एलजी ने 'आप' मंत्रियों को दरवाजे से लौटाया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को फिनलैंड दौरे से वापस बुलाने का मुद्दा गरमा गया है। दिल्ली सरकार के दो मंत्री सत्येंद्र जैन व कपिल मिश्रा शनिवार को उपराज्यपाल से मिलने राजनिवास पहुंचे थे, लेकिन उपराज्यपाल उनसे नहीं मिले। राजभवन के मुताबिक कपिल और जैन ने मिलने का समय नहीं लिया था और न ही आने की जानकारी दी थी।
बाद में दोनों मंत्रियों ने एलजी को कोसा। मीडिया के साथ बाहर गेट पर खड़े रहने के बाद उपराज्यपाल के सचिव ने दोनों मंत्रियों से मुलाकात की। राजभवन के अनुसार, दोनों मंत्रियों ने न तो कोई पत्र सौंपा और न ही किसी तरह की जानकारी दी। उधर, सत्येंद्र जैन का कहना है कि उन्हें मिलने के लिए उपराज्यपाल ने समय नहीं दिया।
दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि जंग साहब खुद लंबी छुट्टी से अमेरिका से लौटे हैं। कहां थे, क्या कर रहे थे नहीं पता। शहर में डेंगू और चिकनगुनिया फैला हुआ था, लेकिन एलजी ने अपनी छुट्टी में 1 घंटे भी कम नहीं किए। कपिल मिश्रा ने एक वीडियो दिखाकर यह भी कहा कि उपराज्यपाल ने मेरा फोन नंबर ही ब्लॉक कर दिया है।
'शनिवार-रविवार को भी वे छुट्टी मना रहे हैं एलजी'
फोन दिखाकर कहा कि देखिए कैसे मेरा फोन उपराज्यपाल को मिलाते ही कट जाता है। उन्होंने यह भी बताया कि उपराज्यपाल से कहा गया कि अपनी छुट्टियां रद्द कर दें, लेकिन उन्होंने अपनी छुट्टी रद्द नहीं की।
शनिवार-रविवार को भी वे छुट्टी मना रहे हैं और चिकनगुनिया व डेंगू से पीड़ित दिल्ली वालों से मिलने की उन्हें फुर्सत नहीं है। कपिल ने कहा कि बेहतर होगा कि वह हमारे साथ फॉगिंग के लिए कॉलोनियों में चलें।