रेलवे: बुलेट ट्रेन की तैयारी तेज, 50 किमी ट्रैक पर बिजली सप्लाई शुरू; जानें कब दौड़ेगी पहली ट्रेन
रेलवे ने देश की पहली बुलेट ट्रेन 15 अगस्त 2027 को चलाने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए बी 28 ट्रेन सेट का निर्माण बंगलूरू स्थित बीईएमएल के आदित्य प्लांट में किया जा रहा है। ट्रेन को व्यावसायिक संचालन की मंजूरी देने से पहले डिपो में परीक्षण और ट्रायल रन होंगे।
विस्तार
मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना ने शुक्रवार को एक अहम पड़ाव पार कर लिया। गुजरात में सूरत से बिलिमोरा के बीच 50 किलोमीटर लंबे सेक्शन की ओवरहेड बिजली लाइन 20 नवंबर को चालू कर दी गई। देश के पहले हाईस्पीड रेल कॉरिडोर के किसी हिस्से में पहली बार बिजली सप्लाई शुरू हुई है। इससे इस रूट पर बुलेट ट्रेन चलाने की तैयारियों को गति मिलेगी।
इस सेक्शन की अप और डाउन दोनों लाइनों पर 2×25 केवी का आधुनिक ओवरहेड ट्रैक्शन सिस्टम लगाया गया है। बिजली चालू होने के बाद तारों में हर समय करंट रहेगा। नेशनल हाई स्पीड रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एनएचएसआरसीएल) ने आसपास रहने वाले लोगों, यात्रियों और निर्माण कर्मचारियों को तारों से दूर रहने की चेतावनी दी है। साथ ही बिजली के उपकरणों को छूने और उनके पास बिना अनुमति काम करने से बचने की सलाह दी है।
14 सब स्टेशन से होगी बिजली की आपूर्ति
508 किलोमीटर लंबे मुंबई-अहमदाबाद हाईस्पीड रेल कॉरिडोर पर बिजली पहुंचाने के लिए 14 ट्रैक्शन सबस्टेशन बनाए जा रहे हैं। ये ग्रिड से बिजली लेकर ओवरहेड लाइनों तक पहुंचाएंगे। पूरे बिजली नेटवर्क की निगरानी केंद्रीय नियंत्रण केंद्र से होगी। इससे बिजली आपूर्ति और ट्रेन संचालन को सुरक्षित रखने में मदद मिलेगी।
सूरत-बिलिमोरा इस कॉरिडोर का पहला सेक्शन होगा, जहां व्यावसायिक सेवाएं शुरू होने की उम्मीद है। रेलवे ने 15 अगस्त 2027 को देश की पहली बुलेट ट्रेन चलाने का लक्ष्य रखा है। शुरुआत चरणबद्ध तरीके से होगी। इसके बाद वापी-सूरत और वापी-अहमदाबाद सेक्शन पर भी सेवाएं शुरू करने की योजना है। पूरे कॉरिडोर को 2029 तक चालू करने का लक्ष्य है।
शुरुआती दौर में 250 किमी प्रति घंटे की रफ्तार
यह परियोजना जापान की शिंकानसेन तकनीक पर आधारित है। जापान इंटरनेशनल कोऑपरेशन एजेंसी इसके लिए वित्तीय सहायता दे रही है। पूरा कॉरिडोर तैयार होने के बाद ट्रेन 320 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से चल सकेगी। इससे मुंबई से अहमदाबाद का सफर करीब दो घंटे में पूरा होगा। फिलहाल सामान्य ट्रेन से इस दूरी को तय करने में करीब सात घंटे लगते हैं।
पहली बुलेट ट्रेन के लिए बी 28 ट्रेन सेट का निर्माण बंगलूरू स्थित बीईएमएल के आदित्य प्लांट में किया जा रहा है। इसकी डिजाइन गति 280 किलोमीटर प्रति घंटा होगी, जबकि शुरुआती परिचालन गति 250 किलोमीटर प्रति घंटा रखी जाएगी। व्यावसायिक संचालन की मंजूरी से पहले ट्रेन का डिपो में परीक्षण और ट्रायल रन होगा। रेल मंत्रालय के अनुसार, जापान से ट्रेन सेट हासिल करने में कुछ चुनौतियां आ रही थीं। इसी वजह से बी28 ट्रेन सेट का निर्माण देश में ही किया जा रहा है।
