फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   maharashtra update mumbai palghar pune crime politics education event and other news in hindi

Maharashtra: ठाणे में भाई-बहन से 2.35 करोड़ की ठगी, भिवंडी में झोलाछाप डॉक्टर्स पर शिकंजा

Sat, 11 Oct 2025 10:49 PM IST
शिवम गर्ग न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: शिवम गर्ग Updated Sat, 11 Oct 2025 10:49 PM IST
विज्ञापन
maharashtra update mumbai palghar pune crime politics education event and other news in hindi
महाराष्ट्र की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला

जेल में बंद गैंगस्टर छोटा राजन के करीबी डीके राव और उसके दो साथियों को मुंबई क्राइम ब्रांच ने शुक्रवार को रंगदारी और धमकी के मामले में गिरफ्तार किया। अधिकारी ने बताया कि राव को क्राइम ब्रांच की टीम ने शुक्रवार शाम दक्षिण मुंबई स्थित सत्र न्यायालय परिसर के बाहर से गिरफ्तार किया।

विज्ञापन


अधिकारी ने बताया, वह अदालत में सुनवाई के लिए आया था। उसे उसके साथियों अनिल सिंह और मिमित घुटा के साथ गिरफ्तार किया गया। मामले में शिकायतकर्ता ने एक बिल्डर को 1.5 करोड़ रुपये दिए थे, लेकिन बिल्डर ने पैसे वापस नहीं किए। इसके बाद बिल्डर ने राव के जरिये शिकायतकर्ता को धमकाया। राव को शनिवार को अदालत में पेश किया जाएगा। जनवरी में, राव और उसके छह साथियों को क्राइम ब्रांच ने शहर के पश्चिमी इलाके में होटल व्यवसायी से 2.5 करोड़ रुपये की जबरन वसूली की कोशिश के आरोप में गिरफ्तार किया था। 

विज्ञापन

गैंगस्टर निलेश घायवाल का पासपोर्ट रद्द कराने कोर्ट पहुंची पुणे पुलिस
फायरिंग मामले की जांच के बीच फरार गैंगस्टर निलेश घायवाल का पासपोर्ट रद्द कराने के लिए पुणे पुलिस ने शुक्रवार को विशेष मकोका अदालत का दरवाजा खटखटाया। पुलिस को शक है कि घायवाल विदेश भाग चुका है। अदालत ने पुलिस से इस अनुरोध से जुड़ी कानूनी प्रावधानों का विवरण पेश करने को कहा है। एक अधिकारी के मुताबिक, फायरिंग की जांच शुक्रवार को पुणे क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई है।
जानकारी के मुताबिक, हत्या और रंगदारी के कई मामलों में वांछित निलेश घायवाल ने अपने आपराधिक रिकॉर्ड के बावजूद पासपोर्ट हासिल कर लिया था, जिससे गृह विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं।

भिवंडी में अवैध क्लीनिक पर कार्रवाई, चार महिलाओं पर मामला दर्ज


भिवंडी शहर में बिना लाइसेंस और अवैध क्लीनिक चलाने के आरोप में चार महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। फर्जी डॉक्टरों के खिलाफ चल रही पुलिस की कार्रवाई के दौरान नगर निगम अधिकारियों और पुलिस ने गायत्री नगर और गांधी नगर इलाकों में छापेमारी की, जहां झोलाछाप डॉक्टर मरीजों का इलाज कर रहे थे और एलोपैथिक दवाइयां लिख रहे थे।

पुलिस के अनुसार भिवंडी-निजामपुर नगर निगम के चिकित्सा अधिकारी डॉ. मोहम्मद शोएब अंसारी की शिकायत के आधार पर सलमा बानो जैनुएल शेख (40), नीलम रतन चौरसिया (39), नुसरत बानो सूफियान खान (46) और नसाद बानो मुमताज अंसारी (44) के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने क्लिनिक से बड़ी मात्रा में एलोपैथिक दवाइयां, इंजेक्शन, चिकित्सा उपकरण और फर्जी डिग्री प्रमाण पत्र जब्त किए हैं। हालांकि किसी भी गिरफ्तारी नहीं हुई है।
विज्ञापन

ठाणे में ट्रेडिंग के नाम पर धोखाधड़ी, भाई-बहन से ठगे 2.35 करोड़ रुपए

ठाणे शहर में एक 46 वर्षीय महिला और उसके भाई को साइबर जालसाजों ने कथित तौर पर 2.35 करोड़ रुपए की ठगी का शिकार बनाया। साइबर ठगों ने उन्हें एक ऑनलाइन ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म पर शेयरों में निवेश करने का लालच दिया। 

पुलिस अधिकारी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि शिकायत के आधार पर पुलिस ने सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता सोशल मीडिया पर एक आरोपी के संपर्क में आए, जिसने उन्हें कुछ व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा, जो शेयर बाजार में निवेश के बारे में विशेषज्ञ सलाह देने का दावा करते थे।

अधिकारी ने बताया कि दोनों को उनके मोबाइल फोन पर एक फर्जी लिंक के जरिए एक ट्रेडिंग ऐप इंस्टॉल करने के लिए कहा गया और शेयर बाजार तथा आईपीओ निवेश पर उच्च रिटर्न का आश्वासन दिया गया था। मामले की जांच कर रहे वरिष्ठ निरीक्षक सुनील ज्ञानेश्वर वरुडे ने कहा कि पुलिस डिजिटल ट्रेल पर नजर रख रही है और उन्हें संदेह है कि इसमें कई लोग शामिल हो सकते हैं।
 

ठाणे में सब्जी विक्रेता को 14 साल पुराने हमले के मामले में 10 साल की सजा
महाराष्ट्र के ठाणे शहर की सत्र अदालत ने एक सब्जी विक्रेता को 10 साल की सजा सुनाई है। उसे यह सजा पड़ोसी पर कुल्हाड़ी से हमला करने के मामले में दी गई है, जो घटना 14 साल पहले 2011 में हुई थी।अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश आर. एस. भाकर ने 45 वर्षीय रमेश वसंत दलवी को भारतीय दंड संहिता की धारा 307 (हत्या की कोशिश) के तहत दोषी ठहराते हुए सजा सुनाई। आरोपी ने रविशंकर पंडित नामक व्यक्ति पर कुल्हाड़ी से हमला कर सिर में गंभीर चोटें पहुंचाई थीं।

यह हमला दलवी के कुत्ते और पीड़ित के बेटे के बीच हुए एक हादसे के बाद हुआ था। अदालत ने यह भी माना कि भले ही दलवी का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं था और वह अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य है, लेकिन अपराध की गंभीरता को देखते हुए कड़ी सजा जरूरी थी। अदालत ने कहा, "कानून तोड़ने वालों से सख्ती से निपटना जरूरी है। साथ ही, अदालत ने दोषी पर 3,000 रुपये का जुर्माना भी लगाया है।

लातूर में युवक ने शिक्षक की चाकू मारकर हत्या की
महाराष्ट्र के लातूर में एक 22 साल के युवक ने 32 साल के शिक्षक की चाकू मारकर हत्या कर दी। यह घटना पैसे के विवाद के कारण हुई। पुलिस ने बताया कि आरोपी आशु पंडित शिंदे ने शुक्रवार को लातूर के मराठवाडी श्मशान घाट के पास रमेश्वर बाबूराव बिरादर पर चाकू से हमला किया।

रमेश्वर, जो देओनी तहसील के पंढरपुर-गुरधाल में अनुबंध पर शिक्षक थे, किसी निजी काम के लिए लातूर आए थे। वहां उनकी शिंदे के साथ पैसे को लेकर बहस हो गई। बहस बढ़ने पर शिंदे ने चाकू निकालकर रमेश्वर पर हमला कर दिया। स्थानीय लोगों ने रमेश्वर को सरकारी मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटना के दो घंटे के भीतर आशु पंडित शिंदे को गिरफ्तार कर लिया।

हाउसिंग सोसाइटी में नाबालिग के साथ छेड़छाड़ के आरोप में चौकीदार गिरफ्तार
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक प्रमुख हाउसिंग सोसाइटी के 42 साल के चौकीदार ने एक नाबालिग लड़की के साथ छेड़छाड़ की और उसे जबरन गले लगाया। इस घटना के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि यह घटना शुक्रवार दोपहर करीब 2:30 बजे कल्याण के खडकपाड़ा इलाके में हुई।

पुलिस के अनुसार, जब लड़की सोसाइटी के लिफ्ट के पास लॉबी में थी, तब आरोपी चौकीदार ने उसके साथ गलत तरीके से छुआ और जबरन गले लगाया। लड़की ने किसी तरह खुद को छुड़ाया, लेकिन आरोपी ने उसके सामने अश्लील इशारे किए। घटना की जानकारी मिलते ही सोसाइटी के लोगों ने चौकीदार को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया। 

आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 74 (महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने के इरादे से हमला या बल प्रयोग) और पॉक्सो एक्ट के तहत खडकपाड़ा पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस जांच कर रही है। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।

मुंबई एयरपोर्ट पर 44 करोड़ की हाइड्रोपोनिक गांजा के साथ 8 यात्री गिरफ्तार
मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कस्टम विभाग ने 8 यात्रियों को हाइड्रोपोनिक गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। इनसे कुल 44 करोड़ रुपये की ड्रग्स बरामद की गई। यह कार्रवाई 8 से 11 अक्टूबर के बीच की गई। अधिकारियों के अनुसार, पकड़े गए यात्रियों के पास से कुल 44 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसे उन्होंने अपने चेक-इन बैग में छुपा रखा था। ये यात्री फुकेट, बैंकॉक और कुआलालंपुर से मुंबई पहुंचे थे।

मुंबई एयरपोर्ट पर डीआरआई ने 12.58 करोड़ का सोना जब्त किया
राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने ‘ऑपरेशन गोल्डन स्वीप’ के तहत मुंबई एयरपोर्ट पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 12.58 करोड़ रुपये का तस्करी का सोना जब्त किया है। इस मामले में 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें एयरपोर्ट स्टाफ के सदस्य भी शामिल हैं। डीआरआई अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार किए गए लोगों में दो बांग्लादेशी नागरिक, छह श्रीलंकाई नागरिक, दो 'मीट एंड ग्रीट' सेवा के कर्मचारी, दो हैंडलर और पूरा रैकेट चलाने वाला मास्टरमाइंड शामिल है।

तस्कर दुबई से सिंगापुर, बैंकॉक और ढाका जा रहे ट्रांजिट यात्रियों का इस्तेमाल करते थे, जो सोने को मोम से बने अंडाकार कैप्सूल में छिपाकर अपने शरीर के अंदर लाते थे। मुंबई पहुंचने के बाद, ये यात्री एयरपोर्ट के अंतरराष्ट्रीय डिपार्चर एरिया में मौजूद कर्मचारियों को सोना सौंपते थे, जो फिर उसे एयरपोर्ट से बाहर निकालकर आगे के लोगों तक पहुंचाते थे। इस सोना तस्करी गिरोह का संचालन मुंबई और दुबई में बैठे मास्टरमाइंड कर रहे थे। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed