Shubhanshu Shukla: दिल्ली पहुंचे भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला, केंद्रीय मंत्री-छात्रों ने किया स्वागत
नासा के एक्सिओम-4 अंतरिक्ष मिशन के पायलट और भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला अमेरिका से भारत लौट आए हैं। दिल्ली एयरपोर्ट पर केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह, सीएम रेखा गुप्ता और छात्रों ने उनका स्वागत किया। शुभांशु ने 18 दिन के मिशन में 60 से अधिक वैज्ञानिक प्रयोग किए। उनके साथ गगनयान मिशन के बैकअप अंतरिक्ष यात्री प्रशांत बालकृष्णन नायर भी लौटे।
विस्तार
भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला और नासा के एक्सिओम-4 अंतरिक्ष मिशन के पायलट रहे शुभांशु शुक्ला रविवार तड़के अमेरिका से भारत लौट आए हैं। नई दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुंचने पर केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और छात्रों के समूह ने शुभांशु का भव्य स्वागत किया। इससे पहले सीएम रेखा गुप्ता और मंत्री सिंह ने एयरपोर्ट पर मौजूद शुभांशु की पत्नी कामना शुक्ला का स्वागत किया।
माना जा रहा है कि शुभांशु शुक्ला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलेंगे। इसके बाद वह लखनऊ जाएंगे। बता दें कि शुभांशु के साथ भारत के गगनयान मिशन के लिए चुने गए एक और अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन प्रशांत बालकृष्णन नायर भी भारत लौटे। वह आईएसएस मिशन के लिए भारत के बैकअप अंतरिक्ष यात्री थे।
15 जुलाई को पृथ्वी पर लौटे थे शुभांशु
ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला नासा के एक्सिओम-4 निजी अंतरिक्ष मिशन का हिस्सा थे, जो 25 जून को अमेरिका के फ्लोरिडा स्थित नासा के कैनेडी स्पेस सेंटर से रवाना हुआ और 26 जून को आईएसएस से जुड़ा। उन्होंने अमेरिका की पैगी व्हिटसन, पोलैंड के स्लावोज उजनांस्की-विस्निवस्की और हंगरी के टिबोर कापु के साथ 18 दिन के मिशन के दौरान 60 से अधिक प्रयोग और 20 जनसंपर्क सत्र किए। शुभांशु 15 जुलाई को पृथ्वी पर लौटे थे।
ये भी पढ़ें:- Shubhanshu Shukla: 'यूं ही चला चल राही...जीवन गाड़ी है समय पहिया', स्वदेश लौट रहे शुभांशु ने साझा किया अनुभव
जितेंद्र सिंह ने बताया गर्व का क्षण
केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने शुभांशु शुक्ला की स्वदेश वापसी को भारत के लिए गर्व का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि यह इसरो के लिए भी गौरव का क्षण है। सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इसे संभव बनाने वाली सरकार के प्रति आभार का क्षण। सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट में कहा कि भारत का अंतरिक्ष गौरव भारतीय धरती को छू गया, क्योंकि भारत माता के प्रतिष्ठित सपूत, गगनयात्री शुभांशु शुक्ला आज तड़के सुबह दिल्ली पहुंचे।
सिंह ने आगे कहा कि शुभांशु के साथ एक और समान रूप से कुशल ग्रुप कैप्टन प्रशांत बालकृष्णन नायर भी थे, जो भारत के पहले मानव मिशन, गगनयान के लिए चुने गए अंतरिक्ष यात्रियों में से एक हैं, जो आईएसएस के मिशन के लिए भारत के नामित बैकअप भी थे।
परिवार भी भारी उत्साहित
लखनऊ में शुभांशु के परिवार का उत्साह चरम पर है। उनके पिता शंभू दयाल शुक्ला ने कहा कि हम बहुत खुश हैं कि बेटा वापस आ रहा है। हम उसे दिल्ली में मिलेंगे। पीएम मोदी ने स्वतंत्रता दिवस पर अपने संबोधन में शुभांशु की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा था कि उन्होंने एक अरब सपनों को प्रेरित किया है। भारत की अंतरिक्ष महत्वाकांक्षाओं को नई उड़ान दी है।
ये भी पढ़ें:- Shubhanshu Shukla: शुभांशु शुक्ला कौन हैं, जो Axiom-4 मिशन में भारत का झंडा लेकर जा रहे हैं अंतरिक्ष
प्लेन में बैठते ही साझा की थी अपनी भावना
गौरतलब है कि इससे पहले अमेरिका से रवाना होते वक्त शुभांशु शुक्ला ने इंस्टाग्राम पर एक हवाई जहाज में बैठे हुए अपनी एक मुस्कुराती हुई तस्वीर पोस्ट की और इसके कैप्शन में लिखा कि अमेरिका छोड़ते समय मेरे दिल में तमाम भावनाएं उमड़ रही हैं। शुभांशु ने पोस्ट में लिखा कि भारत वापस आने के लिए विमान में बैठते ही मेरे दिल में कई तरह की भावनाएं उमड़ रही हैं। मुझे उन शानदार लोगों को पीछे छोड़कर जाने का दुख है जो इस मिशन के दौरान पिछले एक साल से मेरे दोस्त और परिवार थे। मैं मिशन के बाद पहली बार अपने सभी दोस्तों, परिवार और देश के सभी लोगों से मिलने को लेकर भी उत्साहित हूं। मुझे लगता है जिंदगी यही है, सब कुछ एक साथ।