संसद में हाजिरी के मामले में किरण खेर राजनेताओं से भी आगे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
संसद में अभिनेता-कलाकारों की अनुपस्थिति वैसे तो नई बात नहीं है लेकिन व्यस्तता के बावजूद यदि संसदीय कार्यवाही में कोई कलाकार लगातार राजनेताओं से भी ज्यादा उपस्थिति दर्ज कराता है तो वह वाकई तारीफ के काबिल है। चंडीगढ़ से भाजपा सांसद किरण खेर संसद में 85 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज कराकर कलाकारों में अव्वल रही हैं।
गैर-लाभकारी संस्था पीआरएस लेजिस्लेटिव रिसर्च के मुताबिक, खेर के बाद अहमदाबाद पूर्व से भाजपा सांसद परेश रावल, वीरभूम से तृणमूल कांग्रेस सांसद शताब्दी राय और भोजपुरी गायक-अभिनेता तथा उत्तर पूर्वी दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी की संसद में उपस्थिति दर्ज की गई है। संसदीय कार्यवाही में इन सभी कलाकारों की उपस्थिति 76 प्रतिशत दर्ज की गई।
लोकसभा सांसदों की उपस्थिति का राष्ट्रीय औसत 82 प्रतिशत जबकि राज्यसभा में 79 प्रतिशत रहा। मथुरा की सांसद हेमा मालिनी की उपस्थिति मात्र 37 प्रतिशत रही। उन्होंने 10 चर्चाओं में हिस्सा लिया और 113 प्रश्न पूछे। घाटल से टीएमसी सांसद देव अधिकारी की उपस्थिति तो मात्र नौ प्रतिशत रही।
रेखा हैं सबसे पीछे
तृणमूल से ही राज्यसभा सांसद और अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती का भी उपस्थिति रिकॉर्ड सिर्फ 10 प्रतिशत रहा। अप्रैल 2014 में उच्च सदन के सांसद बने इस 66 वर्षीय कलाकार ने न तो कोई प्रश्न पूछा और न ही किसी चर्चा में हिस्सा लिया।
संसद में अभिनेत्री रेखा की उपस्थिति की बात की जाए तो उन्होंने महज 5 प्रतिशत उपस्थिति के साथ बहुत खराब मिसाल पेश की है। अप्रैल 2012 में राज्यसभा सांसद बनीं रेखा ने भी एक भी प्रश्न नहीं पूछा और न ही किसी चर्चा में हिस्सा लिया।
इस मामले में तृणमूल सांसद मुनमुन सेन और तापस पॉल की उपस्थिति क्रमश: 70 और 64 प्रतिशत रही। गुरदासपुर से भाजपा सांसद विनोद खन्ना की संसद में 59 प्रतिशत उपस्थिति रही। हास्य कलाकार से राजनेता बने भगवंत मान पंजाब के संगरूर से आम आदमी पार्टी के सांसद हैं और संसद में उन्होंने 64 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज कराई है।
इस दौरान उन्होंने 79 चर्चाओं में हिस्सा लिया और 39 सवाल पूछे बीजू जनता दल से लोकसभा सांसद और उड़िया कलाकार सिद्धांत महापात्र की संसद में 68 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई जबकि इसी दल के राज्यसभा सांसद अनुभव मोहंती ने 70 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज कराई। उन्होंने 31 चर्चाओं में हिस्सा लिया और कुल 209 प्रश्न पूछे। उत्तर प्रदेश से सपा की राज्यसभा सांसद और अभिनेत्री जया बच्चन ने कुल 74 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज कराई जबकि पटना साहिब से लोकसभा में भाजपा सांसद शत्रुघभन सिन्हा की उपस्थिति 68 प्रतिशत देखी गई। शॉटगन के नाम से मशहूर इस अभिनेता ने संसद में न तो एक भी सवाल पूछा और न ही किसी चर्चा में हिस्सा लिया।