आज हम आपको दुनिया के ऐसे एयरपोर्ट्स के बारे में बताने जा रहे हैं जो अपनी खासियतों से दुनिय भर में मशहूर हैं। कोई चारों ओर से बर्फ की वादियों से घिरा है तो कोई समुद्र के बीचों बीच बना है। चलिए जानते हैं उन एयरपोर्ट्स के बारे में-
चांगी एयरपोर्ट, सिंगापुर
सिंगापुर के चांगी एयरपोर्ट का नाम आलीशान एयरपोर्ट की लिस्ट में सबसे ऊपर आता है। यह एयरपोर्ट अपने खास डिजाइन की वजह से बहुत ही खूबसूरत लगता है। यहां से 80 एयरलाइंस 200 स्थानों के लिए जाती हैं। एक वर्ष के दौरान 6 करोड़ से भी ज्यादा लोग यहां से होकर 100 देशों में गए हैं। साल 2013 के बाद से अभी तक इसे बेस्ट एयरपोर्ट का अवॉर्ड मिल रहा है। इसकी विभिन्न खूबियों के कारण इसे अभी तक 557 अवॉर्ड मिल चुके हैं। हर 80 सेकंड में यहां से एक फ्लाइट उड़ान भरती है। इस एयरपोर्ट तक पहुंचने के लिए दिल्ली, मुंबई और चेन्नई से फ्लाइट मिल जाती है।
टोक्यो एयरपोर्ट, जापान
यह एयरपोर्ट अपने टाइम मैनेजमेंट की खासियत की वजह से मशहूर है। इसका नाम भी आलीशान हवाई अड्डों में आता है। इस एयरपोर्ट की खासियत है कि इस पर 3 टर्मिनल हैं। साल 2017 में इस एयरपोर्ट से 8 करोड़ 54 लाख लोगों ने यात्रा की है। यहां की सुविधाओं और अन्य खूबियों की वजह से इस एयरपोर्ट को दुनिया में चौथा स्थान प्राप्त है।
हांगकांग एयरपोर्ट, चीन
विश्व के दूसरे सबसे बड़े पैसेंजर टर्मिनल बिल्डिंग की वजह से यह एयरपोर्ट मशहूर है। यहां से रोज 100 एयरलाइंस 180 देशों के लिए उड़ान भरती हैं। इस आलीशान एयरपोर्ट में फ्लाइट के इंतजार के दौरान आप पार्टी भी कर सकते हैं। यहां खाने पीने और शॉपिंग की विशेष सुविधा है। चेक लाप कॉक द्वीप पर बना ये एयरपोर्ट दुनिया के 10 सबसे व्यस्तत एयरपोर्ट में से एक है।
म्यूनिख एयरपोर्ट, जर्मनी
जर्मनी के म्यूनिख शहर में स्थित इस एयरपोर्ट का नाम विश्व के अन्य आलीशान एयरपोर्ट की सूची में शुमार है। साल 2017 में 4.6 करोड़ लोगों ने यहां से यात्रा की। यह मुख्य रूप से शॉपिंग के लिए मशहूर है। यहां का आर्किटेक्चर तो खास है ही साथ ही यहां मिलने वाले खाने पीने की चीजें भी खास हैं। यहां 200 से ज्यादा जगहों पर शॉपिंग और खाने पीने की जगह हैं।