Karnataka: BJP की पहली लिस्ट जारी होने के बाद बगावत का दौर शुरू, एक ने दिया इस्तीफा, दूसरा बोला- दिल्ली जाउंगा
भाजपा विधायक महादेवप्पा यादवाद के समर्थकों ने मंगलवार रात बेलगावी के रामदुर्ग निर्वाचन क्षेत्र से उन्हें टिकट नहीं दिए जाने को लेकर विरोध-प्रदर्शन किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा की पहली सूची जारी होने के बाद विरोध-प्रदर्शनों का दौर शुरू हो गया है। सूची में कुछ भाजपा विधायकों के नाम नहीं होने के बाद उनके समर्थकों ने विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया है। कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने मंगलवार को अपने 189 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी। आगामी चुनावों के लिए भाजपा उम्मीदवारों की पहली सूची पर कर्नाटक के मुख्यमंत्री और भाजपा नेता बासवराज बोम्मई ने कहा कि नामों को लेकर आम सहमति है और इससे हर कोई खुश है।
#WATCH | "There is consensus and everybody is happy," says Karnataka CM & BJP leader Basavaraj Bommai on BJP's first list of candidates for upcoming elections pic.twitter.com/TveUd0IbJj
— ANI (@ANI) April 12, 2023विज्ञापन
पूर्व उप मुख्यमंत्री लक्ष्मण सावदी ने भाजपा की सदस्यता से दिया इस्तीफा
कर्नाटक के पूर्व उप मुख्यमंत्री लक्ष्मण सावदी ने बुधवार को अथानी निर्वाचन क्षेत्र से टिकट कटने के बाद विधान परिषद सदस्य और भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। भाजपा विधान पार्षद (एमएलसी) सावदी ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि मैंने अपना फैसला कर लिया है। मैं भीख का कटोरा लेकर घूमने वालों में से नहीं हूं। मैं एक स्वाभिमानी राजनेता हूं। मैं किसी के बहकावे में आकर काम नहीं कर रहा हूं।
मौजूदा विधायक महेश कुमथल्ली को बेलगावी जिले की अथानी विधानसभा सीट से टिकट दिया गया है। सावदी अथानी से तीन बार विधायक रहे हैं, लेकिन 2018 के चुनाव में वह कुमथल्ली (तब कांग्रेस में) से हार गए थे। सावदी ने कहा कि वह गुरुवार शाम को ‘‘कड़ा निर्णय’’ लेंगे और शुक्रवार से काम शुरू कर देंगे। ऐसी अटकलें हैं कि वह कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं। कुमथल्ली उन बागियों के समूह में शामिल थे जिन्होंने 2019 में कांग्रेस-जनता दल (सेक्युलर) गठबंधन की सरकार को गिराने और बीएस येदियुरप्पा के नेतृत्व में सरकार बनाने में भाजपा की मदद की थी।
अनिल कुमार को भाजपा का टिकट दिए जाने पर कांग्रेस नेता ने कही यह बात
कोराटागेरे निर्वाचन क्षेत्र से पूर्व बीबीएमपी आयुक्त अनिल कुमार को भाजपा का टिकट दिए जाने पर कांग्रेस नेता और कर्नाटक के पूर्व उप मुख्यमंत्री डॉ. जी परमेश्वर ने कहा कि अनिल कुमार एक आईएएस अधिकारी थे, और हमने साथ काम किया है। अब वह भाजपा प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ेंगे। यह बहुत अच्छा है कि उन्होंने उन्हें टिकट दिया है। मैंने उनके साथ बहुत काम किया है और लोग उन्हें पहचानते हैं। यह महत्वपूर्ण है कि कांग्रेस सत्ता में वापस आए, क्योंकि कई चीजें हो रही हैं जो देश में नहीं होनी चाहिए।
पहली सूची में नाम नहीं होने पर जगदीश शेट्टार ने कही यह बात
कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और छह बार के विधायक जगदीश शेट्टार ने कहा कि मैं पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मिलने आज दिल्ली जाउंगा। मुझे उम्मीद है कि सकारात्मक चीजें होंगी। आने वाले दिनों में पार्टी आलाकमान और राज्य के नेता सब कुछ स्पष्ट करेंगे। जगदीश शेट्टार का नाम आगामी विधानसभा चुनावों के लिए भाजपा के उम्मीदवारों की पहली सूची में नहीं है।
सीटी रवि ने पार्टी के प्रति जताया आभार
भाजपा नेता और चिकमंगलूर से पार्टी के उम्मीदवार सीटी रवि ने कहा कि मैं अपनी उम्मीदवारी की घोषणा करने के लिए पार्टी के प्रति आभार व्यक्त करता हूं। इस चुनाव में 52 नए लोगों को मौका दिया गया है। भाजपा को 'पार्टी विद डिफरेंस' इसलिए कहा जाता है क्योंकि वह नए-नए प्रयोग करती रहती है। भाजपा की जमीनी हालत राज्य में मजबूत है।
लोगों के जीवन में बदलाव लाने की जरूरत: भास्कर राव
बंगलूरू के पूर्व पुलिस कमिश्नर और चामराजपेट से भाजपा उम्मीदवार भास्कर राव ने बंगलूरू के श्री डोड्डा गणपति मंदिर में पूजा की। भास्कर राव ने कहा कि लोगों के जीवन में बदलाव लाने की जरूरत है। मैं घर-घर जाकर लोगों से मतदान करने का आग्रह करूंगा क्योंकि शहरी केंद्रों में मतदान प्रतिशत कम है। पुलिस आयुक्त के रूप में मेरे कार्यकाल के दौरान, मैंने अपने बल के साथ संविधान के अनुसार लोगों की रक्षा की है।
भाजपा विधायक महादेवप्पा यादवाद के समर्थकों ने किया विरोध-प्रदर्शन
सूची में कुछ भाजपा विधायकों के नाम नहीं होने के बाद उनके समर्थकों ने विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसी कड़ी में भाजपा विधायक महादेवप्पा यादवाद के समर्थकों ने मंगलवार रात बेलगावी के रामदुर्ग निर्वाचन क्षेत्र से उन्हें टिकट नहीं दिए जाने को लेकर विरोध-प्रदर्शन किया। यादवाद की जगह पर इस निर्वाचन क्षेत्र से हाल ही में भाजपा में शामिल हुए चिक्का रेवाना को टिकट मिला है।
#WATCH | Karnataka: Supporters of BJP MLA Mahadevappa Yadawad last night protested in Ramdurg constituency in Belagavi over ticket being denied to him.
— ANI (@ANI) April 12, 2023
Chikka Revana who joined the BJP recently got the ticket from the constituency.#KarnatakaAssemblyElection2023 pic.twitter.com/oLu2F2AcI4
भाजपा विधायक अनिल बेनाके के समर्थकों ने भी किया विरोध-प्रदर्शन
वहीं, बेलगावी उत्तर से भाजपा विधायक अनिल बेनाके के समर्थकों ने आगामी कर्नाटक विधानसभा चुनाव में टिकट से वंचित किए जाने के बाद मंगलवार शाम विरोध-प्रदर्शन किया।
बता दें कि कर्नाटक राज्य विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया 13 अप्रैल से शुरू होगी। कर्नाटक में विधानसभा चुनाव के लिए 10 मई को वोट डाले जाएंगे और 13 मई को मतगणना होगी।