महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमण दर सबसे ज्यादा: सीएम ठाकरे ने दिए लॉकडाउन की तैयारी के निर्देश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
देश में एक बार फिर कोरोना संक्रमण बेकाबू हो गया है। भारत में लगातार दूसरे दिन रविवार को 62 हजार से अधिक कोरोना के नए मरीज मिले। देश में कोरोना से सबसे अधिक प्रभावित महाराष्ट्र है, जहां कई जिलों में लॉकडाउन लगाने के बावजदू संक्रमण के मामलों में कमी नहीं आई है। महाराष्ट्र में कोरोना की स्थिति पर चर्चा के बाद मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने अधिकारियों से कहा कि लॉकडाउन का रोडमैप तैयार किया जाए। अगर लोग लापरवाही बरतना बंद नहीं करते हैं, तो पिछले साल जैसा सख्त लॉकडाउन लगाया जाएगा। बता दें कि महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमण की दर इस समय देश में सबसे ज्यादा है। राज्य के स्वास्थ्य विभाग के अनुसार महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 40,414 नए मामले सामने आए हैं। यह अभी तक के सर्वाधिक दैनिक मामले हैं। विभाग ने बताया कि 108 लोगों की कोरोना संक्रमण के चलते मौत हुई है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार आठ राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में कोरोना वायरस संक्रमण की साप्ताहिक संक्रमण दर राष्ट्रीय औसत 5.04 फीसदी से अधिक है। महाराष्ट्र में सबसे अधिक संक्रमण दर 22.78 फीसदी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने रविवार को यह जानकारी दी। महाराष्ट्र के अलावा, जिन अन्य सात राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में राष्ट्रीय औसत से अधिक संक्रमण दर हैं, वे हैं- चंडीगढ़ (11.85 प्रतिशत), पंजाब (8.45 प्रतिशत), गोवा (7.03 प्रतिशत), पुदुचेरी (6.85 प्रतिशत), छत्तीसगढ़ (6.79 प्रतिशत), मध्य प्रदेश (6.65 प्रतिशत) और हरियाणा (5.41 प्रतिशत)।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि जांच के मामले में, 15 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में प्रति दस लाख की आबादी पर जांच की संख्या राष्ट्रीय औसत (1,74,602) की तुलना में कम है। इन राज्यों में मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र शामिल हैं। मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि भारत भर में अब तक की गई कोविड-19 जांच की कुल संख्या बढ़कर 24 करोड़ से अधिक हो गई है, जबकि कुल संक्रमण दर पांच प्रतिशत से नीचे बनी हुई है। देश का कुल टीकाकरण रविवार को छह करोड़ को पार कर गया है।
कोरोना के कहर को देखते हुए होली के मौके पर महाराष्ट्र से लेकर दिल्ली तक नई गाइडलाइंस जारी की गई है। महाराष्ट्र में बढ़ते कोरोना मामलों पर मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने रविवार को बैठक की। बैठक के बाद उद्धव ने लॉकडाउन लगाने के संकेत दिए हैं। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा कि अगर लोग नहीं कोरोना बचाव संबंधी नियम मान रहे हैं, तो लॉकडाउन का रोडमैप तैयार किया जाए। साथ ही मामले बढ़ने पर ज्यादा मौतें होने की भी आशंका जताई। उन्होंने कहा कि बढ़ते मामलों के कारण स्वास्थ सुविधाए कम पड़ने लगी है। ऐसे में दोबारा लॉकडाउन लगाना ही बेहतर रहेगा।
Maharashtra: At a meeting with senior health officials & COVID task force, CM Uddhav Thackeray instructed them to prepare for restrictions similar to lockdown if people continue to violate COVID-related rules pic.twitter.com/pMEz18UxQE
— ANI (@ANI) March 28, 2021
महाराष्ट्र में कोरोना वायरस की दूसरी लहर के बीच औरंगाबाद में लॉकडाउन का एलान किया गया है। कोरोना की रफ्तार को रोकने के लिए लगाया जा रहा यह लॉकडाउन 30 मार्च से 8 अप्रैल तक चलेगा। औरंगाबाद के जिला प्रशासन ने यह सख्त कदम उठाया है।
होली के अगले दिन से लॉकडाउन को लागू किया गया है, जिसमें सिर्फ आवश्यक सेवाओं को ही एक जगह से दूसरी जगह जाने की अनुमति दी जाएगी। बाकी सभी अन्य सर्विसेज को बंद रखा जाएगा। औरंगाबाद में पिछले कुछ दिनों से काफी मामले सामने आ रहे हैं। इससे पहले, महाराष्ट्र सरकार ने 15 अप्रैल तक राज्य में लागू कोविड-19 की पाबंदियों को आगे बढ़ाने का फैसला किया था।
मुंबई में 6923 नए मामले मिले, आठ की मौत
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में भी स्थिति बिगड़ रही है। पिछले 24 घंटों में यहां कोरोना संक्रमण के 6923 नए मामले दर्ज किए गए हैं। इसके साथ ही इसी अवधि में आठ लोगों की मौत हुई है। शहर में कोरोना संक्रमण के कुल मामलों की संख्या अब तीन लाख 98 हजार 674 हो गई है। यहां अब तक कोरोना के चलते कुल 11,649 लोगों की मौत हो चुकी है।
नागपुर में 3970 नए मामले, 58 की मौत
महाराष्ट्र के नागपुर में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस संक्रमण के 3970 नए मामले सामने आए हैं। इसी अवधि में यहां 3479 लोग ठीक हुए हैं और 58 लोगों की मौत हुई है। शहर में अब कोरोना संक्रमण के कुल मामलों का आंकड़ा दो लाख 18 हजार 820 पर पहुंच गया है। इसके अलावा अब तक यहां एक लाख 76 हजार 113 लोग इस बीमारी से ठीक हो चुके हैं और 4931 लोगों की मौत हुई है। शहर में फिलहाल कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 37,776 है।