फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Lok Sabha Election 2024 Mumbai Marine Drive Ground Reports Key issues news and updates

LS Polls: पवन बोले मोदी देश की जरूरत, तो अली को चाहिए जॉब, मरीन ड्राइव पर चला मोहब्बत और शिकवों का सिलसिला

Fri, 17 May 2024 02:02 PM IST
Ashish Tiwari आशीष तिवारी
Updated Fri, 17 May 2024 02:02 PM IST
सार

अमर उजाला डॉट कॉम ने मरीन ड्राइव पर युवाओं से बात कर सियासी मिजाज समझा। यहां मौजूद लोगों ने मुंबई और महाराष्ट्र के चुनावों से देश की सियासत को संदेश भी दिया। किसी ने बेहतर रोजगार की मांग की, तो किसी ने सरकार बदलने की बात की।

विज्ञापन
Lok Sabha Election 2024 Mumbai Marine Drive Ground Reports Key issues news and updates
मरीन ड्राइव से ग्राउंड रिपोर्ट। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

दोपहर करीब दो बजे का वक्त था। तापमान तो बहुत ज्यादा नहीं था, लेकिन चल रहीं समुद्री हवाओं ने मरीन ड्राइव के पूरे इलाके में नमी पैदा कर दी थी। कहने को तो महाराष्ट्र में वैसे भी सियासत बीते कुछ वक्त से गर्म ही चल रही है। लेकिन चुनावी माहौल में गर्मी और नमी से सियासी माहौल भी बदला है। यहां मौजूद लोगों ने मुंबई और महाराष्ट्र के चुनावों से देश की सियासत को संदेश भी दिया। किसी ने बेहतर रोजगार की मांग की, तो किसी ने सरकार बदलने की बात की। तो किसी ने देश में बेहतर हो रहे इंफ्रास्ट्रक्चर और और तेज विकास की गति के लिए मोदी और भाजपा को जरूरी बताया। अमर उजाला डॉट कॉम ने मरीन ड्राइव पर युवाओं से बात कर सियासी मिजाज समझा।
विज्ञापन


तपती दोपहर में भी मुंबई के टूरिस्ट स्पॉट पर न सिर्फ शहर बल्कि आसपास के राज्यों के लोग भी यहीं पहुंचे हुए थे। मुंबई के नागपाड़ा इलाके के रहने वाले अली खान कहते हैं, देश में बेरोजगारी इतनी बढ़ गई है कि अब सरकार बदलनी चाहिए। उनका कहना है कि बेरोजगारी की हालत यह हो चुकी है कि लोग अपना मुल्क छोड़कर दूसरे देशों में नौकरी करने जा रहे हैं। सरकार को चाहिए कि वह अपने देश में रोजगार के ऐसे साधन मुहैया कराए कि लोगों को अपना शहर छोड़ कर दूसरे देशों में न जाना पड़े। उनका कहना है कि सरकार को इसके लिए एक समय सीमा तय करनी चाहिए कि लोगों को उस वक्त तक रोजगार मिल जाए। लेकिन ऐसा न होने पर निराशा ही हाथ लग रही है। अली कहते है, उनका पहला वोट है इसलिए वह बदलाव के लिए वोट करने वाले हैं। 
विज्ञापन


यहां मौजूद साहिल खान कहते हैं कि ऐसा नहीं है कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार युवाओं को रोजगार नहीं उपलब्ध करा रही है। लेकिन जिस तरीके से उपलब्ध कराया जाना चाहिए वह नहीं हो पा रहा है। हर साल लाखों करोड़ों की संख्या में लोग पढ़ लिखकर नौकरी की तलाश भटकते हैं। यह तो सरकार की जिम्मेदारी होनी चाहिए कि उनको नौकरी मिले। इसलिए सरकार को और बेहतर करने की कोशिश करनी चाहिए। इसके अलावा हमारे देश में जिस तरीके से महंगाई बढ़ रही है, वह लोगों के बस में नहीं है। क्या सरकार ने महंगाई पर लगाम लगाने के लिए कोई प्रयास किए हैं। अगर किए भी जा रहे हैं तो कितने कारगर हैं, यह सब दिख रहा है। साहिल कहते हैं कि ऐसे में वह एक बार सरकार बदलकर नई सरकार को परखना चाहते हैं। महाराष्ट्र में जो भी सियासत चल रही है, उससे साहिल वाकिफ नहीं हैं। बस इतना पता है कि जो सरकार देश में महंगाई रोक सके और रोजगार दे सके, वह उसे वोट करेंगे। 
विज्ञापन
विज्ञापन


मुंबई में बीते कई वर्षों से काम कर रहे पवन कहते हैं कि देश को मोदी और भारतीय जनता पार्टी की बहुत जरूरत है। उनका कहना है कि जिस तरीके से देश में विकास हो रहा है। बड़े-बड़े पुल, फ्लाई ओवर और सड़कें बनाई जा रही हैं, वह देश की तरक्की की कहानी बयां कर रही हैं। पवन बताते हैं कि वे रहने वाले तो मध्यप्रदेश के हैं, लेकिन नौकरी महाराष्ट्र में कर रहे हैं। महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश की सियासत को समझाते हुए पवन कहते हैं कि आप दोनों राज्यों में हुए विकास को देख लीजिए। जहां-जहां डबल इंजन की सरकार है, वहां पर कितना विकास हुआ है। मुंबई के समूचे कोस्टल रीजन में हो रहे विकास को वह एक नजीर बताते हैं। उनका कहना है कि जिस तरीके से विकास हो रहा है, उसमें मोदी सरकार और भारतीय जनता पार्टी को लाना ही होगा। मध्यप्रदेश से ज्यादा मुंबई में संभावनाओं की बात करते हुए पवन कहते हैं कि पूरा देश एक है। इसलिए अगर मुंबई में रोजगार है, तो वह यहां आ रहे हैं। कम से कम उनके ऊपर बेरोजगारी का ठप्पा तो नहीं है। पूरी दुनिया में लोग नौकरी करने अलग-अलग जगह जाते हैं। सिर्फ बेहतर संभावनाओं के चलते ही ऐसा होता है।


यहां मौजूद संदीप कहते हैं कि देश इस वक्त मोदी और भाजपा के राज में तरक्की पर है। जिन राज्यों में भारतीय जनता पार्टी की सरकार है, वहां पर कानून व्यवस्था को आप देख लीजिए। संदीप कहते हैं कि उत्तर प्रदेश के योगी मॉडल को ही देख लिजिए। भारतीय जनता पार्टी की सरकार न सिर्फ कानून व्यवस्था का बेहतर पालन कराना जानती है, बल्कि विकास का एक रोल मॉडल भी तैयार करती है। संदीप कहते हैं कि यही वजह है कि आने वाले चुनाव में मोदी के नाम पर लोग जमकर वोट करने वाले हैं। क्योंकि जिस तरीके का विकास हो रहा है, उसके लिए मोदी और भाजपा ही जरूरी है। संदीप का मानना है कि बेरोजगारी और महंगाई की बात में दम तो है, इसलिए सरकार को अपने तमाम सकारात्मक कार्यों के साथ-साथ इस दिशा में अवश्य सोचना चाहिए। 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed