कर्नाटक में कोरोना: 16 जिलों में पॉजिटिविटी रेट पांच फीसदी से कम, प्रतिबंधों में दी गई ढील
तेलंगाना की ओर से 20 जून से पूरी तरह लॉकडाउन समाप्त करने का फैसला लेने के बाद कर्नाटक सरकार ने 16 जिलों में कुछ प्रतिबंधों में राहत देने का एलान किया है। ये राहतें उन जिलों में दी गई हैं जहां कोरोना की सकारात्मकता दर कम है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कर्नाटक सरकार ने शनिवार को उन जिलों में लॉकडाउन प्रतिबंधों में ढील देने का एलान किया, जहां कोरोना सकारात्मकता दर (पॉजिटिविटी रेट) पांच फीसदी कम है। वर्तमान में राज्य में ऐसे जिलों की संख्या 16 है। मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने कहा कि इन जिलों में लॉज, रिजॉर्ट, जिम, निजी कार्यालय 50 फीसदी कार्यक्षमता के साथ खुल सकेंगे।
उल्लेखनीय है कि कोरोना वायरस संक्रमण की दूसरी लहर में कर्नाटक देश के सबसे ज्यादा प्रभावित राज्यों में से एक था। हालांकि अब राज्य में कोरोना वायरस की पीक गुजर चुकी है और रोजाना लगभग 5000 नए मामले ही सामने आ रहे हैं। शुक्रवार को राज्य में कोरोना के 5783 नए मामले दर्ज किए गए थे और 168 संक्रमितों की मौत हो गई थी।
स्वास्थ्य मंत्री की अपील, घर में ही मनाएं योग दिवस
कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. के सुधाकर ने लोगों से कोरोना वायरस महामारी के मद्देनजर 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर घर में ही रह कर योग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इस दिन एक विशेष कोविड-19 टीकाकरण मेले का भी आयोजन किया जाएगा, जिसका लक्ष्य सात लाख लोगों को टीके की खुराक देना होगा।
डॉ. सुधाकर ने कहा, ‘कोविड महामारी के कारण इस बार किसी भी व्यक्ति को बाहर खुले में योग दिवस नहीं मनाना चाहिए और न ही बड़ी संख्या में एकत्र होना चाहिए। इस बार योग दिवस का मंत्र है- योग के साथ रहें, घर पर रहें और बेहतर स्वास्थ्य के लिए योग करें।’ उन्होंने कहा कि राज्य में अब तक टीके की 1.80 करोड़ खुराकें दी जा चुकी हैं।
तेलंगाना में लॉकडाउन खत्म होगा, स्कूल भी खुलेंगे
इससे पहले पड़ोसी राज्य तेलंगाना ने कोरोना के मामले कम होने पर 20 जून से राज्य में पूरी तरह से लॉकडाउन हटाने की घोषणा की थी। तेलंगाना सरकार ने एक जुलाई से स्कूलों और शिक्षण संस्थानों को भी फिर से खोलने का फैसला लिया है। बता दें कि राज्य में पिछले एक महीने से कोरोना महामारी पर नियंत्रण पाने के लिए लॉकडाउन लागू है।
एक आधिकारिक विज्ञप्ति में बताया गया कि राज्य मंत्रिमंडल ने शनिवार को यह निर्णय लिया और सभी अधिकारियों को लॉकडाउन के दौरान लागू सभी प्रतिबंधों को हटाने के निर्देश दिए हैं। विज्ञप्ति के अनुसार यह निर्णय चिकित्सा और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों द्वारा राज्य में कोविड के मामलों में कमी आने संबंधी रिपोर्ट पर विचार के बाद आया है।