Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Madurai Karthigai Deepam Lighting at Thiruparankundram Hill Today updates

दीपथून पर जला कार्तिगई दीपम: 30 किलो घी, 50 मीटर सूती बाती और 5 किलो कपूर से रोशन हुई पहाड़ी; उमड़े श्रद्धालु

Sat, 28 Nov 2026 04:38 PM IST
राकेश कुमार एएनआई, मदुरै।
एएनआई, मदुरै। Published by: राकेश कुमार Updated Sat, 28 Nov 2026 04:38 PM IST
सार

तमिलनाडु के मदुरै में तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित दीपथून स्तंभ पर शनिवार को कार्तिगई दीपम जलाया गया। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद यह रस्म पूरी हुई। दीप जलाने को लेकर मंदिर और दरगाह के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। कोर्ट ने मंदिर के ट्रस्ट बोर्ड को निलंबित कर हाईकोर्ट के दो सेवानिवृत्त न्यायाधीशों जस्टिस एस. वैद्यनाथन और जस्टिस वी. पार्थिबन को रिसीवर नियुक्त किया था।

विज्ञापन
Madurai Karthigai Deepam Lighting at Thiruparankundram Hill Today updates
कार्तिगई दीपम जलाया गया - फोटो : @अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

तमिलनाडु के मदुरै स्थित तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी पर शनिवार को ऐतिहासिक कार्तिगई दीपम जलाया गया। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद पहाड़ी पर बने पत्थर के स्तंभ दीपथून पर शाम पांच बजे पारंपरिक दीप प्रज्ज्वलित किया गया। इस दौरान हजारों श्रद्धालु मौजूद रहे। सुरक्षा के लिए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवान तैनात थे। दीप जलते ही श्रद्धालुओं ने भगवान मुरुगन के जयकारे लगाए। कई भक्त भावुक हो गए। कुछ ने फूल बरसाए तो कुछ ने अपने अंगवस्त्रम लहराकर खुशी जाहिर की।

विज्ञापन


50 मीटर लंबी बाती, 30 किलो घी और पांच किलो कपूर का इस्तेमाल
दीप जलाने के लिए मिट्टी के एक बड़े पात्र में करीब 50 मीटर लंबी रुई की बाती रखी गई थी। इसे 30 किलो घी में भिगोया गया था। इसके साथ पांच किलो कपूर का इस्तेमाल किया गया। शाम पांच बजे निर्धारित समय पर दीप प्रज्ज्वलित हुआ। इस मौके पर सुप्रीम कोर्ट की ओर से नियुक्त किए गए हाईकोर्ट के पूर्व न्यायाधीश भी मौजूद रहे। वे दीप जलाने के स्थान के पास बनाए गए मंच पर खड़े थे।
विज्ञापन


दीप जलने के बाद श्रद्धालुओं ने शंख बजाकर और पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ उत्सव मनाया। स्थानीय लोगों ने आतिशबाजी भी की। तमिलनाडु में कार्तिगई दीपम के अवसर पर पटाखे जलाने की परंपरा है। यह त्योहार दीपावली के कुछ दिन बाद मनाया जाता है।

विज्ञापन
विज्ञापन

 


1862 और 1912 में भी नहीं जल पाया था दीप
इस स्थान पर दीप जलाने की मांग लंबे समय से की जा रही थी। समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, इससे पहले 1862 और 1912 में भी यहां दीप जलाने के प्रयास हुए थे, लेकिन वे सफल नहीं हो सके थे। हालांकि, 19वीं सदी के मध्य से पहले इस स्थान पर दीप जलाने के प्रयास हुए थे या नहीं, इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं है।

इस मांग को लेकर 1990 के दशक की शुरुआत में हिंदू मुन्नानी संगठन ने लोगों को एकजुट करना शुरू किया। इसके बाद इस मुद्दे पर आंदोलन और कानूनी लड़ाई चली। करीब चार दशक तक चले संघर्ष के बाद शनिवार को दीपथून पर दीप जलाया गया।

कार्तिगई दीपम पर गृह मंत्री शाह ने जताई खुशी
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कार्तिगई दीपम के अवसर पर भगवान मुरुगन से सभी के सुख, स्वास्थ्य, कल्याण और समृद्धि की कामना की। उन्होंने तमिलनाडु के मदुरै स्थित तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी के दीपाथून पर दीप प्रज्वलित किए जाने के बाद सोशल मीडिया पर संदेश साझा किया।

गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, 'वेत्रिवेल मुरुगनुक्कु अरोहारा! भगवान मुरुगन अपने विजयशाली भाले से बुरी शक्तियों का नाश करते हैं और कार्तिगई दीपम का प्रकाश सभी अंधकार को दूर करता है। भगवान मुरुगन सभी को आनंद, कल्याण और समृद्धि का आशीर्वाद दें।'

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद हुई पूजा
दीप जलाने को लेकर विवाद सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा था। शुक्रवार को शीर्ष अदालत ने तमिलनाडु सरकार को अवमानना का नोटिस जारी किया था। शीर्ष अदालत ने अपने पहले के निर्देशों का जानबूझकर और खुले तौर पर उल्लंघन किए जाने पर नाराजगी जताई थी। साथ ही शनिवार को पहाड़ी पर स्थित दीपथून पर पारंपरिक दीप जलाने का आदेश दिया था।

शीर्ष अदालत ने अरुलमिगु सुब्रमण्यस्वामी मंदिर के ट्रस्टियों के बोर्ड को भी निलंबित कर दिया था। पहाड़ी और मंदिर की सुरक्षा की जिम्मेदारी सीआरपीएफ को सौंप दी थी। शीर्ष अदालत ने यह कदम राज्य पुलिस की ओर से उसके आदेशों को लागू करने में विफल रहने का हवाला देते हुए उठाया था।

इससे पहले 20 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट ने एक बार के उपाय के तौर पर दीपथून पर कार्तिगई दीपम जलाने की अनुमति दी थी। हालांकि, 24 नवंबर को दीप केवल मंदिर के पारंपरिक स्थान उचिपिल्लयार मंडपम में जलाया गया। दीपथून पर दीप नहीं जलाया गया था।

पहाड़ी पर मंदिर के साथ दरगाह और मस्जिद भी
थिरुपरनकुंड्रम पहाड़ी तमिलनाडु के प्रमुख हिंदू तीर्थस्थलों में शामिल है। यहां भगवान मुरुगन को समर्पित अरुलमिगु सुब्रमण्यस्वामी मंदिर स्थित है। पहाड़ी की चोटी के पास हजरत सुल्तान सिकंदर बादुशा औलिया की दरगाह और एक मस्जिद भी है।

दोनों धार्मिक स्थलों के बीच लंबे समय से सह-अस्तित्व रहा है, लेकिन जमीन के मालिकाना हक, आने-जाने के रास्ते और धार्मिक अधिकारों को लेकर समय-समय पर विवाद सामने आते रहे हैं। मद्रास हाईकोर्ट के फैसलों में 1920 से जुड़े दीवानी अदालत और प्रिवी काउंसिल के पुराने निर्णयों का हवाला दिया गया है। इन फैसलों के मुताबिक, पहाड़ी के ज्यादातर हिस्से पर मंदिर का अधिकार है। हालांकि, दरगाह और नेल्लीथोपे कब्रिस्तान जैसे कुछ हिस्से इससे अलग रखे गए हैं।

दीपथून पर दीप जलाने को लेकर क्यों हुआ विवाद?
विवाद की मुख्य वजह कार्तिगई दीपम जलाने का स्थान है। अब तक यह दीप उचिपिल्लयार मंडपम में जलाया जाता रहा है। लेकिन भाजपा, हिंदू संगठनों और श्रद्धालुओं के एक वर्ग की मांग थी कि दीप पहाड़ी पर मौजूद किसी ऊंचे स्थान, खासकर दीपथून पर जलाया जाए।

उनका तर्क था कि उचिपिल्लयार मंडपम पहाड़ी की चोटी पर नहीं है और श्रद्धालुओं को किसी दूसरे उपयुक्त ऊंचे स्थान पर दीप जलाने की अनुमति मिलनी चाहिए। वहीं, दरगाह प्रबंधन, हिंदू धार्मिक एवं धर्मार्थ बंदोबस्ती विभाग के नियंत्रण वाले मंदिर और तमिलनाडु के प्रमुख राजनीतिक दल लंबे समय से इस बदलाव का विरोध करते रहे हैं।


इस विवाद का इतिहास सांप्रदायिक तनाव से भी जुड़ा रहा है। 1990 के दशक की शुरुआत में इस अभियान का नेतृत्व करने वाले हिंदू मुन्नानी नेता राजगोपालन की हत्या भी हुई थी। शनिवार को दीप जलाए जाने के दौरान जिला कलेक्टर निशांत कृष्ण समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed