Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Lamp remains unlit Deepathoon despite Supreme Court permission officials now face threat contempt proceedings

तमिलनाडु: सुप्रीम कोर्ट की इजाजत के बाद भी नहीं जला दीपथून पर दीपक, अब अधिकारियों पर लटकी अवमानना की तलवार

Wed, 25 Nov 2026 07:37 PM IST
प्रशांत तिवारी एएनआई, नई दिल्ली।
एएनआई, नई दिल्ली। Published by: प्रशांत तिवारी Updated Wed, 25 Nov 2026 07:37 PM IST
सार

सुप्रीम कोर्ट की अनुमति के बावजूद मदुरै की तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित दीपथून में 24 नवंबर को पारंपरिक दीपक नहीं जलाया गया। जिला कलेक्टर ने इसकी वजह मंदिर प्रशासन की ओर से दीपक जलाने वाली टीम को मंजूरी नहीं देना बताया और अदालत से माफी मांगी।

विज्ञापन
Lamp remains unlit Deepathoon despite Supreme Court permission officials now face threat contempt proceedings
दूसरे जगह पर जलाया गया दीपक - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

मदुरै की तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित पत्थर के खंभे 'दीपथून' पर 24 नवंबर को पारंपरिक दीपक नहीं जलाया गया। खास बात यह है कि सुप्रीम कोर्ट ने चार दिन पहले ही अपने अंतरिम आदेश में इस रस्म को पूरा करने की अनुमति दी थी। इसके बावजूद दीपक नहीं जलने पर अब मामला अदालत तक पहुंच गया है। मदुरै के जिला कलेक्टर ने सुप्रीम कोर्ट में सफाई देते हुए कहा है कि मंदिर प्रशासन ने दीपक जलाने के लिए किसी टीम को अधिकृत ही नहीं किया था। वहीं, एक याचिकाकर्ता ने राज्य के अधिकारियों पर जानबूझकर कोर्ट के आदेश की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए अवमानना की याचिका दाखिल की है।
विज्ञापन


मंदिर प्रशासन ने नहीं बनाई दीपक जलाने वाली टीम
मदुरै के जिला कलेक्टर निशांत कृष्ण ने सुप्रीम कोर्ट में एक रिपोर्ट दाखिल कर बताया कि दीपथून पर दीपक जलाने के लिए जिला प्रशासन ने अपनी तरफ से पूरी तैयारी कर ली थी। समय तय करने से लेकर सुरक्षा व्यवस्था और टीम में अधिकतम 10 लोगों को शामिल करने तक की योजना तैयार थी। लेकिन मंदिर प्रबंधन की ओर से इस काम के लिए किसी टीम को अधिकृत नहीं किया गया। कलेक्टर के मुताबिक, मंदिर प्रशासन की मंजूरी के बिना जिला प्रशासन अपनी तरफ से किसी टीम को इस धार्मिक रस्म के लिए नहीं चुन सकता था।
विज्ञापन


बोर्ड की मंजूरी का इंतजार करता रहा मंदिर प्रशासन
कलेक्टर की रिपोर्ट के मुताबिक, मंदिर के कार्यकारी अधिकारी ने 22 नवंबर को उन्हें बताया था कि 10 लोगों की टीम को अधिकृत करने के लिए न्यासी बोर्ड से बातचीत की जा रही है। इसके बाद 24 नवंबर को भी अधिकारी ने कहा कि बोर्ड की मंजूरी मिलने के बाद ही आगे की तैयारी होगी और दीपक जलाने की रस्म पूरी की जाएगी। यानी जिस दिन दीपक जलाया जाना था, उस दिन भी मंदिर प्रशासन की तरफ से टीम को लेकर फैसला नहीं हो पाया था।
विज्ञापन
विज्ञापन


कलेक्टर ने भेजे दो संदेश, फिर भी नहीं बनी बात
कलेक्टर ने बताया कि उन्होंने 24 नवंबर को दोपहर 3:47 बजे मंदिर प्रशासन को संदेश भेजकर जल्द मंजूरी देने को कहा था। इसके बाद शाम 5:03 बजे एक और संदेश भेजा गया। इसमें कार्यकारी अधिकारी और मंदिर प्रबंधन से कहा गया कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के मुताबिक अधिकृत टीम के साथ तुरंत आगे बढ़ें। अगर कोई परेशानी आती है तो इसकी जानकारी उन्हें या पुलिस कमिश्नर को दी जाए। इसके बावजूद दीपथून पर दीपक जलाने की व्यवस्था नहीं हो सकी।

दूसरी जगह जला दिया गया महादीपम
कलेक्टर के अनुसार, रात करीब 8:30 बजे मंदिर के कार्यकारी अधिकारी ने उन्हें बताया कि न्यासी बोर्ड ने महादीपम को उसकी पुरानी जगह पर ही जलाने का फैसला किया है। यह जगह उचि पिल्लयार मंदिर के पास बने दीपा मंडपम में है। वहां शाम करीब 6 बजे ही दीपक जला दिया गया था। इस तरह पारंपरिक जगह पर तो दीपक जलाया गया, लेकिन सुप्रीम कोर्ट के आदेश के मुताबिक दीपथून पर रस्म पूरी नहीं हुई।

कलेक्टर ने मांगी माफी, जानबूझकर आदेश टालने से किया इनकार
सुप्रीम कोर्ट में कलेक्टर ने कहा कि उन्होंने अदालत के आदेश को लागू कराने के लिए लगातार कोशिश की और पूरी ईमानदारी से अपनी जिम्मेदारी निभाई। उन्होंने जानबूझकर आदेश की अवहेलना करने के आरोप से इनकार किया। साथ ही दीपथून पर दीपक नहीं जल पाने के लिए माफी भी मांगी। उन्होंने अदालत को यह भी भरोसा दिया कि पूरे मामले से जुड़े संदेशों और अन्य दस्तावेजों के साथ एक विस्तृत रिपोर्ट दाखिल करेंगे।

अधिकारियों के खिलाफ दायर हुई अवमानना याचिका
इस बीच, वकील वी. रामासुब्बू ने तमिलनाडु के अधिकारियों के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में अवमानना याचिका दाखिल की है। इसमें जिला कलेक्टर, मदुरै के पुलिस कमिश्नर एस. राजेंद्रन, हिंदू धार्मिक एवं धर्मार्थ बंदोबस्त विभाग के कमिश्नर टी.जी. विनय और मंदिर के कार्यकारी अधिकारी को पक्षकार बनाया गया है। याचिका में आरोप लगाया गया है कि इन अधिकारियों ने जानबूझकर सुप्रीम कोर्ट के 20 नवंबर के आदेश का पालन नहीं किया। याचिकाकर्ता ने उनके खिलाफ अवमानना की कार्रवाई शुरू करने की मांग की है।

हाईकोर्ट में पालन का भरोसा देने का भी आरोप
याचिका में यह भी कहा गया है कि अधिकारियों ने मद्रास हाईकोर्ट की मदुरै बेंच के सामने सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन करने का भरोसा दिया था, लेकिन इसके बावजूद दीपथून पर दीपक नहीं जलाया गया। याचिकाकर्ता का आरोप है कि अधिकारियों ने अदालत को आदेश के पालन के बारे में गलत जानकारी भी दी। उनका कहना है कि यह सिर्फ आदेश का पालन नहीं करने का मामला नहीं है, बल्कि अदालत के सामने दिए गए भरोसे की भी अनदेखी है।

सुप्रीम कोर्ट ने क्या दिया था आदेश?
सुप्रीम कोर्ट ने 20 नवंबर को अपने अंतरिम आदेश में कहा था कि 24 नवंबर को दीपथून पर पारंपरिक दीपक जलाया जा सकता है। इसके लिए मंदिर प्रशासन की ओर से अधिकृत सीमित टीम बनाई जानी थी। टीम में कितने लोग होंगे और कौन-कौन शामिल होगा, इसका फैसला जिला कलेक्टर को मंदिर के कार्यकारी अधिकारी, भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) और पुलिस कमिश्नर से बातचीत करके करना था। कलेक्टर को पूरी व्यवस्था की निगरानी और समन्वय की जिम्मेदारी भी दी गई थी।


ये भी पढ़ें: सुप्रीम कोर्ट: सेंथिल बालाजी के मामले में अदालत सख्त, पूछा- सरकार बदलते ही क्यों बदल जाता है मुकदमों का रुख

हाई कोर्ट ने भी पालन करने को कहा था
24 नवंबर को मद्रास हाई कोर्ट की मदुरै बेंच में भी यह मामला पहुंचा था। वहां राज्य सरकार की ओर से वरिष्ठ वकील गोपाल शंकरनारायणन ने भरोसा दिया था कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन किया जाएगा। इसके बाद हाई कोर्ट ने याचिकाओं पर आगे सुनवाई की जरूरत नहीं समझी। कोर्ट ने साफ कहा था कि कलेक्टर, पुलिस कमिश्नर, मंदिर के कार्यकारी अधिकारी और न्यासी बोर्ड सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का पालन करने के लिए बाध्य हैं। साथ ही यह भी कहा था कि सुप्रीम कोर्ट में पुनर्विचार याचिका लंबित होने का मतलब यह नहीं है कि उसके आदेश को लागू करने से बचा जा सकता है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed