पाकिस्तानी मीडिया में छाए एयर स्ट्राइक पर सवाल उठाने वाले ये भारतीय नेता
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पाकिस्तान की सीमा के भीतर चलने वाले आतंकियों के ट्रेनिंग कैंपों पर हुई एयर स्ट्राइक के बाद भारत में जो कुछ चल रहा है, पाकिस्तानी मीडिया उसे हाथों-हाथ ले रहा है। एयर स्ट्राइक में कितने आतंकी मरे हैं, खासतौर पर ऐसे सवाल पूछने वाले भारतीय नेताओं के बयान 'रेडियो पाकिस्तान' के हर बुलेटिन में सुने जा सकते है। कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष राहुल गांधी, पूर्व वित्त एवं गृहमंत्री पी. चिदंबरम और कांग्रेसी नेता मनीष तिवारी व अन्य नेताओं द्वारा एयर स्ट्राइक से संबंधित एवं एनडीए-भाजपा सरकार के खिलाफ दिए गए बयानों को 'रेडियो पाकिस्तान' अपने ट्विटर पर उक्त नेताओं के फोटो लगाकर दिखा रहा है।
बता दें कि बालाकोट में हुई एयर स्ट्राइक के बाद कई विपक्षी दलों द्वारा यह सवाल पूछा जा रहा है कि उसमें कितने आतंकी मारे गए हैं। खासतौर से, कांग्रेस पार्टी इस मामले में एनडीए-भाजपा सरकार पर हमलावर हो गई है। पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी के अलावा दूसरे वरिष्ठ नेता पी.चिदंबरम, कपिल सिब्बल, मनीष तिवारी, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह और कई दूसरे दलों के नेता सरकार से बालाकोट में मारे गए आतंकियों की संख्या पूछ रहे हैं। सोमवार को भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने दावा किया है कि एयर स्ट्राइक में 250 आतंकी मारे गए।
इसके बाद अरविंद केजरीवाल ने अमित शाह पर हमला बोल दिया। केजरीवाल ने ट्वीट किया है-'क्या अमित शाह के मुताबिक सेना झूठ बोल रही है? सेना ने साफ साफ कहा है कि कोई मरा या नहीं मरा या कितने मरे, ये नहीं कहा जा सकता। अपने चुनावी फायदे के लिए क्या अमित शाह और भाजपा, सेना को झूठा बोल रहे हैं? देश को सेना पर भरोसा है। क्या अमित शाह और भाजपा को सेना पर भरोसा नहीं?।
केजरीवाल का यह ट्वीट भी पाकिस्तान में जमकर चल रहा है। इनसे पहले राहुल गांधी ने राफेल सौदे में कथित घोटाले को लेकर जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा तो रेडियो पाकिस्तान ने उसे अपने बुलेटिन में राहुल का फोटो लगाकर चलाया।
इन नेताओं को पाकिस्तानी मीडिया में मिल रही है ख़ासी तव्वजो...
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम ने सोमवार को कहा कि भारत के एक गौरवान्वित नागरिक के तौर पर उन्हें पाकिस्तान के बालाकोट स्थित आतंकी शिविर पर की गई वायुसेना की कार्रवाई पर पूरा विश्वास है, लेकिन वहां 300-350 लोगों के मारे जाने की यह संख्या किसने बताई है। उन्होंने यह भी कहा कि पूरी दुनिया वायुसेना के इस अभियान पर यकीन करे, इस बारे में सरकार को प्रयास करना चाहिए। उनका यह बयान रेडियो पाकिस्तान फोटो सहित चला रहा है। पार्टी के दूसरे नेता कपिल सिब्बल द्वारा आतंकियों की संख्या पूछे जाने को भी सीमा पार का मीडिया खूब दिखा रहा है।
अमित शाह के बयान पर कांग्रेस नेता मनीष तिवारी ने कहा कि ऐसी कौन सी जानकारी है, जो अमित शाह के पास है, लेकिन भारत सरकार के पास नहीं है। सरकार की ओर से बयान था कि अभी यह अनुमान लगाना मुश्किल है कि बालकोट केवहवाई हमले में कितने आतंकवादी मारे गए और वहां कितना नुकसान पहुंचा है। इसके बाद भी भाजपा नेता 200-300 आतंकियों के मारे जाने की बात कैसे कर रहे हैं। भाजपा इस एयर स्ट्राइक का राजनीतिक लाभ लेना चाहती है।
पाकिस्तानी मीडिया ने मनीष तिवारी का वह बयान भी फोटो सहित चलाया है, जिसमें उन्होंने ऑर्गेनाइजेशन ऑफ इस्लामिक कोऑपरेशन (ओआईसी) में भारत और कश्मीर विरोधी प्रस्ताव पास होने पर सरकार को आड़े हाथ लिया था।तिवारी का कहना था कि एनडीए सरकार ने आबू धाबी में देश हित सरेंडर ही नहीं किए, बल्कि उन्हें बेच दिया है।
जस्टिस मार्कण्डेय काटजू का वह ट्वीट भी पाकिस्तानी मीडिया में खूब चल रहा है...
सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश मार्कण्डेय काटजू के एक ट्वीट को भी पाकिस्तानी मीडिया में काफ़ी तवज्जो मिली है। हालांकि इस बाबत उन्हें तो भारतीय सोशल मीडिया पर काफी खरी-खोटी सुननी पड़ी। काटजू ने अपने एक ट्वीट में लिखा है, 'जब मैंने पाकिस्तान को फर्जी और कृत्रिम देश कहा था तो किसी पाकिस्तानी ने मुझे गाली नहीं दी थी। अब मैंने इमरान खान की तारीफ की तो दर्जनों भारतीयों ने मुझे गाली दी है। मुझे देशद्रोही, सनकी और पाकिस्तान परस्त कहा गया। अब आप ही बताइए कौन ज्यादा परिपक्व है।