Maharashtra: 'यह सरकार अवैध, इसके आदेश मानने वाले अधिकारियों पर होगी कार्रवाई', FIR होने पर भड़के संजय राउत
संजय राउत के खिलाफ मुंबई के नाका पुलिस थाने में आईपीसी की धारा 505(1)(बी) के तहत मामला दर्ज किया गया है। यह एफआईआर राउत के खिलाफ पुलिस और जनता के बीच कलह को बढ़ाने के आरोप में दर्ज की गई है।
विस्तार
शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) नेता संजय राउत ने कहा है कि महाराष्ट्र की मौजूदा सरकार अवैध है और इसके आदेश मानने वाले अधिकारियों के खिलाफ आने वाले दिनों में कार्रवाई की जाएगी। संजय राउत का यह बयान उनके खिलाफ केस दर्ज होने के बाद आया है। बता दें कि राउत के खिलाफ सरकार और लोगों के बीच वैमनस्य बढ़ाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।
'महाराष्ट्र सरकार अवैध'
संजय राउत ने कहा कि 'सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद, मुझे लगता है कि यह सरकार अवैध है और अगर कोई सरकारी अधिकारी इस सरकार के आदेश मानता है तो यह गैरकानूनी होगा। आने वाले दिनों में ऐसे अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है।'
राउत के खिलाफ दर्ज हुआ केस
बता दें कि संजय राउत के खिलाफ मुंबई के नाका पुलिस थाने में आईपीसी की धारा 505(1)(बी) के तहत मामला दर्ज किया गया है। यह एफआईआर राउत के खिलाफ पुलिस और जनता के बीच कलह को बढ़ाने के आरोप में दर्ज की गई है। संजय राउत ने अपने एक बयान में कहा था कि राज्य की मौजूदा सरकार अवैध है और अधिकारियों को इसके आदेश नहीं मानने चाहिए।
#WATCH | "I have only said that after the order of the Supreme Court, I think this govt is illegal and if the govt officials will follow the order of this govt then it will be illegal & action might be taken against them in the coming days," says Uddhav faction leader and MP… https://t.co/E45r9MmHnq pic.twitter.com/akLdwpxomR
— ANI (@ANI) May 15, 2023
बता दें कि बीते दिनों सुप्रीम कोर्ट ने महाराष्ट्र मामले पर दिए अपने फैसले में कहा कि उद्धव ठाकरे ने फ्लोर टेस्ट का सामना ही नहीं किया और खुद ही इस्तीफा दे दिया। ऐसे में अदालत इस्तीफा रद्द नहीं कर सकती और ना ही पुरानी सरकार बहाल की जा सकती है। अदालत ने ये भी कहा कि महाराष्ट्र के राज्यपाल का उद्धव सरकार से फ्लोर टेस्ट के लिए कहना गलत फैसला था। सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले को शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) अपनी जीत बता रही है।