{"_id":"6414010b6542e9b38202cc4e","slug":"karnataka-seven-out-of-10-richest-mlas-who-won-in-2018-were-from-congress-2023-03-17","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"Karnataka: 2018 में जीते सबसे अमीर 10 विधायकों में से सात कांग्रेस के थे, एक पूर्व मुख्यमंत्री भी इस सूची में","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
Karnataka: 2018 में जीते सबसे अमीर 10 विधायकों में से सात कांग्रेस के थे, एक पूर्व मुख्यमंत्री भी इस सूची में
Fri, 17 Mar 2023 02:01 PM IST
श्वेता महतो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: श्वेता महतो
Updated Fri, 17 Mar 2023 02:01 PM IST
सार
2018 के कर्नाटक विधानसभा चुनाव में जीते 97 फीसदी विधायक करोड़पति थे। इनमें से कई इस बार फिर से मैदान में नजर आ सकते हैं। 2018 में जीते विधायकों में सबसे अमीर विधायकों की बात करें तो टॉप 10 में सात कांग्रेस के टिकट पर जीते थे।
विज्ञापन
कर्नाटक विधानसभा चुनाव
- फोटो : AMAR UJALA
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कर्नाटक के विधानसभा चुनावों का एलान कभी भी हो सकता है। चुनाव तारीखों की घोषणा से पहले सभी दलों ने तैयारी शुरू कर दी है। पिछली बार जीते विधायक एक बार फिर फिर से टिकट मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं। कई विधायक ऐसे भी हैं जो 2018 में किसी और पार्टी के टिकट पर जीते थे, इस बार किसी ओर पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं।
विज्ञापन
2018 के कर्नाटक विधानसभा चुनाव में जीते 97 फीसदी विधायक करोड़पति थे। इनमें से कई इस बार फिर से मैदान में नजर आ सकते हैं। 2018 में जीते विधायकों में सबसे अमीर विधायकों की बात करें तो टॉप 10 में सात कांग्रेस के टिकट पर जीते थे। वहीं, एक-एक भाजपा, जेडीएस और केपीजेपी के टिकट पर जीते थे। आइये जानते हैं इन दस विधायकों के बारे में…
विज्ञापन
विज्ञापन
1. एन नागाराजू: 2018 में जीते विधायकों में एन नागाराजू सबसे अमीर थे। नागाराजू ने कुल 1015 करोड़ रुपये की संपत्ति घोषित की थी। नागाराजू की संपत्ति में पांच साल में दोगुने से ज्यादा का इजाफा हुआ। 2013 में उन्होंने अपनी कुल संपत्ति 470 करोड़ बताई थी। यानी, पांच साल में उनकी कुल संपत्ति में 116 फीसदी का इजाफा हुआ। नागाराजू ने अपनी आय का जरिया खेती और व्यापार बताया था। नागाराजू ने कांग्रेस के टिकट पर बेंगलुरु ग्रामीण जिले की होसाकोटे सीट से जीत दर्ज की।
2. डीके शिवकुमार: 2018 में जीते विधायकों में दूसरे सबसे अमीर विधायक डीके शिवकुमार थे। शिवकुमार रामनगरम जिले की कनकपुरा सीट से कांग्रेस के टिकट पर जीते थे। शिवकुमार ने 2018 में अपनी कुल संपत्ति 840 करोड़ रुपये घोषित की थी। पांच साल में शिवकुमार की संपत्ति में तीन गुने से ज्यादा का इजाफा हुआ। 2013 के चुनाव के दौरान उन्होंने अपनी कुल संपत्ति 251 करोड़ रुपये घोषित की थी। पांच साल में उनकी कुल संपत्ति में 588 करोड़ का इजाफा हुआ।
3. बीएस सुरेश: सबसे अमीर विधायकों की सूची में तीसरा नाम भी कांग्रेस से था। बेंगलुरु जिले की हेबल सीट से जीते बीएस सुरेश ने अपनी कुल संपत्ति 416 करोड़ रुपये बताई थी। इसमें 15 करोड़ से अधिक की चल संपत्ति और 400 करोड़ से ज्यादा की अचल संपत्ति शामिल थी।
4. आर शंकर: केपीजेपी के टिकट पर विधायक आर शंकर सबसे अमीर विधायकों की लिस्ट में चौथे नंबर पर थे। शंकर हावेरी जिले की रानेबेनर विधानसभा सीट से जीतकर विधानसभा पहुंचे। 2018 में उन्होंने अपनी कुल संपत्ति 265 करोड़ रुपये बताई थी। इसमें 35 करोड़ से ज्यादा की चल संपत्ति थी। वहीं, 229 करोड़ से अधिक की अचल संपत्ति शामिल थी। शंकर ने जीत के बाद भाजपा का दामन थाम लिया था। फिलहाल वह राज्य की भाजपा सरकार में मंत्री हैं।
5. एम कृष्णप्पा: कांग्रेस विधायक एम कृष्णप्पा 2018 में जीते सबसे अमीर विधायकों की सूची में पांचवें नंबर पर थे। 2018 में उन्होंने अपनी कुल संपत्ति 236 करोड़ रुपये बताई थी। पांच साल में उनकी संपत्ति में करीब 88 करोड़ रुपये का इजाफा हुआ। 2013 में उनकी कुल संपत्ति 147 करोड़ रुपये थी। उन्होंने अपनी आय का जरिया खेती और व्यापार बताया था।
6. रघुनाथ विश्वनाथ देशपांडे: उत्तर कन्नड़ जिले की हलियाल सीट से कांग्रेस के रघुनाथ विश्वनाथ देशपांडे जीते थे। देशपांडे 2018 में जीते सबसे अमीर विधायकों की सूची में छठवें नंबर पर थे। उन्होंने अपनी कुल संपत्ति 215 करोड़ रुपये बताई थी। पांच साल में उनकी संपत्ति करीब सौ करोड़ का इजाफा हुआ। 2013 में उनकी कुल संपत्ति 113 करोड़ रुपये से ज्यादा थी।
7. उदय बी गरुदाचर: 2018 में जीते सबसे अमीर विधायकों में सातवें नंबर पर भाजपा के उदय बी गरुदाचर थे। गरुदाचर ने चिकपेट सीट से जीत दर्ज की थी। उन्होंने अपनी कुल संपत्ति 196 करोड़ से ज्यादा बताई थी। इसमें 135 करोड़ से ज्यादा की चल और 60 करोड़ से ज्यादा की अचल संपत्ति बताई थी।
8. एन ए हरिस: शांतिनगर सीट से 2018 में कांग्रेस के टिकट पर जीते एनए हरिस सबसे अमीर विधायकों की सूची में आठवें नंबर पर थे। उन्होंने अपनी कुल संपत्ति 190 करोड़ से ज्यादा बताई थी। इसमें 114 करोड़ से ज्यादा की चल संपत्ति और 75 करोड़ से ज्यादा की अचल संपत्ति शामिल थी।
9. शमानूर शिवशंकरप्पा: दावनगेरे जिले की दावनगेरे दक्षिण सीट से जीते शमानूर शिवशंकरप्पा सबसे अमीर विधायकों की सूची में नौवें नंबर पर थे। उन्होंने अपनी कुल संपत्ति 183 करोड़ से ज्यादा बताई थी। इसमें 116 करोड़ से ज्यादा चल और 66 करोड़ से ज्यादा की अचल संपत्ति शामिल थी।
10. एच डी कुमार स्वामी: पूर्व मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी 2018 में जीते सबसे अमीर विधायकों की सूची में दसवें नंबर पर थे। उन्होंने अपनी कुल संपत्ति 167 करोड़ रुपये से ज्यादा बताई थी। इसमें से 102 करोड़ से ज्यादा की चल और 65 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति अचल संपत्ति शामिल थी।