{"_id":"5d11b8738ebc3e133523f70e","slug":"lok-sabha-rajya-sabha-live-updates-pm-modi-will-give-answers-on-congress-allegations-today","type":"story","status":"publish","title_hn":"लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा, दिग्विजय बोले- गुजरात दंगों के लिए माफी मांगे पीएम","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा, दिग्विजय बोले- गुजरात दंगों के लिए माफी मांगे पीएम
Tue, 25 Jun 2019 01:11 PM IST
Sneha Baluni
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: Sneha Baluni
Updated Tue, 25 Jun 2019 01:11 PM IST
विज्ञापन
संसद (फाइल फोटो)
- फोटो : PTI
राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव के दौरान लोकसभा में सोमवार को कांग्रेस दल के नेता अधीर रंजन चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर विवादित टिप्पणी की, जिस पर आज भी हंगामा मच सकता है। राष्ट्रपति के अभिभाषण पर सरकार द्वारा पेश धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के जवाब के समय यह संभव है कि प्रधानमंत्री एक बार फिर अपने चिरपरिचित अंदाज में कांग्रेस समेत पूरे विपक्ष को जवाब दें। प्रधानमंत्री कालेधन पर सरकार के रुख, आर्थिक भगोड़ों पर कार्रवाई की प्रगति समेत तमाम तथ्यों को सदन के सामने रख सकते हैं। विपक्ष को बता सकते हैं कि उन्होंने पांच साल के कम समय में ऐसा क्या किया, जो देश की जनता का विश्वास मजबूती से हासिल कर पाए।
विज्ञापन
Live Updates:
- राज्यसभा में तृणमूल कांग्रेस के सांसद डेरेक ओ ब्राईन ने धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान कहा कि आज देश में कुपोषण और बेरोजगारी का संकट है। अशिक्षित लोगों की भरमार है और मानव सूचकांक में हम लीबिया से भी पीछे हैं। देश में महिलाओं और किसानों की हालत खराब है। हम महिला सांसदों की संख्या को गिनाकर ताली बजा रहे हैं लेकिन महिला सांसदों की संख्या 30 फीसदी भी नहीं है। सरकार को महिला आरक्षण विधेयक लाना चाहिए वरना पीठ थपथपाने से कुछ नहीं होगा। बेटी बचाओ पर काफी बाते हुईं लेकिन इसका बजट काफी कम है।
- राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने राष्ट्रपति के धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान कहा कि गुजरात दंगों में ढाई हजार लोगों की मौत हुई। जो व्यक्ति माफी मांगने, टोपी पहनने, प्रधानमंत्री होते हुए भी राष्ट्रपति के इफ्तार में जाने को तैयार न हो, वह अपने पहले भाषण में सबके विश्वास की बात करते हैं। प्रधानमंत्री को संविधान के प्रति आस्था दिखाने के लिए बधाई लेकिन कहीं यह सिर्फ जुमला ही तो नहीं है। आपने लोगों के मन में जो जहर भरा है उसका असर झारखंड में देखने को मिला है।
- भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या ने राष्ट्रपति के धन्यवाद प्रस्ताव के समर्थन में कहा कि मेरे जैसे युवा के लिए यहां बोलना गर्व की बात है और यह नरेंद्र मोदी के कारण संभव को सका है। मेरे जैसा सामान्य कार्यकर्ता जो सामान्य से परिवार से आता है उसका सांसद चुना जाना भाजपा की खूबसूरती है। एक चायवाला दूसरी बार प्रधानमंत्री बना है और यह लोकतंत्र के मजबूती की निशानी है। चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री पर निजी हमले हुए जो आज भी जारी हैं। विपक्ष में चुनाव में हार के लिए ईवीएम को जिम्मेदार ठहराया जा रहा है जबकि वीवपैट मिलान सही पाए गए। कांग्रेस अध्यक्ष और उनकी मां जमानत पर हैं और गुलाम नबी आजाद भाजपा को नैतिकता का पाठ पढ़ा रहे हैं।
- लोक जनशक्ति पार्टी के नेता और जमुई से सांसद चिराग पासवान ने धन्यवाद प्रस्ताव के समर्थन में कहा कि मुजफ्फरपुर में बच्चों की मौत का दुख है। उम्मीद है कि सरकार ऐसे कदम उठाएगी जिससे कि भविष्य में इस तरह की घटना नहीं होगी। पिछले पांच साल 55 साल की विसंगतियों को दूर करने का काम किया। अगले पांच साल न्यू इंडिया के निर्माण में लगेंगे। जमुई बिहार की सबसे पिछड़ी लोकसभा है और मैं वहां के विकास के लिए प्रतिबद्ध हूं। नए भारत में लोग भयमुक्त होकर काम करेंगे और बिना किसी भेदभाव के समाज के हर वर्ग का विकास होगा।
- मथुरा से सांसद हेमा मालिनी ने राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान कहा कि 2014 से देश विकास या6ा पर आगे बढ़ चुका है। महिलाओं ने बड़ी संख्या में वोट करके मोदी सरकार को सत्ता में वापस लाने का काम किया है। हर भारतीय देश को विकसित होते हुए देखना चाहता है। खुली आंखों से देखा हुआ सपना सच होता है। मैंने मोदी सरकार में खुली आंखों से सपनों को सच होते हुए देखा है। मोदी सरकार में महिला सशक्तिकरण पर काफी काम हुआ है। आज महिलाएं मेट्रो से लेकर हवाई जहाज तक चला रही हैं और सेनाओं में भी महिलाओं की भागीदारी बढ़ी है। फिल्म जगत में भी महिलाओं की हिस्सेदारी बढ़ी है।
- राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर आगे की चर्चा हुई। चर्चा में डीएमके सांसद दयानिधि मारन ने हिस्सा लेते हुए कहा कि 2014 के चुनाव में तमिलनाडु में एआईएडीएमके की ओर से चुनाव में धांधली की गई थी मगर इस बार जनता ने धनबल को खारिज करते हुए डीएमके के पक्ष में वोट किया है। जल संकट को लेकर उन्होंने कहा कि देश के दक्षिणी भाग में पानी की कमी का संकट गहराता जा रहा है। आने वाले समय में देश की आधी आबादी के पास पीने का साफ पानी नहीं होगा।
- गोरखपुर से सांसद रवि किशन ने लोकसभा में गाय का मु्द्दा उठाते हुए पूछा कि क्या सरकार गोवंश को बढ़ावा देने के लिए किसानों की मदद कर रही है। जिसके जवाब में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि आज किसान फसल से ज्यादा दूध से आमदनी कर रहे हैं। मोदी सरकार ने नई तकनीक के जरिए गाय के संरक्षण के लिए योजनाएं लागू की हैं। पहली ही कैबिनेट में पशुधन को रोग से मुक्त करने के लिए 13 हजार करोड़ रुपये दिए गए हैं।
- पश्चिमी दिल्ली से भाजपा सांसद प्रवेश वर्मा ने लोकसभा में दिल्ली के किसानों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि यहां के किसानों को अपनी फसल के सही दाम नहीं मिल रहे हैं। उन्होंने कहा किसानों को आयुष्मान भारत, पीएम किसान योजना का लाभ नहीं मिल रहा है। चुनाव से पहले राज्य सरकार ने बड़े-बड़े वादे किए थे लेकिन अब वह उनकी समस्याओं की तरफ ध्यान नहीं दे रही है। इसपर जवाब देते हुए कृषि राज्यमंत्री पुरुषोत्तम रुपाला ने कहा कि सरकार जल्द संज्ञान लेगी।
- राज्यसभा की कार्यवाही आज दोपहर दो बजे से शुरू होगी क्योंकि राज्यसभा सांसद मदन लाल सैनी का सोमवार को निधन हो गया था।
- संसद में आज पश्चिम बंगाल की मिमि चक्रवर्ती और नुसरत जहां ने पद और गोपनीयता की शपथ ली। दोनों सत्र की शुरुआत में उपस्थित न होने के कारण शपथ नहीं ले पाई थीं। दोनों सांसदों ने बांग्ला भाषा में शपथ ली और इसके बाद स्पीकर ओम बिड़ला के पैर छूकर आशीर्वाद लिया।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोकसभा को संबोधित करेंगे। माना जा रहा है कि वह अपनी सरकार के एजेंडे को पेश कर सकते हैं। इसके अलावा वह कांग्रेस के आरोपों पर क्या जवाब देते हैं यह देखना होगा।
विज्ञापन
विज्ञापन