Karnataka 'Chalo Delhi': सीएम सिद्धारमैया ने जंतर-मंतर से बनाई रणनीति, संसद का घेराव करेगी कर्नाटक कांग्रेस!
निरंतर एक्सेस के लिए सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम लेख सिर्फ रजिस्टर्ड पाठकों के लिए ही उपलब्ध हैं
अमर उजाला प्रीमियम लेख सिर्फ सब्सक्राइब्ड पाठकों के लिए ही उपलब्ध हैं
विस्तार
कर्नाटक में केंद्र सरकार की ओर से जरूरत के मुताबिक बजट न देने और उसमें भी कटौती किए जाने को लेकर जंतर-मंतर पर कर्नाटक सरकार के मुख्यमंत्री उपमुख्यमंत्री समेत मंत्रिमंडल के सदस्यों ने धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि अगर उनको जरूरत के मुताबिक बजट नहीं मिला, तो वह आगे और बड़े आंदोलन करेंगे। वहीं इस प्रदर्शन में मौजूद कर्नाटक कांग्रेस के नेताओं ने बड़ी रणनीति बनाते हुए आगे का पूरा खाका तैयार किया है। पार्टी से जुड़े नेताओं का कहना है कि केंद्र सरकार की ओर से जिन राज्यों में बजट की कटौती की जा रही है, उन सभी को एक मंच पर लाया जाएगा। इसके अलावा जरूरत पड़ने पर संसद के घेराव की भी रणनीति बनाई जा रही है।
जंतर-मंतर पर मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार समेत कर्नाटक सरकार के मंत्रिमंडल के दर्जनों सदस्य और विधायक शामिल हुए। इस दौरान कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने कहा कि केंद्र सरकार कांग्रेस शासित कर्नाटक राज्य की जनता के साथ भेदभाव कर रही है। उन्होंने मंच से कर्नाटक के आए लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि उनका राज्य अलग-अलग टैक्स के माध्यम से केंद्र को साढ़े चार लाख करोड़ रुपये के करीब चुका रहा है। जबकि केंद्र सरकार उनको पचास हजार करोड रुपये ही दे रही है। उन्होंने केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश और बिहार जैसे राज्यों को केंद्र सरकार लगातार बढ़ा हुआ बजट दे रही है।
इस दौरान कर्नाटक से आए कांग्रेसी नेताओं ने भी केंद्र सरकार की नीतियों पर जमकर नाराजगी जाहिर की। कर्नाटक कांग्रेस के नेता शाहू शारिक कहते हैं कि केंद्र सरकार ने जो बजट में कटौती की है, अगर वह पूरी नहीं हुई, तो कुछ समय बाद उनके कार्यकर्ता एक बार फिर से दिल्ली पहुंचेंगे और संसद का घेराव करेंगे। शारिक ने कहा बुधवार को जो प्रदर्शन हुआ है, वह महज एक संकेतभर है। केंद्र सरकार ने बुधवार को कर्नाटक सरकार के मुख्यमंत्री उपमुख्यमंत्री कैबिनेट के मंत्रियों समेत विधायकों की आवाज को नहीं सुना, तो जल्द ही बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा।
इस दौरान कर्नाटक सरकार के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार और मंत्री प्रियंक खरगे ने कहा कि वह कर्नाटक के लोगों की मांगों को लेकर ही दिल्ली पहुंचे हैं। दोनों नेताओं ने कहा कि अभी तक केंद्र सरकार की ओर से उन्हें सूखा राहत राशि नहीं मिली है। वह कहते हैं कि केंद्र सरकार सिर्फ राज्य में कांग्रेस की सरकार होने के चलते यहां की लोगों के साथ बदनियति से कम कर रही है। उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार कहते हैं कि अभी शुरुआत की लड़ाई है। सरकार मांगे नहीं मानती है, तो आगे बड़े स्तर पर संघर्ष किया जाएगा और कर्नाटक राज्य के लोगों को न्याय दिलाया जाएगा।
वहीं जंतर-मंतर पर हुए सरकार की ओर से प्रदर्शन के बाद कांग्रेस के नेताओं ने भी मंथन किया। पार्टी से जुड़े नेताओं के मुताबिक सिर्फ कर्नाटक सरकार ही नहीं केंद्र सरकार ने अन्य राज्यों के लिए भी बजट में बड़ी कटौती की है। पार्टी का कहना है कि जितने भी राज्य केंद्र सरकार की इस गलत नीति का शिकार हो रहे हैं, वह सभी एक मंच पर आकर आगे की बड़ी रणनीति तय करेंगे। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने सभी राज्यों से एकजुट होने की अपील भी की।