कर्नाटक विधानसभा की 222 सीटों के लिए शनिवार को मतदान किया गया। इसके साथ ही 2600 से ज्यादा प्रत्याशियों की किस्मत वोटिंग मशीन में कैद हो गई। बीते कई दिनों से कर्नाटक में चुनाव प्रचार और जीत की रणनीति बनाने में व्यस्त भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह वोटिंग खत्म होने के बाद दिल्ली स्थित फिरोज शाह कोटला स्टेडियम में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का मैच देखा। शाह के साथ उनके बेटे जय शाह भी मौजूद थे।
यह कहा जाए कि चुनाव में व्यस्त अमित शाह ने अगर मैच देख चुनावी थकान दूर की तो यह गलत नहीं होगा। बता दें कि शाह बीते कई दिनों से कर्नाटक में चुनावी रैलियां कर रहे थे। और एक और राज्य में भाजपा को सत्ता में लाने की कवायद में जुटे हुए थे।
इससे पहले भाजपा अध्यक्ष ने कर्नाटक चुनाव के लिए मतदाताओं को जागरुक करते हुए ट्वीट किया था। अपने ट्वीट में उन्होंने कहा, 'मतदान लोकतंत्र में नागरिकों की आवाज है। नवा कर्नाटक के लिए वोट करें। योग्य उम्मीदवार के लिए मतदान करके, सुनिश्चित करें कि आप सरकार को सत्ता में लाने के लिए अपनी जिम्मेदारी पूरी कर रहे हैं। कृपया वोट करें।'
बता दें कि दिल्ली और बंगलूरू के मैच को अमित शाह ने आखिरी गेंद तक देखा। जिसमें बंगलूरू ने विराट कोहली (70) और एबी डीविलियर्स (72*) की बेहतरीन पारी की बदौलत दिल्ली को 5 विकेट से हरा दिया। यह बंगलूरू की अबतक खेले गए 11 मैचों में चौथी जीत थी।
इसके साथ ही दिल्ली आईपीएल सीजन 11 के प्लेऑफ की रेस से बाहर हो गई। आईपीएल 2018 के 45वें मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली ने निर्धारित 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 181 रन बनाए। जवाब में आरसीबी ने 5 विकेट खोकर 6 गेंद शेष रहते ही मैच अपने नाम कर लिया।