फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Maharashtra Thane Girl abuse bus driver Nagpur Insurance claim cannot be rejected on alcohol addiction ground

महाराष्ट्र: अन्ना हजारे दो दिन और अस्पताल में रहेंगे; 'शराब की लत' आधार पर बीमा का दावा ठुकरा नहीं सकती कंपनी

Sat, 05 Sep 2026 06:36 AM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला।
न्यूज डेस्क, अमर उजाला। Published by: ज्योति भास्कर Updated Sat, 05 Sep 2026 06:36 AM IST
विज्ञापन
Maharashtra Thane Girl abuse bus driver Nagpur Insurance claim cannot be rejected on alcohol addiction ground
महाराष्ट्र की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला

नागपुर उपभोक्ता आयोग ने एडेलवाइज टोकियो लाइफ इंश्योरेंस कंपनी को सेवा में कमी का दोषी मानते हुए एक विधवा को 50 लाख रुपये का बीमा क्लेम चुकाने का आदेश दिया है। अप्रैल 2021 में पॉलिसी लेने वाले व्यक्ति की जनवरी 2023 में मौत हो गई थी। बीमा कंपनी ने यह कहते हुए क्लेम खारिज कर दिया था कि उसने शराब की आदत और पुरानी बीमारियों की बात छिपाई थी। आयोग ने कहा कि मेडिकल फॉर्म में शराब पीने की बात पहले ही दर्ज थी। साथ ही सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार हाइपरटेंशन और डायबिटीज लाइफस्टाइल बीमारियां हैं, इसलिए इनके आधार पर क्लेम नहीं रोका जा सकता। आयोग ने 9 प्रतिशत ब्याज, मानसिक उत्पीड़न के लिए 10,000 और मुकदमे के खर्च के रूप में 10,000 रुपये देने का भी निर्देश दिया है।

विज्ञापन

स्कूल बस में बच्ची से दरिंदगी, चालक पकड़ा
महाराष्ट्र के नवी मुंबई में एक निजी स्कूल बस के ड्राइवर (30) को तीन वर्षीय बच्ची के साथ यौन उत्पीड़न के आरोप में गिरफ्तार किया गया। यह घटना कामोठे इलाके में हुई। पुलिस ने बताया कि आरोपी एक निजी बस चलाता था जो स्थानीय किंडरगार्टन और प्राइमरी स्कूल के बच्चों को लाने-ले जाने का काम करता था। बुधवार को दोपहर करीब 12:30 बजे ड्राइवर बच्चों को उनके घर छोड़ने गया था। बाकी बच्चों के उतरने के बाद, तीन साल की एक बच्ची बस में अकेली रह गई। पुलिस के मुताबिक, ड्राइवर ने उसके साथ यौन उत्पीड़न किया। घर पहुंचने पर बच्ची ने पेट दर्द की शिकायत की और अपनी दादी को उत्पीड़न के बारे में बताया। परिवार ने तुरंत स्कूल मैनेजमेंट को सूचित किया और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

विज्ञापन

बकाया बिल का भुगतान न  होने पर दो ठेकेदारों ने दी जान
महाराष्ट्र में सरकारी विभागों में वर्षों से बकाया बिलों के भुगतान नहीं होने का मुद्दा अब गंभीर रूप लेता जा रहा है। आर्थिक तंगी और भुगतान में लगातार हो रही देरी के बीच बीते 10 दिनों में दो ठेकेदारों ने आत्महत्या कर ली। वहीं, एक वर्ष में 6 ठेकेदारों के खुदकुशी करने का दावा किया जा रहा है। महाराष्ट्र राज्य कंत्राटदार (ठेकेदार) महासंघ के अनुसार, राज्य के विभिन्न सरकारी विभागों पर ठेकेदारों के 86000 करोड़ रुपये से अधिक का बिल बकाया है।

महाराष्ट्र के मेलघाट-पेंच में गिद्ध संरक्षण को बड़ी सफलता
महाराष्ट्र के मेलघाट और पेंच टाइगर रिजर्व में कैप्टिव-ब्रेड गिद्धों को दोबारा जंगल में बसाने की मुहिम सफल साबित हुई है। बीएनएचएस के मुताबिक, दिसंबर 2025 और जनवरी 2026 में छोड़े गए 29 गिद्धों में 60 से 78 फीसदी तक जीवित रहे। पेंच में 14 गिद्धों की सर्वाइवल दर 78 फीसदी और मेलघाट में 15 गिद्धों की 60 फीसदी रही। सैटेलाइट ट्रैकिंग से पता चला कि कुछ गिद्धों ने मध्य भारत के कई राज्यों में हजारों किलोमीटर की यात्रा की। पेंच में जंगली गिद्धों के घोंसलों की सफलता 2025 में बढ़कर 100 फीसदी हो गई।
विज्ञापन

शादी से इनकार पर नाबालिग को ब्लैकमेल, अश्लील स्क्रीनशॉट किए वायरल
महाराष्ट्र में 16 वर्षीय नाबालिग लड़की को ब्लैकमेल करने और उसके अश्लील स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर वायरल करने के आरोप में 23 वर्षीय जलालुद्दीन खान उर्फ सईद के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी करीब दो साल पहले फोन कॉल के जरिए लड़की के संपर्क में आया था और उस पर संबंध बनाने का दबाव डालता था। करीब 8-10 दिन पहले उसने कथित तौर पर व्हाट्सऐप वीडियो कॉल के दौरान लड़की को कपड़े उतारने के लिए मजबूर किया और स्क्रीनशॉट ले लिए। शादी का प्रस्ताव ठुकराने पर आरोपी ने 2 सितंबर को स्क्रीनशॉट इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर दिए। आरोपी पर पॉक्सो, बीएनसी और आईटी  एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।

महाराष्ट्र में 500 से ज्यादा लोगों की हिंदू धर्म में वापसी
महाराष्ट्र के पालघर जिले के विरार में जन्माष्टमी पर नए लड्डू गोपाल मंदिर का उद्घाटन हुआ। आध्यात्मिक गुरु नरेंद्राचार्यजी महाराज के मुताबिक, मंदिर में 500 से ज्यादा लोगों ने हिंदू धर्म में वापसी की। उन्होंने दावा किया कि अब तक उनका संगठन 30-40 हजार लोगों की धर्म वापसी करा चुका है।


61 लाख की मेफेड्रोन के साथ चार गिरफ्तार
राजस्थान के बालोतरा जिले में पुलिस ने 2.045 किलो मेफेड्रोन बरामद कर चार लोगों को गिरफ्तार किया। जब्त ड्रग्स की कीमत करीब 61.35 लाख रुपये बताई गई है। आरोपियों के पास से 21 लाख रुपये कीमत का वाहन भी जब्त किया गया। कार्रवाई महाराष्ट्र की मीरा-भायंदर वसई-विरार पुलिस की एंटी-नारकोटिक्स सेल ने की।

अन्ना हजारे दो दिन और अस्पताल में रहेंगे
सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे को डॉक्टरों की सलाह पर दो दिन और अस्पताल में रखा जाएगा। 89 वर्षीय हजारे का मुंबई के बॉम्बे अस्पताल में किडनी संक्रमण का इलाज चल रहा है। उनके करीबी सहयोगी दत्ता आवारी ने शनिवार को बताया कि हजारे की हालत में सुधार हो रहा है और वह अब ठीक से खाना खा रहे हैं। डॉक्टरों ने उन्हें कुछ समय और निगरानी में रखने की सलाह दी है। हजारे को सोमवार रात अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टर गौतम भंसाली ने मंगलवार को बताया था कि उनकी हालत स्थिर है और वह इलाज से ठीक हो रहे हैं। पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद ही उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिलेगी।

बस का जैक फिसलने से कंडक्टर की मौत
महाराष्ट्र के बीड शहर में बस का पंचर टायर बदलते समय जैक फिसलने से कंडक्टर की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार घटना शनिवार सुबह करीब आठ बजे महालक्ष्मी चौक के पास हुई। मृतक की पहचान 30 वर्षीय दीपक संजय काले के रूप में हुई है। वह चंपावतीनगर का रहने वाला था। पुलिस ने बताया कि दीपक बस के एक हिस्से को जैक की मदद से ऊपर उठा रहा था। इसी दौरान जैक अचानक फिसल गया और बस उसके ऊपर गिर गई। दीपक बस के नीचे दब गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।

नवी मुंबई में राजभाषा सम्मेलन की तैयारियों की समीक्षा
नवी मुंबई नगर निगम के आयुक्त कैलाश शिंदे ने शनिवार को छठे अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन की तैयारियों की समीक्षा की। यह राष्ट्रीय सम्मेलन 14 और 15 सितंबर को वाशी स्थित CIDCO प्रदर्शनी केंद्र में आयोजित होगा। गृह मंत्रालय के राजभाषा विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में देशभर से सरकारी अधिकारी, सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों के कर्मचारी और बैंकिंग क्षेत्र के अधिकारी शामिल होंगे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। बैठक में शिंदे ने अधिकारियों को यातायात व्यवस्था, कार्यक्रम स्थल की तैयारी और मेहमानों की सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों के बीच लगातार समन्वय बनाए रखने को भी कहा।

महाराष्ट्र में 500 किलो संदिग्ध गोमांस के साथ तीन गिरफ्तार
महाराष्ट्र के ठाणे जिले के भिवंडी में पुलिस ने करीब 500 किलो संदिग्ध गोमांस ले जाने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार शुक्रवार तड़के करिवली रोड पर एक पुलिसकर्मी ने कार को रुकने का इशारा किया। आरोप है कि चालक ने कार रोकने के बजाय पुलिसकर्मी को कुचलने की कोशिश की। पुलिसकर्मी ने समय रहते खुद को बचा लिया। पीछा करने के बाद पुलिस ने कार रोककर चालक शाहिद नियाज अहमद खान को गिरफ्तार किया। वाहन की तलाशी में करीब 500 किलो संदिग्ध गोमांस मिला। पुलिस ने हत्या के प्रयास और महाराष्ट्र पशु संरक्षण कानून सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

बीड में 40 हजार रुपये की कफ सिरप जब्त, आरोपी गिरफ्तार
महाराष्ट्र के बीड जिले में पुलिस ने कथित नशीली दवाओं की बिक्री के लिए ले जाई जा रही कफ सिरप की 160 बोतलें बरामद की हैं। इनकी कीमत करीब 40 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने शुक्रवार को पेत बीड थाना क्षेत्र के काला हनुमान चौक के पास कार्रवाई की। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति कफ सिरप को अवैध रूप से बेचने के लिए ले जा रहा है। इसके बाद पुलिस ने संदिग्ध व्यक्ति को रोककर उसकी तलाशी ली। उसके पास बिना लेबल वाली 160 बोतलें मिलीं। आरोपी की पहचान 28 वर्षीय आफताब सलीम खान पठान के रूप में हुई है। उसे गिरफ्तार कर NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed