Maharashtra: गैंगस्टर रवि पुजारी का करीबी हवाई अड्डे से गिरफ्तार, रंगदारी के मामले में था वांछित
Maharashtra: विजय पुरुषोत्तम साल्वी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 385 (जबरन वसूली) और अन्य संबंधित प्रावधानों तथा मकोका के तहत मामला दर्ज किया गया था और पुलिस ने उसके लिए लुकआउट सर्कुलर जारी किया था।
विस्तार
मुंबई पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। दरअसल, पुलिस ने यहां छत्रपति शिवाजी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से जबरन वसूली के मामले में वांछित गैंगस्टर रवि पुजारी के एक करीबी को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
शहर की अपराध शाखा के एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने गुरुवार को विजय पुरुषोत्तम साल्वी उर्फ विजय ताम्बत को गिरफ्तार किया, जिसके खिलाफ महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) के तहत मामला दर्ज किया गया था। उन्होंने बताया कि साल्वी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 385 (जबरन वसूली) और अन्य संबंधित प्रावधानों तथा मकोका के तहत मामला दर्ज किया गया था और पुलिस ने उसके लिए लुकआउट सर्कुलर जारी किया था।
अधिकारी ने बताया कि साल्वी जब संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से एक विमान से हवाई अड्डे पर पहुंचा तो आव्रजन अधिकारियों ने उसे हिरासत में ले लिया और ठाणे शहर पुलिस की अपराध शाखा के अधिकारियों को सौंप दिया।पुलिस के अनुसार, साल्वी जबरन वसूली के एक मामले के सिलसिले में वांछित था, जिसमें गैंगस्टर रवि पुजारी ने 2017 में रोमा बिल्डर्स के महेंद्र पमनानी से 10 करोड़ रुपये की जबरन वसूली की मांग की थी।
उन्होंने बताया कि पुजारी ने पमनानी को कथित तौर पर जान से मारने की धमकी भी दी थी और ठाणे में बिल्डर के कार्यालय में शार्पशूटर भेजे थे। अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने कथित आरोपी को आग्नेयास्त्रों के साथ गिरफ्तार किया था। उन्होंने बताया कि साल्वी के खिलाफ कस्तूरबा मार्ग, समता नगर और कसारवाड़ावली पुलिस थानों में हत्या के प्रयास और शस्त्र अधिनियम के तहत मामले दर्ज हैं।
भूमि दुरुपयोग मामले में मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने शिवसेना(यूटीबी) विधायक रवींद्र वायकर को सोमवार को तलब किया है। अधिकारी ने शुक्रवार को जानकारी देते हुए कहा, बृहन्मुंबई नगर निगम को कथित तौर पर गुमराह करने और 2021 में जनवरी और जुलाई के बीच अवैध रूप से एक लक्जरी होटल के निर्माण के लिए धोखाधड़ी की अनुमति प्राप्त करने के लिए उनके और अन्य के खिलाफ दर्ज एफआईआर में अपना बयान दर्ज करने के लिए बुलाया गया। एफआईआर के अनुसार, जोगेश्वरी-विक्रोली लिंक रोड के किनारे स्थित भूमि खेल और मनोरंजन उद्देश्यों के लिए आरक्षित थी और सार्वजनिक उपयोग के लिए वाइकर और अन्य को आवंटित की गई थी लेकिन उन्होंने इसका इस्तेमाल व्यावसायिक उद्देश्यों के लिए करोड़ों रुपये कमाने के लिए किया। अधिकारी ने बताया कि बीएमसी इंजीनियर की शिकायत पर सितंबर में भारतीय दंड संहिता की धारा 120 बी, 406, 420 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
पालघर में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों पर मुंबई पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 17 बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। अधिकारी ने बताया कि एक गुप्त सूचना पर हमने कार्रवाई को अंजाम दिया। इन पर फर्जी दस्तावेजों का उपयोग करके आईडी बनाने के प्रयास का आरोप है। मामले की गंभीरता को देखते हुए इन लोगों की गिरफ्तार किया गया है। मामले पर बोलते हुए अधिकारी ने कहा, जांच से पता चला कि उमर और सलमान बांग्लादेश के एजेंट थे। जो लोगों को अवैध रूप से देश में लाते थे। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि वे किन-किन स्थानों पर रह रहे थे। गिरफ्तारी के बाद सभी आरोपियों को 25 अक्तूबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।
महाराष्ट्र के राज्यपाल रमेश बैस और मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा में स्थापित होने वाली छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा ले जाने वाले वाहन को हरी झंडी दिखाई।
राजभवन के अनुसार, प्रतिमा कुपवाड़ा में राष्ट्रीय राइफल्स 41 मराठा लाइट इन्फैंट्री रेजिमेंट को भेंट की जाएगी। यह प्रतिमा गैर सरकारी संगठन आमही पुणेकर फाउंडेशन और छत्रपति शिवाजी महाराज स्मारक समिति के कहने पर बनाई गई है। इस अवसर पर महाराष्ट्र के सांस्कृतिक मामलों के मंत्री सुधीर मुनगंटीवार, सांस्कृतिक मामलों के विभाग के प्रमुख सचिव विकास खड़गे, आम्ही पुणेकर फाउंडेशन के ट्रस्टी अभयराजे शिरोले, अध्यक्ष हेमंत जाधव, राजेंद्र खेडकर और अन्य लोग उपस्थित थे।
सप्ताह में 5 दिन पार्टी कार्यालय में लोगों से मिलें- शिंदे
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने अपने मंत्रिमंडल के नौ शिवसेना सदस्यों से आम नागरिकों की शिकायतें सुनने और उनका समाधान करने के लिए पार्टी मुख्यालय में 'जनता दरबार' आयोजित करने को कहा है। साथ ही उन्होंने संगठन के प्रत्येक मंत्री को पार्टी कार्यालय में बैठने और लोगों के मुद्दों और समस्याओं को सुनने के लिए भी कहा है।
पार्टी के एक बयान में कहा गया है कि शिंदे ने एक बैठक में अपने नौ मंत्रियों से सप्ताह में पांच दिन दक्षिण मुंबई में शिव सेना बालासाहेब भवन में 'जनता दरबार' आयोजित करने के लिए कहा है। इसमें आम नागरिकों के सभी मुद्दों और समस्याओं का समाधान करने के लिए भी कहा है।
इन नौ कैबिनेट मंत्रियों में से दादा भुसे और उदय सामंत सोमवार को, शंभूराज देसाई और संदीपन भुमरे मंगलवार को, दीपक केसरकर और तानाजी सावंत बुधवार को, अब्दुल सत्तार और गुलाबराव पाटिल गुरुवार को और संजय राठौड़ शुक्रवार को 'जनता दरबार' लगाएंगे।