JL Nehru Birth Anniversary: सोनिया गांधी व खरगे ने पंडित नेहरू को दी श्रद्धांजलि, पीएम मोदी ने भी किया ट्वीट
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे व सोनिया गांधी ने पंडित नेहरू को श्रद्धांजलि अर्पित की। दोनों नेता नेहरू के समाधि स्थल शांति वन पहुंचे और उन्हें पुष्प अर्पित किए।
विस्तार
देश आज पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू की जयंती मना रहा है। इस खास मौके पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे व सोनिया गांधी ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। दोनों नेता नेहरू के समाधि स्थल शांति वन पहुंचे और उन्हें पुष्प अर्पित किए। कांग्रेस पार्टी ने ट्विटर पर इस मौके की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, भारत के विकास में पंडित जवाहरलाल नेहरू जी के योगदान के लिए राष्ट्र उनका स्मरण कर रहा है।
इसके अलावा पार्टी की ओर से पंडित नेहरू का एक वीडियो भी ट्वीट किया गया है। इस पर लिखा गया है, बच्चे बागों में खिली उस कली की तरह होते हैं, जिनकी परवरिश बहुत प्यार और नरमी से करनी चाहिए। कुछ ऐसे थे देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित श्री जवाहरलाल नेहरू या यूं कहें बच्चों के 'चाचा नेहरू'।
"बच्चे बागों में खिली उस कली की तरह होते हैं...जिनकी परवरिश बहुत प्यार और नरमी से करनी चाहिए"
कुछ ऐसे थे देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित श्री जवाहरलाल नेहरू या यूं कहें बच्चों के 'चाचा नेहरू'#BharatJodoYatra pic.twitter.com/2OjevckKcMविज्ञापन विज्ञापन
— Congress (@INCIndia) November 14, 2022
पीएम मोदी ने भी दी श्रद्धांजलि
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी पंडित नेहरूर को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने एक ट्वीट में लिखा, हमारे पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू जी की जयंती पर कोटि-कोटि नमन। हम राष्ट्र के लिए उनके योगदान को याद करते हैं।
राहुल ने किया भावुक ट्वीट
इस मौके पर राहुल गांधी ने भी पंडित नेहरू को याद किया। उन्होंने लिखा, कौन है भारत माता? इस विशाल भूमि में फैले भारतवासी सबसे ज्यादा मायने रखते हैं। भारतमाता यही करोड़ों-करोड़ जनता है। पं नेहरू के इन्हीं लोकतांत्रिक, प्रगतिशील और धर्मनिरपेक्ष मूल्यों को दिल में ले कर चल रहा हूं, 'हिन्द के जवाहर' की भारत माता की रक्षा के लिए।
मोदी सरकार काम नहीं करती, सिर्फ नाम बदलती है: खरगे
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने आरोप लगाया कि नरेंद्र मोदी सरकार अतीत की सरकारों के कामों को नहीं स्वीकारती और अपने काम पर ध्यान देने की बजाय सिर्फ नाम बदलने में लगी रहती है। उन्होंने देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि महात्मा गांधी, नेहरू, सरदार पटेल, सुभाष चंद्र बोस और मौलाना आजाद सभी कांग्रेस के नेता थे और देश के स्वाधीनता आंदोलन में सभी ने अपने स्तर से योगदान दिया। भाजपा आरोप लगाती है कि कांग्रेस ने बोस की उपेक्षा की, पटेल की उपेक्षा की...अगर आप पटेल को अपना मानते हो तो उनके उसूलों को क्यों नहीं अपनाते?
खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर बार-बार झूठ बोलने का आरोप लगाया और कहा कि उनके रेल मंत्री रहते कर्नाटक से वाराणसी तक ट्रेन की शुरुआत की गई थी, लेकिन अब प्रधानमंत्री कह रहे हैं कि उन्होंने ट्रेन की शुरुआत की है।
बच्चों से मिलीं राष्ट्रपति मुर्मू
नेहरू जयंती व बाल दिवस के मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बच्चों से मुलाकात की। उन्होंने कहा, आज का दिन बहुत खास है। यह दिन भारत के बच्चों यानि भारत के भविष्य को समर्पित है। उन्होंने आगे कहा, आज कल के बच्चे कंप्यूटर युग के बच्चे हैं। टेक्नोलॉजी, अब बच्चों की अंगुलियों पर है। इसलिए यह और भी महत्वपूर्ण है कि हम उन्हें सही मूल्य सिखाने के लिए अधिक प्रयास करें। उन्हें विभिन्न कार्यों और चर्चाओं में शामिल करें।
आज कल के बच्चे, कंप्यूटर युग के बच्चे हैं। Technology के आने से, knowledge और information अब बच्चों की fingertips पर है। इसलिए यह और भी महत्वपूर्ण है कि हम उन्हें सही मूल्य सिखाने के अधिक प्रयास करें और उन्हें विभिन्न कार्यों और चर्चाओं में शामिल करें। pic.twitter.com/SIBoLa2ISW
— President of India (@rashtrapatibhvn) November 14, 2022
कर्नाटक सीएम ने दी श्रद्धांजलि
कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने भी जवाहर लाल नेहरू की जयंती पर उनको श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके अलावा बिहार के गवर्नर फागु चौहान, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने भी पंडित नेहरू को पटना में श्रद्धांजलि अर्पित की।