Karnataka: भ्रष्टाचार मामले में डीके शिवकुमार के खिलाफ CBI की कार्रवाई पर रोक; अमित शाह का रोड शो रद्द
हाईकोर्ट ने एजेंसी को भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत दर्ज मामले में 22 फरवरी से पहले कार्रवाई रिपोर्ट सौंपने का भी निर्देश दिया है। प्रवर्तन निदेशालय ने शिवकुमार को समन जारी किया था जबकि उनकी बेटी को सीबीआई ने नोटिस जारी किया था।
विस्तार
कर्नाटक हाईकोर्ट ने शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) के अध्यक्ष डी के शिवकुमार के खिलाफ भ्रष्टाचार के एक मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की कार्यवाही पर 24 फरवरी तक रोक लगा दी।
हाईकोर्ट ने एजेंसी को भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत दर्ज मामले में 22 फरवरी से पहले कार्रवाई रिपोर्ट सौंपने का भी निर्देश दिया है। प्रवर्तन निदेशालय ने शिवकुमार को समन जारी किया था जबकि उनकी बेटी को सीबीआई ने नोटिस जारी किया था। उन्हें 8 फरवरी को ईडी के समक्ष पेश होने के लिए कहा गया था, जिस पर उन्होंने राजनीतिक प्रतिशोध का आरोप लगाया था।
जस्टिस के. नटराजन के समक्ष शुक्रवार को कांग्रेस की ओर से पेश हुए वरिष्ठ अधिवक्ता सीएच जाधव ने दलील दी कि यह सीबीआई और ईडी द्वारा आगामी कर्नाटक विधानसभा चुनाव से पहले उनके वकील पर मानसिक दबाव बनाने का प्रयास है। कोर्ट को बताया गया कि एजेंसियां शिवकुमार और उनके परिवार को बार-बार नोटिस जारी कर रही हैं।
हाईकोर्ट ने कहा कि ये मामले 2020 के हैं। कोर्ट ने सीबीआई से पिछले दो वर्षों में जांच की प्रगति पर भी सवाल किया और एजेंसी से पूछा कि वह अंतिम रिपोर्ट कब दाखिल करेगी। कोर्ट ने सुनवाई की अगली तारीख तक कार्यवाही पर रोक लगा दी और मामले की सुनवाई स्थगित कर दी। यह मुद्दा 2017 में शिवकुमार पर आयकर छापे के साथ शुरू हुआ। आयकर विभाग द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर ईडी ने भी उनके खिलाफ जांच शुरू कर दी है।
ईडी की जांच के आधार पर सीबीआई ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के लिए राज्य सरकार से मंजूरी मांगी थी। मंजूरी 25 सितंबर, 2019 को मिली और प्राथमिकी 3 अक्टूबर, 2020 को दर्ज की गई। शिवकुमार ने एफआईआर को हाईकोर्ट में चुनौती भी दी है।
अमित शाह का सुरक्षा कारणों से मेंगलुरु में रोड शो रद्द
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का मंगलुरू में शनिवार को प्रस्तावित रोड शो सुरक्षा कारणों से रद्द कर दिया गया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की स्थानीय इकाई ने यह जानकारी दी। गृहमंत्री अमित शाह शनिवार को दिन में पुत्तूर तालुका में कार्यक्रमों में शामिल होंगे। उनके शाम को मंगलुरु पहुंचने की संभावना है।
इससे पहले भाजपा दक्षिण कन्नड़ जिला इकाई ने शहर में उनका एक रोड शो आयोजित करने की योजना बनाई थी। पार्टी की जिला इकाई के अध्यक्ष सुदर्शन मूडबिद्री ने शुक्रवार को यहां एक बयान में कहा कि सुरक्षा कारणों से रोड शो को रद्द कर दिया गया है।
यह है कार्यक्रम
शाह यहां केंजारू स्थित श्रीदेवी कॉलेज में होने वाली भाजपा कोर समिति की बैठक में हिस्सा लेंगे। साथ ही शाम को वे पुत्तूर में कैम्पको स्वर्ण जयंती समारोह का उद्घाटन भी करेंगे। साथ ही वह धर्मश्री प्रतिष्ठान द्वारा निर्मित भारत माता मंदिर का भी उद्घाटन करेंगे और हनुमागिरी मंदिर जाएंगे।
कर्नाटक में बोम्मई सरकार का एससी-एसटी दांव
कर्नाटक में विधानसभा चुनाव से पूर्व बोम्मई सरकार ने एससी-एसटी आरक्षण का बड़ा दांव चला है। दोनों वर्गों के आरक्षण का दायरा बढ़ाने के बाद न्यायालयों की समीक्षा से बचाने के लिए सरकार संविधान की 9वीं अनुसूची के तहत कोटा बढ़ाने की सिफारिश करेगी। दूसरी ओर, संसद के बजट सत्र के दूसरे हिस्से में मोदी सरकार संशोधन विधेयक लाकर इस सिफारिश पर मुहर लगाएगी।
गौरतलब है कि कर्नाटक सरकार ने गत वर्ष राज्य में एससी आरक्षण का दायरा 15 फीसदी से 17 फीसदी और एसटी आरक्षण का दायरा 3 फीसदी से बढ़ाकर 7 फीसदी कर दिया था। इसके बाद राज्य में आरक्षण की सीमा 56 फीसदी पहुंच गई थी जो कि सुप्रीम कोर्ट की ओर से तय अधिकतम 50 फीसदी सीमा का साफ उल्लंघन है। ऐसे में इसे न्यायिक समीक्षा से बचाने के लिए राज्य सरकार ने 9वीं अनूसूची के तहत कोटा बढ़ोत्तरी की सिफारिश का फैसला किया है।