फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   maharashtra update mumbai palghar pune crime politics education event and other news in hindi

Maharashtra: ड्रग तस्करी से जुड़े विधेयक में संशोधन को विधान परिषद से मंजूरी, विदर्भ में बारिश से भारी तबाही

Mon, 14 Jul 2025 01:08 PM IST
दीपक कुमार शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: दीपक कुमार शर्मा Updated Mon, 14 Jul 2025 01:08 PM IST
विज्ञापन
maharashtra update mumbai palghar pune crime politics education event and other news in hindi
महाराष्ट्र की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला

महाराष्ट्र में अब ड्रग तस्करी और नशीली दवाओं से जुड़े अपराधों को मकोका जैसे सख्त कानून के दायरे में लाया जा सकेगा। महाराष्ट्र विधान परिषद ने इससे जुड़े एक विधेयक में संशोधन को सोमवार को सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी। इससे पहले, विधानसभा ने नौ जुलाई को इसे पारित किया था। राज्यपाल की मंजूरी मिलने के बाद यह कानून प्रभावी हो जाएगा। इससे मादक पदार्थों के तस्करों पर महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम यानी मकोका के तहत कार्रवाई होगी और गिरफ्तारी के बाद उन्हें जमानत पाना मुश्किल हो जाएगा।

विज्ञापन


महाराष्ट्र के गृहराज्य मंत्री (शहरी) योगेश कदम ने कहा, दो जुलाई को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने विधान परिषद में कहा था कि सरकार मौजूदा कानूनों में संशोधन करेगी, ताकि मादक पदार्थ तस्करों पर इस कड़े अधिनियम के तहत केस दर्ज किया जा सके। सीएम फडणवीस के पास गृह मंत्रालय का प्रभार भी है। मुख्यमंत्री की घोषणा के एक सप्ताह बाद ही यह विधेयक विधानसभा में पेश किया गया और अब इसे विधानमंडल के दोनों सदनों से मंजूरी मिल गई है।
विज्ञापन


लातूर में एक उद्घाटन पर भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ताओं में टकराव
महाराष्ट्र के लातूर शहर के माजगे नगर में रविवार शाम सड़क उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान बीजेपी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी बहस और नारेबाज़ी हो गई। कांग्रेस विधायक और पूर्व मंत्री अमित देशमुख जैसे ही कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे, बीजेपी कार्यकर्ता नारे लगाते और पोस्टर लेकर पहुंच गए। बीजेपी नेताओं का आरोप था कि यह सड़क परियोजना उनकी सरकार में स्वीकृत हुई थी, लेकिन कांग्रेस इस पर अपना श्रेय लेने की कोशिश कर रही है और लोगों को गुमराह कर रही है। जवाब में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी नारेबाज़ी शुरू कर दी, जिससे दोनों गुटों के बीच हल्का टकराव हुआ। मौके पर पहुंची पुलिस ने तुरंत स्थिति संभाली और माहौल शांत कराया। किसी भी पक्ष ने पुलिस में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है। विधायक देशमुख ने बाद में कहा कि बीजेपी शहर के विकास में रोड़ा अटका रही है और शांति भंग करने की कोशिश कर रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन

 

 

मराठी विरोधई टिप्पणी पर शिवसेना (यूबीटी) कार्यकर्ताओं ने ऑटोरिक्शा चालक को पीटा
महाराष्ट्र के पालघर जिले के विरार इलाके में एक ऑटोरिक्शा चालक की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। आरोप है कि उसने मराठी भाषा के खिलाफ अपमानजनक बात की थी, जिसके बाद शिवसेना (यूबीटी) के कार्यकर्ताओं ने उसकी पिटाई कर दी। पुलिस ने कहा है कि उन्हें यह वीडियो मिला है, लेकिन अभी तक किसी ने शिकायत नहीं की है, इसलिए कोई केस दर्ज नहीं हुआ है। इस घटना पर उत्तर भारतीय समुदाय के एक नेता ने नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि राज्य में हिंसा भड़काने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने सरकार से सख्त कदम उठाने की मांग की है। उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (यूबीटी) के एक नेता ने कहा कि ऑटोरिक्शा चालक को करारा सबक सिखाया गया है। उन्होंने कहा कि अगर कोई मराठी भाषा या महाराष्ट्र का अपमान करेगा, तो उसे शिवसेना अपने तरीके से जवाब देगी।

महाराष्ट्र के जिला परिषद स्कूलों में चलेंगे आंगनवाड़ी केंद्र
महाराष्ट्र के जिला परिषद स्कूलों की खाली पड़ी कक्षाओं में अब छह साल से कम उम्र के बच्चों के लिए आंगनवाड़ी केंद्र संचालित करने की अनुमति दी जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि इस पहल पर पिछले कुछ समय से चर्चा चल रही थी। ग्रामीण विकास विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि राज्य में हजारों आंगनवाड़ी केंद्र किराए के परिसरों में संचालित होते हैं। अनियमित धन वितरण के कारण किराए, बिजली, पानी की आपूर्ति और स्वच्छता के प्रबंधन में मुश्किलें आ रही हैं। इन समस्याओं के समाधान के लिए इन केंद्रो को नजदीकी जिला परिषद द्वारा संचालित स्कूलों में स्थानांतरित करने का प्रस्ताव रखा गया था। 

 पुणे के प्रसिद्ध कैफे गुडलक का लाइसेंस रद्द
महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने पुणे के प्रसिद्ध भोजनालय 'कैफे गुडलक' का लाइसेंस अस्थायी रूप से रद्द कर दिया है। यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल होने के बाद की गई है, जिसमें कथित तौर पर इस रेस्टोरेंट के एक बन में कांच के टुकड़े दिखाई दे रहे थे। एफडीए के संयुक्त आयुक्त सुरेश अन्नापुरे ने कहा कि वीडियो सामने आने के बाद रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान रेस्टोरेंट में गंदगी और साफ-सफाई में अनियमितताएं पाई गईं। उन्होंने कहा कि हमने अगले आदेश तक रेस्टोरेंट का लाइसेंस निलंबित कर दिया है। गौरतलब है कि यह कथित घटना तब सामने आई जब एक जोड़े ने कैफे गुडलक में ऑर्डर किए गए 'बन मस्का' में कांच के टुकड़े मिलने का दावा किया। जोड़े ने इस घटना का वीडियो रिकॉर्ड किया और उसे सोशल मीडिया पर शेयर किया।

नवी मुंबई में महिला ने की आत्महत्या, लिव-इन पार्टनर पर मुकदनी दर्ज
नवी मुंबई के राबले इलाके में एक 44 वर्षीय महिला ने 8 जुलाई को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। महिला अपने 37 वर्षीय लिव-इन पार्टनर के साथ तीन साल से रह रही थी। शिकायत के अनुसार, आरोपी ने महिला से विश्वास जीतकर 10 लाख रुपये लिए और बाद में रिश्ता तोड़ने पर उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी दी। आरोपी ने महिला के साथ कई बार मारपीट और मानसिक प्रताड़ना की, जिससे उसने आत्महत्या कर ली। मृतका की बेटी की शिकायत पर राबले पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना), 77, 74, 115(2), 316(2), 351(3) और 352 के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी ने पीड़िता की बेटियों को भी धमकियां दी थीं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

रील बनाते वक्त ट्रेन पर किशोर को लगा करंट, हुई मौत
नवी मुंबई के नेरुल रेलवे स्टेशन पर एक 16 वर्ष के किशोर की रील बनाते वक्त हाई-वोल्टेज तार से करंट लगने से मौत हो गई। किशोर की पहचान अरव श्रीवास्तव के रूप में हुई है, जो बेलापुर का रहने वाला था। वह 6 जुलाई को दोस्तों संग स्टेशन गया था और एक खड़ी ट्रेन के डिब्बे पर चढ़कर रील बना रहा था। करंट लगने से उसे 60% जलन और गंभीर चोटें आईं। छह दिन इलाज के बाद उसकी मौत हो गई।

सोलापुर में संभाजी ब्रिगेड के नेता के साथ मारपीट
पुलिस ने बताया कि सोलापुर जिले के अक्कलकोट गांव में रविवार को स्वामी समर्थ पर कथित टिप्पणी को लेकर कुछ लोगों ने संभाजी ब्रिगेड के संस्थापक प्रवीण गायकवाड़ के साथ मारपीट की और उन पर स्याही फेंकी। गायकवाड़ का कहना है कि उन्हें उनके 'प्रगतिशील विचारों' की वजह से निशाना बनाया गया और यह हमला हिंदुत्व विचारधारा के समर्थकों ने किया। एक वायरल वीडियो में दिख रहा है कि दोपहर के वक्त कुछ लोग उन्हें जबरन कार से बाहर निकालते हैं और पीटते हैं। एक पुलिस अधिकारी ने बताया, 'जब गायकवाड़ अपनी कार में बैठे थे, तभी शिवधर्म फाउंडेशन से जुड़े लोगों ने उन पर स्याही फेंकी और उनकी कार को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की।' गायकवाड़ अक्कलकोट में एक शैक्षणिक संस्थान और मराठा समाज द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में भाग लेने आए थे। अक्कलकोट जगह स्वामी समर्थ की वजह से प्रसिद्ध है, जिन्हें भगवान दत्तात्रेय का अवतार माना जाता है।

जालना- नशे में धुत और क्लासरूम में बेहोश पाए जाने पर हेडमास्टर पर केस दर्ज
महाराष्ट्र के जालना जिले के भोकर्डन तहसील के टाकली गांव की जिला परिषद स्कूल के हेडमास्टर को शराब के नशे में क्लासरूम में बेहोश पाए जाने पर पुलिस ने केस दर्ज किया है। यह घटना शुक्रवार को हुई। पुलिस के अनुसार, हेडमास्टर की पहचान दामू भीमराव रोजेकर के रूप में हुई है। पूर्व सरपंच बालिराम गावंडे ने उन्हें कक्षा के फर्श पर बेहोश पड़े हुए देखा। उस वक्त स्कूल में छात्र बिना देखरेख के इधर-उधर खेल रहे थे।

जानकारी मिलते ही ब्लॉक एजुकेशन ऑफिसर एस.बी. नेव्हार स्कूल पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सहायक पुलिस उप निरीक्षक भास्कर जाधव मौके पर पहुंचे। इसके बाद रोजेकर का ब्लड अल्कोहल टेस्ट कराया गया, जिसमें शराब पीने की पुष्टि हुई। टेस्ट रिपोर्ट आने के बाद उनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।

मंदिर के पास खड़ी कार से 20 किलो गांजा बरामद, तीन गिरफ्तार
ठाणे जिले के कामठघर इलाके में एक मंदिर के पास खड़ी कार से पुलिस ने 20.66 किलो गांजा जब्त किया है, जिसकी कीमत अवैध बाजार में 4 लाख रुपये से अधिक बताई गई है। नर्पोली पुलिस ने शुक्रवार को तलाशी के दौरान गांजा कार में छुपाकर रखा हुआ पाया। कार में सवार तीन युवकों को हिरासत में लिया गया है, जिनमें दो धुले के शिरपुर से और एक मध्य प्रदेश से है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

 

विदर्भ में भारी बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित, आठ की मौत
महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में 8 और 9 जुलाई को हुई भारी बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। नागपुर और अमरावती डिविजन में भारी बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। इस तबाही में अब तक कुल आठ लोगों की मौत हो चुकी है और सैकड़ों मकानों व फसलों को नुकसान पहुंचा है।

आपदा प्रबंधन मंत्री गिरीश महाजन ने सोमवार को विधानसभा में जानकारी देते हुए कहा कि राहत और पुनर्वास के काम युद्धस्तर पर जारी हैं और सभी जिलों में प्रशासन को हाई अलर्ट पर रखा गया है ताकि पीड़ितों तक जल्द और पारदर्शी तरीके से मदद पहुंचाई जा सके। वहीं भारी बारिश से सबसे ज्यादा प्रभावित जिले में नागपुर, वर्धा, गोंदिया, भंडारा, गढ़चिरोली और चंद्रपुर जिलों में बाढ़ से भारी नुकसान हुआ है।

मादक पदार्थों के मामलों में किशोर अपराधियों की उम्र घटाकर 16 वर्ष करने की योजना- सीएम
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार को कहा कि राज्य सरकार मादक पदार्थ संबंधी मामलों में किशोर की परिभाषा तय करने की कानूनी उम्र घटाकर 16 वर्ष करने पर विचार कर रही है।

उन्होंने कहा कि कानूनी खामियों का फायदा उठाकर नाबालिगों का मादक पदार्थ तस्करी में तेजी से इस्तेमाल किया जा रहा है। गृह विभाग का भी प्रभार संभाल रहे फडणवीस ने विधानसभा में बताया कि राज्य सरकार कानूनी खामियों को दूर करने और नाबालिगों को मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल होने से रोकने के लिए संबंधित कानूनों में संशोधन करेगी। ध्यानाकर्षण प्रस्ताव पर बहस का जवाब देते हुए फडणवीस ने कहा कि सरकार ने बार-बार मादक पदार्थ की तस्करी करने वालों के खिलाफ कठोर महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) लागू करने का निर्णय पहले ही ले लिया है। फडणवीस ने कहा कि कानूनी खामियों का फायदा उठाकर नाबालिगों का इस्तेमाल मादक पदार्थों की तस्करी के लिए किया जा रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed