फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Madhya Pradesh ›   Madhya Pradesh Gwalior Several dead truck ran over people near temple casualties rescue CM hindi news updates

ग्वालियर में बड़ा हादसा: शीतला माता मंदिर जा रहे श्रद्धालुओं को ट्रक ने कुचला, 14 की मौत, 29 घायल

Sun, 18 Oct 2026 06:03 AM IST
निर्मल कांत न्यूज डेस्क, अमर उजाला।
न्यूज डेस्क, अमर उजाला। Published by: निर्मल कांत Updated Sun, 18 Oct 2026 06:03 AM IST
सार

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के पास शनिवार और रविवार की दरमियानी रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। चीनौर रोड की ढलान पर धान से भरा तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं को कुचलता हुआ प्रवेश द्वार से टकरा गया।

विज्ञापन
Madhya Pradesh Gwalior Several dead truck ran over people near temple casualties rescue CM hindi news updates
मध्य प्रदेश के ग्वालियर में सड़क हादसा - फोटो : एएनआई वीडियो ग्रैब

विस्तार

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शीतला माता मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं पर शनिवार और रविवार की दरमियानी रात मौत बनकर एक तेज रफ्तार ट्रक टूट पड़ा। चीनौर रोड पर ढलान के पास अनियंत्रित हुए धान से भरे ट्रक ने सड़क किनारे मौजूद श्रद्धालुओं और दुकानों को कुचल दिया। इसके बाद ट्रक मंदिर के प्रवेश द्वार और बाहरी दीवार से जा टकराया। हादसे में 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि 29 लोग घायल हुए हैं। मृतकों में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल हैं। घायलों में दो पुलिसकर्मी भी हैं। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस और प्रशासन की टीमें राहत-बचाव कार्य में जुट गईं। घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

विज्ञापन

रात करीब डेढ़ बजे हुआ हादसा, मंदिर के गेट से टकराया ट्रक
यह हादसा शनिवार और रविवार की दरमियानी रात करीब 1:30 बजे चीनौर रोड पर ढलान के पास हुआ। बताया जा रहा है कि नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु शीतला माता मंदिर में दर्शन के लिए पहुंच रहे थे। इसी दौरान धान से भरा एक ट्रक वहां पहुंचा और चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। तेज रफ्तार ट्रक सड़क किनारे मौजूद श्रद्धालुओं और दुकानों को कुचलता हुआ मंदिर के प्रवेश द्वार तक पहुंच गया।

विज्ञापन


ट्रक की टक्कर इतनी भीषण थी कि मंदिर की बाहरी दीवार भी ढह गई। दीवार गिरने और ट्रक की चपेट में आने से कई लोग घायल हो गए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, करीब 40 से 50 लोगों के मलबे में दबने की आशंका जताई गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस और प्रशासन की टीमों के साथ मिलकर राहत-बचाव अभियान चलाया। मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला गया और एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।

विज्ञापन
विज्ञापन

बैरिकेड तोड़कर आगे निकला ट्रक, एसएसपी ने बताई हादसे की वजह

ग्वालियर के एसएसपी धर्मवीर सिंह ने बताया कि यह बेहद दुखद हादसा है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु शीतला माता मंदिर जा रहे थे। छिनोर की तरफ से आने वाली सड़क पर ढलान काफी तेज है और इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक है। एसएसपी के मुताबिक, रात करीब डेढ़ बजे धान से भरा ट्रक वहां रोका गया था। रास्ते पर पुलिस की ओर से बैरिकेड लगाए गए थे, लेकिन ट्रक बैरिकेड तोड़कर आगे निकल गया। इसके बाद चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। ट्रक ढलान से नीचे आया और मंदिर की बाहरी दीवार तथा प्रवेश द्वार से टकरा गया। इस दौरान सड़क पर मौजूद श्रद्धालु ट्रक के नीचे कुचल गए।
एसएसपी ने बताया कि हादसे के समय मौके पर ड्यूटी कर रहे दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। दोनों का इलाज चल रहा है। उनके अनुसार, हादसे में घायल लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया। शुरुआती जानकारी में 39 लोगों को अस्पताल ले जाने की बात सामने आई थी। एसएसपी के बयान के समय 12 लोगों की मौत की जानकारी दी गई थी, जबकि अब इस हादसे में मृतकों की संख्या 14 बताई जा रही है। पांच से छह मरीजों की हालत गंभीर होने और कुछ घायलों को फ्रैक्चर आने की भी जानकारी दी गई थी। अन्य घायलों को भी इलाज मुहैया कराया जा रहा है।

चश्मदीद ने बताया- अचानक आया ट्रक, लोगों को कुचलता चला गया

हादसे के एक चश्मदीद ने बताया कि घटना रात करीब एक बजे हुई। उसने मौके पर कुछ लोगों को दम तोड़ते देखा। चश्मदीद के मुताबिक, ट्रक में जरूरत से ज्यादा सामान भरा हुआ था। ट्रक अचानक वहां पहुंचा और कई दुकानों तथा लोगों को कुचलता चला गया।
चश्मदीद ने बताया कि उसका भाई भी इस हादसे में घायल हुआ है। घटना के बाद से घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ था। लोग घायलों की मदद करने और मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालने में जुटे थे। हादसे की भयावहता के कारण मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।

कलेक्टर ने दिए जांच के निर्देश, आरटीओ की टीम करेगी ट्रक की जांच

ग्वालियर की कलेक्टर रुचिका चौहान ने बताया कि नवरात्रि के दौरान इस सड़क पर स्टॉपर और पुलिस चेक-पॉइंट लगाया गया था। इसके बावजूद ट्रक वहां तक कैसे पहुंचा और बैरिकेड तोड़कर आगे कैसे निकल गया, इसकी जांच की जा रही है।
कलेक्टर के मुताबिक, ट्रक की तकनीकी स्थिति की जांच के लिए क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) की टीम को भी मौके पर भेजा गया है। टीम ट्रक की मशीनों और तकनीकी स्थिति की जांच करेगी। इसके साथ ही यह भी पता लगाया जाएगा कि ट्रक में कोई तकनीकी खराबी आई थी या नहीं और वाहन लगातार बाईं तरफ क्यों मुड़ता चला गया। प्रशासन हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए अलग-अलग पहलुओं की जांच कर रहा है। पुलिस भी मामले की जांच में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद हादसे की परिस्थितियों और ट्रक के अनियंत्रित होने के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।

घायलों के इलाज पर प्रशासन की नजर, अस्पतालों में जांच जारी

कलेक्टर रुचिका चौहान ने बताया कि अस्पतालों में भर्ती घायलों के इलाज पर लगातार नजर रखी जा रही है। डॉक्टरों की टीमें घायलों की स्थिति के अनुसार सीटी स्कैन और एक्स-रे कर रही हैं, ताकि चोटों की गंभीरता का पता लगाकर उचित उपचार दिया जा सके।

ये भी पढ़ें: हादसों का दिन: बिहार से बंगाल तक पसरा मातम, कहीं भगदड़ बनी काल, कहीं दुर्घटना में कई मौतें; कहां कैसा मंजर?

1000 बिस्तर अस्पताल के अधीक्षक डॉ. सुधीर सक्सेना ने शुरुआती जानकारी में 13 लोगों की मौत की पुष्टि की थी। उन्होंने बताया था कि अस्पताल में 29 घायल भर्ती हैं, जिनमें सात की हालत गंभीर है। अन्य अस्पतालों में भर्ती घायलों और मृतकों से संबंधित जानकारी भी जुटाई जा रही थी।

 11 की हुई पहचान 

ग्वालियर के शीतला माता मंदिर के पास हुए भीषण सड़क हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 14 हो गई है। हादसे में जान गंवाने वाले लोगों में अब तक 11 की पहचान की जानकारी सामने आई है। मृतकों में किशोरों और युवाओं के साथ बुजुर्ग भी शामिल हैं। सभी मृतकों के नाम और पते की जानकारी इस प्रकार है।

  • सत्येंद्र गुर्जर (22 वर्ष), पुत्र जगदीश गुर्जर, निवासी महलगांव, ग्वालियर।
  • सरला तोमर (50 वर्ष), पत्नी राजेंद्र कुमार, निवासी हनुमान पहाड़ी, राजीव नगर, गुड़ा-गुड़ी का नाका, ग्वालियर।
  • गौरव परिहार (18 वर्ष), पुत्र कमलेश परिहार, निवासी बड़ा गांव खुरेरी, ग्वालियर।
  • महेश शर्मा (45 वर्ष), पुत्र मातादीन शर्मा, निवासी सहसराम, गसवानी, जिला श्योपुर।
  • विमलेश (18 वर्ष), पुत्र बबलू बघेल, निवासी महागावरा, थाना सीहोर, जिला शिवपुरी।
  • देवेश बघेल (17 वर्ष), पुत्र हरि सिंह बघेल, निवासी मावटा, थाना भितरवार।
  • प्रिंस उर्फ छोटू जाटव (16 वर्ष), पुत्र संतोष जाटव, निवासी चौहान प्याऊ, गल्ला कोठार।
  • शौर्य शर्मा (15 वर्ष), पुत्र संजय शर्मा, निवासी सहसराम गोस्वामी, जिला शिवपुरी।
  • हेमंत राठौड़ (21 वर्ष), पुत्र जबर सिंह राठौड़, निवासी यादव धर्म कांटा, हजीरा, ग्वालियर।
  • दिव्यांश (16 वर्ष), पुत्र अशोक कुशवाहा, निवासी महेशपुरा, सिकंदर कंपू, ग्वालियर।
  • पवन (23 वर्ष), पुत्र विद्याराम राठौर, निवासी गदाईपुर, हजीरा, ग्वालियर।


हादसे में मृतकों की संख्या 14 बताई गई है, जबकि उपलब्ध जानकारी के अनुसार अब तक 11 मृतकों के नाम और पते सामने आए हैं। शेष मृतकों की पहचान संबंधी जानकारी की पुष्टि होना बाकी है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed