Big News: निलंबित सांसदों को कक्ष, लॉबी और दीर्घाओं में प्रवेश पर रोक, लोकसभा सचिवालय ने जारी किया नोटिस
तमिलनाडु के राज्यपाल आरएन रवि ने भारी बारिश और भीषण बाढ़ के कारण 21 दिसंबर को होने वाले क्रिसमस का जश्न रद्द कर दिया है। तमिलनाडु राजभवन ने ट्वीट कर बताया कि भारी बारिश और भीषण बाढ़ के कारण तमिलनाडु के दक्षिणी जिलों में स्थिति गंभीर हो गई है।
विस्तार
ससंद के पूरे सत्र से निलंबित सासंदों के लिए लोकसभा सचिवालय ने एक नोटिस जारी किया है। नोटिस में निलंबित सांसदों के लिए ससंद कक्ष, लॉबी और दीर्घाओं में प्रवेश करने पर रोक लगाई गई है।
Lok Sabha Secretariat issues circular for the suspended MPs barring them from entering the Parliament chamber, lobby and galleries. pic.twitter.com/R8nPO8AWVV
— ANI (@ANI) December 19, 2023विज्ञापन
तमिलनाडु में बाढ़-बारिश के कारण क्रिसमस का जश्न रद्द
तमिलनाडु के राज्यपाल आरएन रवि ने भारी बारिश और भीषण बाढ़ के कारण 21 दिसंबर को होने वाले क्रिसमस का जश्न रद्द कर दिया है। तमिलनाडु राजभवन ने ट्वीट कर बताया कि भारी बारिश और भीषण बाढ़ के कारण तमिलनाडु के दक्षिणी जिलों में स्थिति गंभीर हो गई है। इसे देखते हुए क्रिसमस उत्सव को रद्द करने का निर्णय लिया गया है। भारतीय वायुसेना राज्य के विभिन्न इलाकों में राहत बचाव कार्य कर रही है।
#WATCH | Tamil Nadu: Tirunelveli District Collector KP Karthikeyan gives details on the flood situation in the district, says, "Total casualties are nine..." (19.12) pic.twitter.com/jMysCKJDfx
— ANI (@ANI) December 19, 2023
केरल में राज्यपाल के सीनेट प्रत्याशियों को केपीसीसी प्रमुख का समर्थन
केरल कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष और कांग्रेस कार्यकर्ता आमने-सामने हो गए हैं। दरअसल, हाल ही में राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने विश्वविद्यालय सीनेट में संघ द्वारा समर्थित लोगों को नामांकन के लिए खड़ा किया गया, जिसका कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध किया। इस बीच मंगलवार को नई दिल्ली में केरल कांग्रेस प्रमुख के सुधाकरन ने कहा कि संघ परिवार भी लोकतंत्र के अधीन है। संघ भी एक पार्टी है। सिर्फ पार्टी के कारण योग्य व्यक्तियों के नामांकन का विरोध करना सही नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जांच करेगी कि राज्यपाल द्वारा नामित उम्मीदवार योग्य और पात्र भी है या नहीं।
पुणे पुलिस ने आरोपियों को पकड़ा
पुणे पुलिस की डिटेक्शन शाखा ने कोंढवा इलाके से दो हिस्ट्रीशीटर अपराधियों और मध्य प्रदेश के एक आग्नेयास्त्र आपूर्तिकर्ता सहित तीन लोगों को पकड़ा है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से सात अवैध पिस्तौल और 24 जिंदा कारतूस जब्त किए गए हैं। जिनकी अनुमानित कीमत 3.62 लाख रुपये है। कोंढवा पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संतोष सोनवणे के नेतृत्व में शहर भर में गहन तलाशी अभियान चलाया गया। आरोपियों की पहचान हो गई है। केस दर्ज कर लिया है। जांच की जा रही है।
बढ़ते विवाद के बीच आडवाणी और जोशी को राममंदिर समारोह का न्योता
विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने बढ़ते विवाद को देखते हुए मंगलवार को अयाेध्या में राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होने के लिए भाजपा के दिग्गज नेता लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी को निमंत्रण दिया है। बता दें कि राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने दोनों नेताओं से उनकी वृद्धावस्था के कारण राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में में नहीं आने का ‘अनुरोध’ किया था। इसके बाद विवाद हो गया था। विहिप ने सोशल मीडिया पर लिखा, राम मंदिर आंदोलन के पुरोधा आदरणीय लालकृष्ण आडवाणी और आदरणीय डॉ. मुरली मनोहर जोशी को अयोध्या में 22 जनवरी, 2024 को राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में आने का निमंत्रण दिया गया है। भाजपा के दोनों दिग्गजों ने कहा है कि वे 22 जनवरी के कार्यक्रम में शामिल होने की पूरी कोशिश करेंगे।
शुआट्स के कुलपति व अफसरों को गिरफ्तारी से अंतरिम संरक्षण
सुप्रीम कोर्ट ने एक महिला को ईसाई धर्म में कथित तौर पर जबरन धर्म परिवर्तन कराने से जुड़े एक मामले में सैम हिगिनबॉटम यूनिवर्सिटी ऑफ एग्रीकल्चर टेक्नोलॉजी एंड साइंस (शुआट्स) के कुलपति और अन्य अधिकारियों को गिरफ्तारी से अंतरिम सुरक्षा प्रदान की। जस्टिस अनिरुद्ध बोस की अवकाशकालीन पीठ ने कुलपति राजेंद्र बिहारी लाल और निदेशक विनोद बिहारी लाल समेत शुआट्स के 5 अधिकारियों के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी रद्द करने से मना करने वाले हाईकोर्ट के आदेश के खिलाफ विशेष अनुमति याचिका पर सुनवाई कर रही थी। इन पर एक महिला को नौकरी और अन्य प्रलोभन देकर ईसाई धर्म अपनाने के लिए राजी करने का आरोप है। हाईकोर्ट ने कहा था कि पृथ्वी पर कोई भी सच्चा धर्म पुजारी या बाबाओं के कदाचार को मंजूरी नहीं देगा। सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट के इस आदेश पर 12 जनवरी तक या मामले में अगला आदेश पारित होने तक (जो भी पहले हो) रोक लगा दी है।
पीएम मोदी के केरल दौरे में बदलाव, अब 3 को कार्यक्रम
केरल के त्रिशूर में होने वाले पीएम मोदी के कार्यक्रम को तीन जनवरी के लिए पुनर्निर्धारित किया है। भाजपा के प्रदेश प्रमुख के सुरेंद्रन ने मंगलवार को कहा कि यह कार्यक्रम पहले 2 जनवरी को निर्धारित था, लेकिन पीएम की सुविधा के अनुसार इसे स्थगित कर दिया गया। इस दौरान त्रिशूर के थेक्किंकडु मैदान में आयोजित होने वाले स्त्री शक्ति मोदिक ओप्पम कार्यक्रम में प्रधानमंत्री दो लाख से अधिक महिलाओं को संबोधित करेंगे।
ओडिशा में एक करोड़ से अधिक की हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार
ओडिशा के क्योंझार जिले में पुलिस ने एक करोड़ से अधिक मूल्य की हेरोइन जब्त कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि गुप्त सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जोड़ियाघाटी इलाके में छापा मारा और एक तस्कर से 1.80 किलो हेरोइन बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
गीता पाठ कार्यक्रम के दिन टीईटी, तिथि बदलने से हाईकोर्ट ने किया इनकार
कलकत्ता हाईकोर्ट ने मंगलवार को बंगाल में शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) की तारीख बदलने के लिए भाजपा सांसद दिलीप घोष और एक अन्य व्यक्ति की अपील खारिज कर दी, क्योंकि यह परीक्षा 24 दिसंबर को होने वाली है और इसी दिन गीता पाठ (एक लाख गीता पाठ) कार्यक्रम है। शहर के मध्य में होने वाले कार्यक्रम में पीएम नरेंद्र मोदी भी भाग लेंगे। इसे लेकर घोष और एक परीक्षार्थी ने परीक्षा की तारीख बदलने की अपील की थी।
मुख्य न्यायाधीश टीएस शिवगणनम और न्यायमूर्ति हिरण्मय भट्टाचार्य की खंडपीठ ने कहा कि परीक्षा की तारीख तय करने से पहले सभी कारकों पर विचार करना बंगाल प्राथमिक शिक्षा बोर्ड और प्रशासनिक अधिकारियों का काम है। सरकार और कोलकाता पुलिस सुनिश्चित करेंगे कि परीक्षार्थियों को पांच परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में किसी तरह की दिक्कत न हो।
गुजरात : पार्टी से नाराज कांग्रेस विधायक ने दिया विधानसभा से इस्तीफा
गुजरात में पार्टी नेतृत्व की कार्यप्रणाली से नाराज कांग्रेस विधायक चिराग पटेल ने मंगलवार को विधानसभा से इस्तीफा दे दिया। प्रदेश कांग्रेस में गुटबाजी का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि इसे केंद्रीय नेतृत्व सीधे दिल्ली से संचालित कर रहा है, जैसे कि वे वातानुकूलित बंगलों में बैठकर कोई रियासत चला रहे हों। उन्होंने दावा किया कि कई अन्य विधायक भी कांग्रेस में नाखुश हैं और वहां घुटन महसूस कर रहे हैं।
विधानसभा अध्यक्ष के कार्यालय के मुताबिक, आनंद जिले की खंभात सीट का प्रतिनिधित्व करने वाले पहली बार विधायक बने पटेल ने विधानसभा अध्यक्ष शंकर चौधरी को अपना इस्तीफा सौंपा, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया है। इसके साथ ही 182 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस की ताकत घटकर 16 रह गई है।
मणिपुर में फिर हिंसा चुराचांदपुर में दो महीने के लिए निषेधाज्ञा लागू
जातीय संघर्ष से जूझ रहे मणिपुर में नए सिरे से हिंसा के बाद सरकार ने चुराचांदपुर जिले में दो महीने के लिए धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी है। एक आधिकारिक आदेश में यह जानकारी दी गई है। इस पूर्वोत्तर राज्य के विभिन्न हिस्सों में मई के बाद से ही जातीय संघर्ष जारी है।
जिले में सोमवार को थिंगकांगफई गांव में कई स्थानों पर हिंसा की घटनाएं हुईं। जिला मजिस्ट्रेट धारुन कुमार एस ने आदेश में कहा कि लोगों के दो समूहों के बीच टकराव के कारण शांति भंग होने की आशंका अब भी है और स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। निषेधाज्ञा आदेश सोमवार को लागू किया गया और यह 18 फरवरी 2024 तक लागू रहेगा। इसके तहत पांच और उससे अधिक लोगों के एक जगह एकत्रित होने तथा हथियार रखने पर मनाही है।
आवास खाली कराने के खिलाफ महुआ की अर्जी पर 4 को सुनवाई
आधिकारिक आवास खाली कराने के नोटिस के खिलाफ तृणमूल कांग्रेस नेता महुआ मोइत्रा की याचिका पर दिल्ली हाईकोर्ट चार जनवरी को सुनवाई करेगा। हाईकोर्ट ने गौर किया कि लोकसभा से निष्कासन के खिलाफ महुआ की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट तीन जनवरी को सुनवाई करेगा। हाईकोर्ट उसके बाद महुआ की याचिका पर विचार करेगा। लोकसभा में रिश्वत लेकर सवाल पूछने के मामले में निष्कासित महुआ ने उनका घर खाली करने के नोटिस को हाईकोर्ट में चुनौती दी है।
साइबर जालसाजों को 600 सिम कार्ड मुहैया कराने वाले छह गिरफ्तार
गुजरात के द्वारका जिले में पुलिस ने साइबर जालसाजों को सिम कार्ड मुहैया कराने वाले छह लोगों को गिरफ्तार किया है। देवभूमि द्वारका के सहायक पुलिस अधीक्षक राघव जैन ने कहा कि गुजरात से लगभग 600 अवैध रूप से सक्रिय सिम कार्ड राजस्थान के एक व्यक्ति के जरिये से जालसाजों को पहुंचाए गए थे। गिरफ्तार किए गए लोगों में तीन हसन शेख, अल्ताफ शेख और आरिफ मिर्जा हैं, जो वडोदरा में सिम कार्ड खुदरा विक्रेता हैं। इनके अलावा राजस्थान के तीन निवासियों गोपाल गुर्जर, दलवीर सिंह बेनीवाल और अजरू मोहम्मद को गिरफ्तार किया गया है।
एएसपी जैन ने बताया कि जिले में दर्ज साइबर धोखाधड़ी के मामलों की जांच करते समय पुलिस ने पाया कि जालसाजों की ओर से इस्तेमाल किए गए मोबाइल सिम कार्ड वडोदरा के निवासियों के नाम पर पंजीकृत थे, लेकिन बाद में उन्हें राजस्थान से संचालित किया गया। वडोदरा से पकड़े गए तीनों आरोपी दोस्त थे और पिछले एक साल से सिम कार्ड खुदरा विक्रेता के रूप में काम कर रहे थे।
सीबीआई ने 15 हजार की रिश्वत लेते हुए डाककर्मी को दबोचा
केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने 15 हजार की रिश्वत लेते डाक सहायक को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी संजय कुमार झारखंड के पलामू जिले के डालटनगंज के डाकघर में सहायक के रूप में तैनात है। अधिकारियों के अनुसार, सीबीआई ने आरोपी को शिकायतकर्ता से 15,000 की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा। कुमार के खिलाफ सीबीआई में मामला दर्ज किया गया था।
पीएम से मिले सिद्धरमैया, 18 हजार करोड़ की सूखा राहत देने की मांग
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर 18,177.44 करोड़ रुपये की सूखा राहत जल्द जारी करने का अनुरोध किया। बता दें कि कर्नाटक सरकार ने प्रदेश के 236 तालुकों में से 223 को सूखाग्रस्त घोषित कर दिया है। पीएम को सौंपे ज्ञापन में सिद्धरमैया ने कहा कि केंद्रीय टीम दो महीने पहले दौर कर चुकी है। फसलें खराब हो गई हैं, इसलिए किसानों को जल्द ही सब्सिडी देना जरूरी है।
दोस्त और उसके परिवार के पांच सदस्यों की हत्या करने वाला गिरफ्तार
तेलंगाना के कामारेड्डी जिले में पुलिस ने अपने दोस्त और उसके परिवार के पांच सदस्यों की हत्या के आरोपी एम प्रशांत (25) को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके नाबालिग भाई और मां के अलावा भाड़े के दो सहयोगियों को भी पकड़ लिया है।
कामारेड्डी जिला पुलिस अधीक्षक सिंधु शर्मा ने कहा, प्रशांत ने 36 वर्षीय दोस्त पी प्रसाद की संपत्ति हड़पने के लिए साजिश के तहत 29 नवंबर से 13 दिसंबर के बीच तेलंगाना के विभिन्न जिलों में एक ही परिवार के छह लोगों की क्रमिक हत्याओं की घटनाओं को अंजाम दिया। प्रशांत और प्रसाद दोनों बचपन के दोस्त थे। प्रशांत ने 29 नवंबर को भाड़े के दो साथियों के साथ मिलकर निजामाबाद जिले के मकलूर गांव के पास एक वन क्षेत्र में प्रसाद की लाठियों और पत्थरों से मारकर हत्या कर दी और उसके शव को वहीं दफना दिया था। प्रशांत ने बाद में प्रसाद से मुलाकात कराने के बहाने प्रसाद की पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों को अलग-अलग तारीखों पर अपने साथ ले जाकर हत्या कर दी।
मरने वालों में प्रसाद की पत्नी, जुड़वां बच्चे, दो बहनें शामिल: मरने वालों में प्रसाद की पत्नी (29), उसके जुड़वां बच्चे, उसकी दो बहनें (23 एवं 26) भी शामिल हैं। प्रशांत ने प्रसाद की मां को भी मारने की योजना बनाई थी। हालांकि, पुलिस ने उसे बचा लिया। पुलिस ने कहा, दोनों बहनों और जुड़वा बच्चों के शव बरामद कर लिए गए हैं। प्रसाद और उसकी पत्नी के शवों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।