देश की इन महिलाओं ने सुषमा को किडनी देने का किया ऐलान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
त्रिमूर्ति नगर (सुरक्षा विहार) निवासी कुसुमलता सिंह विदेश मंत्री सुषमा स्वराज को अपनी किडनी देना चाहती हैं। पूर्व सांसद शीला गौतम के माध्यम से इसकी जानकारी विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के निजी सचिव आनंद को दे दी गई है। मीडिया में सुषमा स्वराज की किडनी खराब होने की खबर आने के बाद कुसुमलता सिंह बेहद दुखी हैं। उनका कहना है कि उनकी किडनी सुषमा स्वराज के काम आए तो अपने को भाग्यशाली समझूंगी।
सिंचाई विभाग से सेवानिवृत्त पति चौधरी नारायण सिंह से विचार-विमर्श के बाद उन्होंने बुधवार को अपना ब्लड टेस्ट कराया। उनका ब्लड ग्रुप ए पाजिटिव है। क्षेत्रीय पार्षद दिनेश जादौन के माध्यम से इसकी खबर भाजपा नेता संजीव राजा तक पहुंची। संजीव राजा ने पूर्व सांसद शीला गौतम से बात की और उसके बाद सुषमा स्वराज के निजी सचिव तक इसकी सूचना पहुंचा दी गई है।
गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत में कुसुमलता सिंह ने बताया कि सुषमा स्वराज देश की सेवा करती हैं। वह भारतीय नारी की पहचान हैं। उनका भाषण सुनकर अच्छा लगता है। कुसुमलता सिंह एवं चौधरी नारायण सिंह ने कहा कि उनके तीन बच्चे हैं और सबकी शादी हो चुकी है। बेटा मेरठ में इंजीनियर है। 65 वर्षीय कुसुमलता के पति चौधरी नारायण सिंह भाजपा सदस्य भी हैं।
बिजनौर की महिला ने भी सुषमा स्वराज को किडनी देने की इच्छा जताई
बिजनौर की एक और महिला ने भी सुषमा स्वराज को किडनी देने की इच्छा जताई
ढाबे पर भोजन बनाने वाले ने दरियादिली दिखाई है। उसने जिंदगी और मौत से जूझ रहीं विदेश मंत्री सुषमा स्वराज को अपनी किडनी देने की इच्छा जताई है। उसने जिलाधिकारी को इस संबंध में पत्र भी लिखा है। संसद का शीतकालीन सत्र शुरू होने से पहले बुधवार को विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने अपनी किडनी खराब होने की जानकारी ट्वीट के जरिये दी थी।
उत्तराखंड के जिला नैनीताल के गांव हल्दीचौड़ जग्गी निवासी कैलाश चंद्र बजेठा शर्मा (56) यहां हाईवे पर गांव छजुपुरा के पास एक ढाबे पर रसोइयां है। उसने बृहस्पतिवार को अखबार में विदेश मंत्री सुषमा स्वराज की किडनी खराब होने के संबंध में खबर पढ़कर नेक काम करने के लिए ठान लिया। उसने जिलाधिकारी जगतराज त्रिपाठी को पत्र लिखकर सुषमा स्वराज को अपनी किडनी देने की इच्छा जताई है।
उसने पत्र में उल्लेख किया है कि सुषमा स्वराज देश की धरोहर हैं और सराहनीय काम कर रही हैं। उनका जीवन देश के लिए महत्वपूर्ण है। शर्मा ने बताया कि उसे ऐसा महसूस होता है कि एक किडनी देने पर भी उनके काम और सेहत पर कोई असर नहीं पड़ेगा। उसने बताया कि उसके परिवार में पत्नी, एक बेटा और एक बेटी है। दोनों बच्चों की शादी कर दी है। अब वे बच्चों की जिम्मेदारी से मुक्त हो गए हैं। किडनी देने के बारे में परिवार के सदस्यों को भी बता दिया है। उसे ढाबे पर हर महीने 12 हजार रुपये पगार मिलता है। आजीविका चलाने के लिए इतनी रकम काफी है।