Maharashtra: DRI ने मुंबई एयरपोर्ट पर जब्त किया 6.21 करोड़ रुपये का सोना; पढ़ें महाराष्ट्र की अहम खबरें
महाराष्ट्र के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर डीआरआई ने सोने की तस्करी करने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। यहां राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने चार लोगों को गिरफ्तार किया।
विस्तार
महाराष्ट्र में आपराधिक घटनाएं कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। यहां के सांगली जिले में हथियारबंद लुटेरों ने एक ज्वेलरी शॉप से 14 करोड़ रुपये के गहने लूट लिए। वहीं, दूसरी ओर छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर डीआईआई ने सोने की तस्करी करने वाले एक गिरोह पर शिकंजा कसा है। यहां चार लोगों के पास से छह करोड़ से ज्यादा का सोना बरामद किया गया है। इतना ही नहीं, राज्य में ड्रग्स की तस्करी भी बड़े पैमाने पर हो रही है। पुलिस लगातार ड्रग्स के काले कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में पुलिस ने एक करोड़ रुपये से अधिक मूल्य का मेफेड्रोन जब्त किया है। साथ ही इसकी तस्करी में शामिल दो लोगों सहित एक नाईजीरियाई को भी गिरफ्तार किया है।
DRI ने मुंबई एयरपोर्ट पर 6.21 करोड़ रुपये का सोना जब्त किया
महाराष्ट्र के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर डीआरआई ने सोने की तस्करी करने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। यहां राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने चार लोगों को गिरफ्तार किया। साथ ही उनके पास से 10 किलोग्राम से अधिक सोना जब्त किया। इसकी कीमत 6.21 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
अधिकारी ने बताया कि डीआरआई ने यह कार्रवाई शनिवार को दो अलग-अलग अभियानों के दौरान की। उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर डीआरआई की टीम ने शारजाह से एयर इंडिया एक्सप्रेस के विमान से मुंबई पहुंचे दो यात्रियों को रोका और उनकी जांच की। जांच के दौरान उनके पास से आठ 24 कैरेट सोने की छड़ें बरामद हुईं। इन छड़ों को दोनों ने अपनी कमर के चारों ओर अपने कपड़ों में छिपा रखा था। इन छड़ों का वजन आठ किलोग्राम था। पूछताछ के दौरान, डीआरआई अधिकारियों को आरोपी यात्रियों के एक अन्य सहयोगी के बारे में पता चला और उसे पकड़ लिया गया। अधिकारी ने कहा, जब्त की गई सोने की छड़ें 4.98 करोड़ रुपये की थीं।
अधिकारी ने कहा कि इसी तरह उसी दिन दुबई से आ रहे एक भारतीय नागरिक को 24 कैरेट सोने के तारों के साथ पकड़ा गया। आरोपी ने इन तारों को धातु की पट्टियों के नीचे 56 महिलाओं के पर्स में छिपाया था। उसके पास से 1.23 करोड़ रुपये मूल्य के 2.05 किलोग्राम सोने के तार बरामद किए गए।
एक करोड़ रुपये से अधिक मूल्य का मेफेड्रोन जब्त किया
वहीं, मुंबई पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक करोड़ रुपये से अधिक कीमत के मेफेड्रोन के साथ एक नाइजीरियाई नागरिक सहित दो मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद मेफेड्रोन की मात्रा 505 ग्राम बताई जा रही है। अधिकारी ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर मादक पदार्थ रोधी प्रकोष्ठ ने रविवार शाम को घाटकोपर (पूर्व) के खोखनी लेन इलाके से 58 साल एक व्यक्ति को 100 ग्राम मेफेड्रोन के साथ पकड़ा था।
अधिकारी ने कहा कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया किया कि उसने पालघर जिले के नालासोपारा रेलवे स्टेशन के पास एक नाइजीरियाई व्यक्ति से नशीला पदार्थ खरीदा था। इसके बाद, पुलिस टीम नालासोपारा पहुंचा और अन्य आरोपियों को 400 ग्राम मेफेड्रोन के साथ पकड़ा।
अधिकारी ने कहा कि दोनों को नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया गया है। दोनों को सात जून तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।
हथियारबंद लुटेरों ने सांगली में ज्वेलरी स्टोर लूटा
वहीं, पश्चिमी महाराष्ट्र के सांगली जिले में लुटेरों का खौफ कायम है। यहां लुटेरों के एक गिरोह ने एक दुकान से 14 करोड़ रुपये के आभूषण और नकदी लूट ली। पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को बताया कि यह घटना रविवार शाम की है। उन्होंने बताया कि पता चला है कि शहर के इलाके में एक व्यक्ति खुद को पुलिसकर्मी बताकर दुकान में दाखिल हुआ था। इसके बाद सात से आठ लोग दुकान में घुस गए। बाद में उनमें से एक ने रिवाल्वर से गोलियां चलाते हुए कर्मचारियों को धमकी दी। वहीं, बाकी लुटेरों ने दुकान से 80 प्रतिशत सोने के गहने और नकदी लूट ली। लूट को अंजाम देने के बाद वे धमकी देते हुए एक कार और बाइक से फरार हो गए।
पुलिस अधीक्षक बसवराज तेली ने बताया कि अपराध में इस्तेमाल किए गए दोनों वाहन मिराज रोड पर एक गांव के पास लावारिस हालत में मिले हैं। उन्होंने कहा कि हमने इस लूट की जांच और आरोपियों की तलाश के लिए नौ टीमों का गठन किया है। जल्द ही सभी की गिरफ्तारी की जाएगी।