देर से चलने की शिकायत की। मुंबई की लोकल ट्रेनों से रोज करीब 75 लाख लोग सफर करते हैं।

अमेजन को बॉम्बे हाईकोर्ट का निर्देश, भिवंडी वेयरहाउस का एक्सपायर्ड सामान FDA को सौंपना होगा
बॉम्बे हाईकोर्ट ने सोमवार को अमेजन रिटेल इंडिया को निर्देश दिया कि वह भिवंडी स्थित अपने वेयरहाउस में मौजूद सभी एक्सपायर्ड और खराब हो चुके खाद्य उत्पाद महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) को सौंपे, ताकि उनका वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जा सके। कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश रविंद्र घुगे और न्यायमूर्ति गौतम अंखड़ की पीठ ने FDA को अमेजन की उस याचिका पर 27 अगस्त तक हलफनामा दाखिल करने का भी निर्देश दिया, जिसमें कंपनी ने अपने वेयरहाउस का लाइसेंस निलंबित किए जाने को चुनौती दी है।

अमेजन रिटेल इंडिया ने हाईकोर्ट का रुख तब किया, जब FDA ने आरोप लगाया कि भिवंडी, ठाणे स्थित उसके वेयरहाउस से एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री को नष्ट करने के बजाय बाजार में भेजा गया। अदालत ने अंतरिम व्यवस्था के तहत अमेजन को निर्देश दिया कि वह वेयरहाउस में मौजूद सभी एक्सपायर्ड और खराब सामान की सूची तैयार करे और उसे संबंधित FDA अधिकारी को सौंपे। इसके बाद अधिकारी कानून के अनुसार इन वस्तुओं के निस्तारण की प्रक्रिया पूरी करेंगे। अदालत ने स्पष्ट किया कि इस पूरी कार्रवाई का खर्च अमेजन को उठाना होगा।

याचिका के अनुसार, FDA अधिकारियों ने 24 जून को वेयरहाउस का निरीक्षण किया था और अगले ही दिन बिना सुधार नोटिस जारी किए लाइसेंस निलंबित कर दिया था। इसके बाद संबंधित प्राधिकरण के समक्ष अपील दायर की गई। हालांकि, अपील लंबित रहने के दौरान 1 जुलाई को FDA ने अमेजन को कारण बताओ नोटिस जारी किया और बाद में उसका लाइसेंस रद्द कर दिया। हाईकोर्ट ने शुक्रवार को FDA की कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए कहा था कि एजेंसी अपनी नीति को सख्ती से लागू करते हुए 'तलवार से मच्छर मारने' जैसी कार्रवाई कर रही है। अदालत ने FDA को व्यवस्थित तरीके से कार्रवाई करने की सलाह दी थी।

FCRA संशोधन विधेयक जरूरी, देश विरोधी गतिविधियों पर लगेगी रोक- फडणवीस
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार को कहा कि विदेशी चंदे के नियमन से जुड़े FCRA संशोधन विधेयक को देश विरोधी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए लाया गया है। उन्होंने कांग्रेस के इस आरोप को खारिज किया कि यह विधेयक ईसाई संगठनों को निशाना बनाने के लिए है। नागपुर में पत्रकारों से बातचीत में फडणवीस ने कहा कि FCRA उन सभी संगठनों पर लागू होता है, जो विदेश से चंदा लेते हैं। इसका धर्म या समुदाय से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि जो संगठन नियमों के अनुसार काम करेंगे, उन्हें किसी तरह की परेशानी नहीं होगी। सरकार ने जून में विदेशी चंदा लेने के नियमों में बदलाव किया था। नए नियमों में संगठनों को चंदे के इस्तेमाल के लिए तय उद्देश्यों और क्षेत्रों में से चुनाव करना होगा। कुछ ईसाई संगठनों ने नए नियमों और प्रस्तावित कानून का विरोध किया है। FCRA संशोधन विधेयक 25 मार्च को लोकसभा में पेश किया गया था और इस सप्ताह संसद में इस पर चर्चा होने की संभावना है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed