{"_id":"5abf69114f1c1bf0618b4a62","slug":"karnataka-police-seized-a-truck-carrying-pressure-cookers-with-pictures-of-congress-leader","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"कर्नाटक चुनाव से पहले कांग्रेस पर बना 'प्रेशर', कुकर बांटने के आरोप पर भाजपा ने घेरा","category":{"title":"India News","title_hn":"भारत","slug":"india-news"}}
कर्नाटक चुनाव से पहले कांग्रेस पर बना 'प्रेशर', कुकर बांटने के आरोप पर भाजपा ने घेरा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला
Updated Sat, 31 Mar 2018 06:39 PM IST
विज्ञापन
कर्नाटक में विधानसभा चुनाव के लिए अधिसूचना जारी होने के बाद आदर्श आचार संहिता लागू हो चुकी है। बावजूद इसके राज्य में मतदाताओं को लुभाने के मामले सामने आ रहे हैं। शुक्रवार को एक वीडियो जारी हुआ, जिसमें राज्य के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया महिलाओं को दो-दो हजार रुपये के नोट बांटते हुए नजर आ रहे थे।
विज्ञापन
यह मामला अभी शांत भी नहीं हुआ कि शनिवार को कर्नाटक पुलिस ने प्रेशर कुकर से भरा एक ट्रक जब्त किया। जब्त किये गये सभी प्रेशर कुकर्स में कांग्रेस की महिला नेता लक्ष्मी हेबलकर की तस्वीर छपी हुई है। समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, यह ट्रक बेलागवी से जब्त किया गया है। उल्लेखनीय है कि हेबलकर कर्नाटक राज्य महिला कांग्रेस की अध्यक्ष हैं।
विज्ञापन
दूसरी ओर राज्य भाजपा के एक नेता अनिल बेनेक ने दावा किया कि इस ट्रक की सूचना उन्होंने पुलिस और चुनाव आयोग के अधिकारियों को दी थी। साथ ही उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल पर पहुंचने में काफी देर लगाई थी।
विज्ञापन
वहीं लक्ष्मी हेबलकर के भाई चेन्नाराज का दावा है कि जब्त किए गए कुकर उनकी फैक्टरी में बने हैं और उनका चुनाव से कोई लेना-देना नहीं है। मालूम हो कि कर्नाटक में विधानसभा की 224 सीटों के लिए 12 मई को वोट डाले जाएंगे और नतीजे 15 मई को आएंगे। भाजपा और कांग्रेस एक दूसरे पर चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन के आरोप लगा रहे हैं।