Karnataka: CM पद को लेकर सस्पेंस बरकरार! शिवकुमार ने डिनर मीट चर्चा को किया खारिज; जानिए क्या बोले डिप्टी सीएम
कर्नाटक के डिप्टी सीएम डी.के. शिवकुमार ने विधायकों संग डिनर मीट को लेकर उठी राजनीतिक अटकलों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक निजी निमंत्रण था, शक्ति प्रदर्शन नहीं। वहीं विधायक इकबाल हुसैन के बयान के बाद सीएम पद को लेकर सियासत फिर गर्म हुई है।
विस्तार
कर्नाटक में सियासी गलियारों में चल रही हलचल के बीच उप मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने विधायकों संग डिनर मीट को लेकर उठे विवादों पर सफाई दी है। शिवकुमार ने शुक्रवार को स्पष्ट कहा कि यह कोई राजनीतिक बैठक नहीं थी, बल्कि पार्टी साथियों और क्षेत्र के लोगों के प्रेम के चलते दिया गया निजी निमंत्रण था।
गुरुवार देर रात शिवकुमार के साथ 30 से ज्यादा कांग्रेस विधायक और कुछ मंत्री डिनर पर शामिल हुए थे। इसमें केएच मुनियप्पा, मंकल वैद्य, एम.सी. सुधाकर समेत कई नेता मौजूद थे। बताया जा रहा है कि भाजपा से निष्कासित विधायक एस.टी. सोमशेखर और शिवराम हेब्बार भी शामिल हुए थे। डिनर मीट ऐसे वक्त हुई जब कर्नाटक में सीएम पद को लेकर राजनीतिक चर्चा लगातार तेज है। इस कारण मीटिंग को शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा गया। लेकिन शिवकुमार ने इसे सिरे से नकार दिया।
न कोई शक्ति प्रदर्शन, न कोई राजनीति…
शिवकुमार ने कहा दोस्त प्यार से खाने पर बुलाते हैं, मैं कैसे मना कर दूं? यह कोई राजनीतिक बैठक नहीं थी। मैं किसी भी तरह का शक्ति प्रदर्शन नहीं कर रहा। सभी 140 विधायक एक हैं। सीएम और मैं एक ही टीम हैं। उन्होंने साफ कहा कि उनके समर्थकों को उनकी ओर से बयानबाजी नहीं करनी चाहिए और किसी तरह के समूहबाजी का मौका नहीं देना चाहिए।
मंत्रियों ने भी सफाई
कर्नाटक के मंत्री एम.सी. सुधाकर ने कहा कि डिनर डोड्डननवर के घर हुआ था और इसमें कोई राजनीतिक चर्चा नहीं हुई। पीडब्ल्यूडी मंत्री सतीश जारकीहोली ने भी मीटिंग को रूटीन डिनर पार्टी बताया। उन्होंने कहा कि एमएलए रोजाना मिलते-बैठते हैं। MLA एच.सी. बालकृष्णा ने बताया कि वहां कोई हेडकाउंट नहीं था। जो आ सके आए, जो नहीं आ सके नहीं आए। दिल्ली जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि इसमें किसी तरह की राजनीति या नंबर गेम शामिल नहीं है। वहीं, मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के बेटे यथिंद्र के इस बयान पर कि सीएम पूरा 5 साल का कार्यकाल पूरा करेंगे, बालकृष्णा ने कहा कि नेतृत्व का मुद्दा उठाना उचित नहीं, इससे पार्टी को असहजता होती है।
ये भी पढ़ें:- देशभर में 18 लाख एकड़ रक्षा भूमि में से 11,152 एकड़ पर अतिक्रमण; केंद्र सरकार का संसद में खुलासा
MLA इकबाल हुसैन का बड़ा दावा:- वो CM बनेंगे
शिवकुमार के करीबी माने जाने वाले विधायक इकबाल हुसैन ने दावा किया कि शिवकुमार सत्र खत्म होने के बाद मुख्यमंत्री बनेंगे। उनके इस बयान ने CM बदलाव की चर्चाओं को और हवा दे दी है।
चिन्नास्वामी स्टेडियम में फिर होंगे मैच: शिवकुमार
उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने कहा कि बंगलूरू की छवि बनाए रखने के लिए सरकार ने चिन्नास्वामी स्टेडियम में क्रिकेट मैचों की अनुमति दी है। राज्य कैबिनेट ने निर्णय लिया है कि सुरक्षा मानकों का पालन करने की शर्त पर केएससीए को अंतरराष्ट्रीय और IPL मैच कराने की अनुमति दी जाएगी।
बता दें कि 4 जून को आरसीबी की जीत का जश्न मनाते समय हुए भगदड़ हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई थी, जिसके बाद मैचों पर रोक लगा दी गई थी। शिवकुमार ने उम्मीद जताई कि जल्द ही मैचों पर लगी पाबंदियां हट जाएंगी और सभी IPL मैच सामान्य रूप से आयोजित किए जाएंगे।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.