डब्ल्यूएचओ की रोक के बावजूद भारत में जारी रहेगा हाइड्रोक्सीक्लोरोक्वीन का इस्तेमाल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दुनिया भर में समस्या का सबब बने कोरोना वायरस के इलाज के लिए दवा या वैक्सीन विकसित करने पर युद्ध स्तर पर काम चल रहा है। हालांकि, यह राह इतनी आसान नहीं है इसे देखते हुए कुछ ऐसी पुरानी दवाओं का भी इस्तेमाल किया जा रहा है जो कोरोना के असर को कम करने में असरदार सिद्ध हो सकती है।
ऐसी ही एक दवा है हाइड्रोक्सीक्लोरोक्वीन। कुछ समय पहले तक पूरी दुनिया में इस दवा की मांग बढ़ गई थी लेकिन हाल ही में विश्व स्वास्थ्य संगठन ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए इसके क्लीनिकल ट्रायल पर अस्थायी रोक लगाने की बात कही थी। हालांकि, भारत में इस दवा का प्रयोग जारी रहेगा।
वायरस के प्रवेश को रोकती है यह दवा
इस दवा को लेकर गुरुवार को हुई नीति आयोग की प्रेस वार्ता में डॉ. वीके पॉल ने कहा कि इस पर दुनिया भर में काम चल रहा है। इसके साइड इफेक्ट भी कम हैं। कोरोना एक नया वायरस है। हमने इस दवा के संबंध में वैज्ञानिकों से बात की तो यही सामने आया कि यह वायरस के प्रवेश को रोकता है ये सब जानते हैं।
वहीं, भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) ने इस पर कहा है कि भारत में किए गए अध्ययनों में इस मलेरिया रोधी दवा के साइड इफेक्ट नहीं देखे गए हैं और इस दवा से कोरोना के मरीजों को आराम भी मिला है। इसलिए गहन चिकित्सा पर्यवेक्षण यानी विशेषज्ञों की निगरानी में इसका इस्तेमाल जारी रखा जाएगा।
कई देशों को भारत ने की है आपूर्ति
भारतीय कंपनियां बड़े पैमाने पर इस दवा का उत्पादन करती हैं। पिछले महीने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कोविड 19 के इलाज में इस दवा को असरदार बताया था। कोरोना मरीजों के इलाज में मददगार होने की बात सामने आने पर बाद भारत ने दुनिया के कई देशों को इस दवा की आपूर्ति की है।
बता दें कि प्रतिष्ठित स्वास्थ्य जर्नल लैंसेट में प्रकाशित एक रिपोर्ट में यह दावा किया गया था कि कोरोना मरीजों को इस दवा से फायदे की बजाय नुकसान हो रहा है। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि हाइड्रोक्सीक्लोरोक्वीन लेने वाले कोविड 19 के मरीजों की मौत की संख्या ये दवा नहीं लेने वाले मरीजों की संख्या में ज्यादा है।
ब्राजील में भी जारी रहेगा दवा का प्रयोग
ट्रंप के तरह ही ब्राजील के राष्ट्रपति जेयर बोल्सोनारो ने भी कोरोना के इलाज के लिए इस दवा के इस्तेमाल की वकालत की थी। विश्व स्वास्थ्य संगठन की ओर से इस दवा के ट्रायल पर रोक लगाने के बावजूद ब्राजील ने कहा है कि वह कोविड-19 के इलाज के लिए हाइड्रोक्सीक्लोरोक्वीन के इस्तेमाल पर रोक नहीं लगाएगा।