फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   maharashtra news updates mumbai man arrest with crores diamond smuggle in tea pouches

Maharashtra: चायपत्ती के पाउच में करोड़ों के हीरों की तस्करी; ठाणे के अस्पताल में कुछ ही घंटों में कई मौतें

Sat, 12 Aug 2023 11:16 PM IST
नितिन गौतम न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई Published by: नितिन गौतम Updated Sat, 12 Aug 2023 11:16 PM IST
सार

महाराष्ट्र के ठाणे में पांच करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के मामले में पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है। आरोपियों में एक दंपति और उनकी बेटी का नाम भी शामिल है।

विज्ञापन
maharashtra news updates mumbai man arrest with crores diamond smuggle in tea pouches
सांकेतिक तस्वीर। - फोटो : सोशल मीडिया

विस्तार

महाराष्ट्र में चायपत्ती के पाउच में करोड़ों रुपये के हीरे तस्करी करने का मामला सामने आया है। सीमा शुल्क विभाग ने आरोपी को मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मुकीम रजा अशरफ मंसूरी के रूप में हुई है, जो मुंबई से दुबई जा रहा था। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है। 

विज्ञापन


डेढ़ करोड़ के हीरे बरामद
खबर के अनुसार, मुंबई के नल बाजार इलाके में रहने वाला 30 वर्षीय मुकीम रजा अशरफ मुंबई से दुबई जा रहा था। इस बीच सीमा शुल्क विभाग की एयर इंटेलीजेंस यूनिट ने मंसूरी को मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रोक लिया। जांच में मंसूरी के बैग से एक मशहूर चाय ब्रांड के पाउच बरामद हुए। जब इन पाउच की जांच की गई तो इनमें से आठ पाउचों में 34 हीरे बरामद हुए। जिनकी कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये है। आरोपी ने बताया कि उसे हीरों की तस्करी के लिए पांच हजार रुपये देने का वादा किया गया था। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ की जा रही है। 
विज्ञापन


मकोका के तहत गिरफ्तार डकैती के आरोपी रिहा
थाणे की एक विशेष अदालत ने नवी मुंबई में एक डॉक्टर के घर में सशस्त्र डकैती के मामले में छह आरोपियों को बरी कर दिया है। बता दें कि आरोपियों को मकोका के तहत गिरफ्तार किया गया था लेकिन कोर्ट ने सबूतों के अभाव में आरोपियों को रिहा करने का आदेश दिया है। विशेष (मकोका) जज अमित एम शेते ने बीती आठ अगस्त को यह आदेश दिया। आदेश में कहा गया कि अभियोग पक्ष आरोपों को साबित करने में विफल रहा है। इसके बाद कोर्ट ने गणेश मोहन विश्वकर्मा, धर्म सिंह उर्फ विराज मोहन विश्वकर्मा, विनोद किशोर वैष्णव, रोनी जेरोम लोबो, असिरुद्दीन बदरुद्दीन और हिम्मत सूरज सिंह को रिहा करने का आदेश दिया। 
विज्ञापन
विज्ञापन


पांच करोड़ की धोखाधड़ी का आरोप, पांच नामजद
महाराष्ट्र के ठाणे में पांच करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के मामले में पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है। आरोपियों में एक दंपति और उनकी बेटी का नाम भी शामिल है। आरोप है कि साल 2014 से 2023 के बीच शिकायतकर्ता के जमीन बेचने से मिले पांच करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की गई। शिकायतकर्ता ने अपनी पैतृक जमीन बेचने के लिए एक फर्म से संपर्क किया। आरोपी है कि इस जमीन को बेचकर मिले पांच करोड़ रुपये फर्म ने अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए।   

पुणे: भाजपा की पूर्व विधायक ने किया फ्लाईओवर का उद्घाटन
उधर, भाजपा की महिला शाखा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मेधा कुलकर्णी ने शनिवार को पुणे में एक नए फ्लाईओवर के उद्घाटन में भाग लिया। इससे एक दिन पहले उन्होंने दरकिनार किए जाने पर निराशा जताई थी। कुलकर्णी ने 2014 से 2019 तक भाजपा विधायक के रूप में कोथरूड विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। हालांकि, 2019 के चुनावों में तत्कालीन महाराष्ट्र भाजपा प्रमुख चंद्रकांत पाटिल के लिए रास्ता बनाने के लिए उन्हें टिकट देने से इनकार कर दिया गया। इस फैसले को निर्वाचन क्षेत्र में मजबूत प्रतिक्रिया मिली थी।

कुलकर्णी ने शुक्रवार को इस बात पर निराशा जताई कि चांदनी चौक में नए फ्लाईओवर के उद्घाटन के निमंत्रण पत्र से उनका नाम गायब है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने शनिवार को चांदनी चौक में बने मल्टीलेवल फ्लाईओवर का उद्घाटन किया। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे वीडियो लिंक के माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हुए, जबकि उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और अजित पवार समारोह में शामिल हुए।

मुंबई में फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़, पुलिस ने 12 को गिरफ्तार किया
मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने एक फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया है, जहां से एक गिरोह ने सस्ते टूर और ट्रैवल पैकेज की पेशकश के बहाने कनाडा और पूरे भारत के लोगों को ठगा था।

शनिवार को अधिकारी ने कहा कि पुलिस ने 12 लोगों को गिरफ्तार किया है और अंधेरी के पश्चिमी उपनगर मरोल में एक व्यावसायिक इमारत से चल रहे फर्जी कॉल सेंटर से 28 लैपटॉप और 40 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। अधिकारी ने कहा कि पुलिस को अभी तक इस मामले में पीड़ितों की संख्या और गिरोह से कितने पैसे का नुकसान हुआ है, इसका पता लगाना बाकी है।

नागपुर में फैक्ट्री में आग लगने से एक कर्मचारी की मौत
महाराष्ट्र के नागपुर में इकोनॉमिक एक्सप्लोसिव लिमिटेड (ईईएल) की फैक्ट्री में आग लगने से एक कर्मचारी की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया। इसकी जानकारी पुलिस ने शनिवार को दी।  ईईएल के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना सुबह करीब साढ़े सात बजे कंपनी के शिव सवांगा स्थित संयंत्र में हुई, जहां अपशिष्ट पदार्थ जलाए जा रहे थे।

उन्होंने बताया कि अपशिष्ट पदार्थों के जलने से विस्फोट हो गया, जिसमें दो कर्मचारी घायल हो गए। अधिकारी ने कहा कि गंभीर रूप से झुलसे श्रमिकों में से एक की बाद में दिन में मौत हो गई, जबकि उसका सहयोगी 40 प्रतिशत जल गया और उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

मुंबई में 1.5 करोड़ के हीरे तस्करी करने के प्रयास में एक गिरफ्तार
सीमा शुल्क विभाग ने मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से 1.49 करोड़ रुपये के हीरे को देश से बाहर तस्करी करने की कोशिश करने के आरोप में एक व्यक्ति मुक्किम रजा अशरफ मंसूरी (30) को गिरफ्तार किया है। वह दक्षिण मुंबई के नल बाजार इलाके का रहने वाला है। उसने हीरे अपने सामान में रखे चाय पाउडर के पाउच में छिपाकर रखे थे।

एक सीमा शुल्क अधिकारी ने कहा कि आरोपी को विभाग की एयर इंटेलिजेंस यूनिट ने बुधवार को उस समय गिरफ्तार किया, जब वह दुबई के लिए उड़ान भरने वाला था। उसी दौरान उसके हैंड बैगेज की जांच में एक प्रमुख चाय ब्रांड का संदिग्ध पैकेट मिला। जब पैकेट खोला गया तो उसमें 34 हीरे मिले। 1,559.68 कैरेट वजन के हीरों की कीमत 1.49 करोड़ रुपये थी। पूछताछ के दौरान यह पता चला कि मंसूरी को देश से बाहर हीरे की तस्करी के लिए 5,000 रुपये देने का वादा किया गया था।

महाराष्ट्र में नाबालिग लड़की को गर्भवती करने पर हुई 20 साल की सजा
महाराष्ट्र के ठाणे जिले की एक विशेष अदालत ने एक व्यक्ति को नाबालिग लड़की के साथ बार-बार दुष्कर्म करने और उसे गर्भवती करने के जुर्म में 20 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। विशेष पॉक्सो न्यायाधीश वी वी विरकर ने शुक्रवार को आरोपी को यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम के तहत दो मामलों में दोषी पाया सजा सुनाई। 

रोपी मोहम्मद इस्लाम को 20 साल की दोनों सजाएं एक साथ काटनी होंगी। अदालत ने आरोपी पर 30,000 रुपये का जुर्माना भी लगाया और आदेश दिया कि वसूली के बाद पूरी राशि पीड़ित को मुआवजे के रूप में दी जाए। विशेष लोक अभियोजक ने अदालत को बताया कि लड़की और आरोपी एक ही इलाके में रहते हैं। वह स्कूल छोड़ चुकी थी और अपनी मां की किराने की दुकान में मदद करती थी।

अभियोजन पक्ष ने कहा कि आरोपी दुकान पर अक्सर आता था और लड़की से दोस्ती कर ली। अप्रैल 2018 में आरोपी बच्ची को बहला फुसला कर दुकान के पास एक सुनसान जगह पर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया,  लंबे समय तक दुर्व्यवहार जारी रहा और पीड़िता मई 2019 में गर्भवती हो गई।

त्र्यंबकेश्वर मंदिर में भक्तों के लिए वीआईपी दर्शन बंद
भक्तों की भीड़ को देखते हुए, महाराष्ट्र के नासिक जिले में त्र्यंबकेश्वर मंदिर का प्रबंधन करने वाले ट्रस्ट ने श्रावण के पवित्र महीने के दौरान 15 सितंबर तक वीआईपी दर्शन बंद कर दिया है। एक अधिकारी ने शनिवार को इसकी जानकारी दी। ट्रस्ट कार्यालय के एक अधिकारी ने कहा कि इस अवधि के दौरान, भक्तों के लिए 200 रुपये की कीमत पर उपलब्ध वीआईपी दर्शन की सुविधा बंद रहेगी।

मुंबई में 40 लाख के मादक पदार्थ के साथ छह गिरफ्तार
मुंबई पुलिस के मादक द्रव्य निरोधक प्रकोष्ठ (एएनसी) ने मस्जिद बंदर इलाके से 40.8 लाख रुपये मूल्य के मेफेड्रोन रखने के आरोप में छह लोगों को गिरफ्तार किया है। इसकी जानकारी एक अधिकारी ने शनिवार को दी।  उन्होंने कहा कि एक गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए, एएनसी ने शुक्रवार को मस्जिद बंदर में कुर्ला स्ट्रीट पर जाल बिछाया और एक आरोपी को तब पकड़ लिया जब वह खेप देने पहुंचा और उसके कब्जे से 90 ग्राम प्रतिबंधित पदार्थ बरामद किया। इसके बाद आरोपी पुलिस को अन्य लोगों तक ले गए। अधिकारी ने कहा, एएनसी ने 204 ग्राम मेफेड्रोन और 15,000 रुपये नकद बरामद किए।

राकांपा कार्यकर्ता के खिलाफ मामला दर्ज
महाराष्ट्र के ठाणे शहर में पुलिस ने नगर निगम कर्मचारियों को अतिक्रमण हटाने से रोकने के आरोप में राकांपा के शरद पवार गुट के एक कार्यकर्ता के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एक अधिकारी ने शनिवार को यहां यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक, आठ अगस्त को ठाणे नगर निगम (टीएमसी) की एक टीम रबोडी इलाके में अतिक्रमण हटा रही थी, तभी एनसीपी नेता सुहास देसाई घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने कहा कि देसाई, जो राकांपा के शरद पवार गुट के जिला अध्यक्ष हैं, ने कथित तौर पर टीएमसी अधिकारियों को धमकी दी और दुर्व्यवहार किया, जिससे उन्हें कार्रवाई करने से रोकने के लिए मजबूर होना पड़ा।

कांग्रेस एमएलसी की कार को ट्रक ने मारी टक्कर
महाराष्ट्र कांग्रेस एमएलसी राजेश राठौड़ की कार को एक ट्रक ने टक्कर मार दी। वह  मुंबई से जालना जा रहे थे तभी उनके साथ यह हादसा हुआ। हालांकि उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें मारने की कोशिश की गई है, यह जानबूझकर किया गया है। एमएलसी ने दावा किया कि यह घटना 10 अगस्त को हुई और यह कथित तौर पर फर्जी जाति प्रमाण पत्र जारी करने के खिलाफ आवाज उठाने का नतीजा हो सकता है।

एमएलसी राठौड़ ने एक वीडियो जारी किया जिसमें बताया कि एक डंपर ट्रक मेरी कार से आगे निकल गया। पीछा करने के बाद, हमने ट्रक रोका। लेकिन ड्राइवर ने अहंकारपूर्वक बात की। उसके बोलने के तरीके से संकेत मिलता है कि यह एक तोड़फोड़ का प्रयास था।

ठाणे के अस्पताल में पिछले 24 घंटों में कई मौतें
महाराष्ट्र में ठाणे जिले के कलवा स्थित छत्रपति शिवाजी महाराज अस्पताल में पिछले 24 घंटों में 10 से ज्यादा मौतें दर्ज की गई हैं। इसके बाद से स्वास्थ्य विभाग में अफरातफरी का माहौल है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed