Maharashtra Updates: राज्य में मतदाता सूची पुनरीक्षण तेज, एक मामले में पत्नी की हत्या के आरोप से पति बरी
ठाणे कोर्ट: शुरुआती मृत्युपूर्व बयान को माना सही, पत्नी की हत्या के आरोप से पति बरी
महाराष्ट्र के ठाणे की एक सत्र अदालत ने 2007 में पत्नी की कथित हत्या के मामले में 54 वर्षीय सुरेश संजीव शेट्टी को बरी कर दिया। अदालत ने कहा कि जब मृत्युपूर्व बयानों में विरोधाभास हो तो घटना के सबसे करीब दर्ज पहला बयान अधिक विश्वसनीय माना जाना चाहिए। महिला मीना ने घटना वाले दिन कहा था कि चाय बनाते समय स्टोव फटने से वह झुलसी थीं और उनके पति उन्हें अस्पताल लेकर गए थे। अदालत ने दो दिन बाद दिए गए बदले हुए बयान को अविश्वसनीय माना और कहा कि अभियोजन पक्ष आरोप साबित करने में नाकाम रहा।
महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार और उनके बेटे एनसीपी सांसद जय पवार ने बारामती स्थित स्मारक पर राज्य के पूर्व उपमुख्यमंत्री व राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के दिवंगत नेता अजित पवार की जयंती पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने राज्य के विकास में उनके अभूतपूर्व योगदान को याद किया।
#WATCH | Maharashtra Deputy CM Sunetra Pawar and her son-NCP MP Jay Pawar paid floral tributes to late Deputy CM Ajit Pawar, at his memorial in Baramati. (21.07.2026) pic.twitter.com/CIlKYirTTg
— ANI (@ANI) July 22, 2026
ठाणे शहर पुलिस ने अपनी प्रेमिका की हत्या करने के आरोप में 30 साल के नंदकिशोर गाडेकर को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने मंगलवार को ठाणे नगर पुलिस स्टेशन क्षेत्र में स्थित एक लॉज में इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस उपायुक्त (जोन-1) बालासाहेब पाटिल ने बताया कि आरोपी का पीड़िता के साथ रिश्ता था। भांडुप की रहने वाली यह महिला अपने पति से अलग रह रही थी। गाडेकर ने पुलिस को बताया कि पति से अलग होने और उसके साथ पांच साल से रिश्ते में रहने के बावजूद महिला का किसी अन्य व्यक्ति से संबंध था। इसी विवाद में आरोपी महिला को लॉज ले गया, जहां उसने तकिए से मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी और भाग गया। लॉज के कर्मचारियों ने कमरे में महिला को बेसुध पाकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेजा दिया है और तुरंत कार्रवाई करते हुए गाडेकर को हिरासत में ले लिया है।
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक 90 वर्षीय बुजुर्ग का शव पानी से भरी खदान में मिला है। मृतक की पहचान अंबरनाथ के राममंदिर इलाके के फुले नगर निवासी वसंत उबाले के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, बेटी के साथ खाने को लेकर हुए छोटे से विवाद के बाद उबाले गुस्से में घर से निकल गए थे। अगले दिन तड़के लगभग 12:30 बजे उनका शव चिंचपाड़ा स्थित एक खदान में मिला। एक अधिकारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है। अंबरनाथ पश्चिम पुलिस स्टेशन में आकस्मिक मौत की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और बुजुर्ग के आत्महत्या करने की आशंका जताई है।
महाराष्ट्र के ठाणे में 30 साल की महिला को पति की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी सुनीतादेवी हरेराम सिंह मूल रूप से बिहार के रोहतास जिले की निवासी है। 19 जुलाई को बदलापुर ईस्ट में पति हरेराम किसुनजी सिंह (35) के साड़ी न लाने पर दोनों के बीच तीखी बहस हुई थी। इसी दौरान गुस्से में आकर महिला ने प्रेशर कुकर के ढक्कन से हमला किया और गला घोंटकर उसकी जान ले ली। शुरुआत में महिला ने इसे हादसा बताकर पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया था। हालांकि, मेडिकल रिपोर्ट में गला घोंटने से मौत की पुष्टि हुई। बदलापुर ईस्ट पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ निरीक्षक नितिन पाटिल ने बताया कि परिजनों और मकान मालिक से पूछताछ के बाद पत्नी पर शक गहराया। मंगलवार को स्थानीय अदालत ने आरोपी को 29 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया।
दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास के बाहर राहुल गांधी को हिरासत में लिए जाने के विरोध में बुधवार को नागपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। सुनील केदार, शहर अध्यक्ष प्रफुल्ल गुडाधे और ग्रामीण अध्यक्ष अश्विन बैस जैसे नेताओं के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने नीट पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराई और कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को भी इसकी नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए।
कांग्रेस कार्यकर्ता सदर इलाके में स्थित लोक भवन की ओर बढ़े। पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए बैरिकेड्स लगा रखे थे। जब प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड्स पार करने का प्रयास किया, तो पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया और गाड़ियों में बैठाकर ले गई। इससे पहले मंगलवार को दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास के बाहर धरना दे रहे राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और अखिलेश यादव को पुलिस ने हटाकर हिरासत में लिया था, जिन्हें बाद में छोड़ दिया गया था। राहुल गांधी ने कहा था कि सरकार छात्रों के मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार नहीं थी, इसलिए उन्होंने वहां धरना दिया था।
आध्यामिक गुरु पर महिला ने लागया दुष्कर्म का आरोप
महाराष्ट्र के अमरावती जिले में एक आध्यामिक गुरु पर महिला ने कई बार दुष्कर्म और यौन शोषण का आरोप लगाया है। महिला का दावा है कि 2016 में जब वह नाबालिग थी तब से आरोपी उसके साथ दरिंदगी कर रहा है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने पॉक्सो और बीएनएस की धाराओं के तहत केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान आनंद मठ के महंत दत्तागिरी गुरु जयरामजी महाराज के रूप में हुई है। मामले का खुलासा होने के बाद से वह फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। प्राथमिकी के मुताबिक, पीड़िता पहली बार 2014 में एक कार्यक्रम के दौरान जयरामजी महाराज से मिली थी और 2016 से उसके साथ रहने लगी थी। आरोप है कि इस दौरान बाबा ने शादी का झांसा देकर उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया और उसका यौन शोषण किया। महिला ने बताया कि शादी के बाद भी आरोपी उसके संपर्क में रहा और उसे पति से तलाक लेने के लिए उकसाया। तलाक के बाद उसे आनंद मठ में पत्नी की तरह रखा गया और बाद में वहां से गाली-गलौज कर निकाल दिया गया।