फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   India sent help to Uganda for NAM summit Jaishankar tweets Big News in hindi

Big News: एनएएम शिखर सम्मेलन के लिए भारत ने युगांडा को भेजी मदद, जयशंकर ने ट्वीट कर दी जानकारी

Sun, 14 Jan 2024 04:45 AM IST
जलज मिश्रा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: जलज मिश्रा Updated Sun, 14 Jan 2024 04:45 AM IST
सार

भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने ट्वीट कर कहा कि हमने सहायता के रूप में युगांडा को 10 बसें, पांच एंबुलेंस, 10 ट्रैक्टर और कुछ ध्वज खंभे भेजे हैं। उम्मीद है कि जयशंकर शिखर सम्मेलवन में शामिल हो सकते हैं। 

विज्ञापन
India sent help to Uganda for NAM summit Jaishankar tweets Big News in hindi
National News - फोटो : Social Media

विस्तार

अफ्रीकी देश युगांडा 19 और 20 जनवरी को एनएएम शिखर सम्मेलन का आयोजन कर रहा है। इसके लिए भारत ने युगांडा को मदद भेजी है। भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने ट्वीट कर कहा कि हमने सहायता के रूप में युगांडा को 10 बसें, पांच एंबुलेंस, 10 ट्रैक्टर और कुछ ध्वज खंभे भेजे हैं। उम्मीद है कि जयशंकर शिखर सम्मेलवन में शामिल हो सकते हैं। 

विज्ञापन

केंद्रीय मंत्री प्रधान ने श्री जगन्नाथ मंदिर में चलाया स्वच्छता अभियान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अयोध्या में राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह से पहले देशभर के मंदिरों में स्वच्छता अभियान चलाने का आह्वान किया है। इसी कड़ी में केंद्रीय शिक्षा और कौशल विकास मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने शनिवार को ओडिशा के अंगुल जिले में स्थित महाप्रभु श्री जगन्नाथ मंदिर में स्वच्छता अभियान चलाया। प्रधान आसुबह-सुबह मंदिर पहुंचे। उन्होंने मंदिर के अंदर मत्था टेका,आरती ली और अनुष्ठान में हिस्सा लिया। उसके बाद मंदिर परिसर में स्वच्छता के लिए अपना श्रमदान किया। केंद्रीय मंत्री के साथ कई और लोगों ने इस दौरान मंदिर की सफाई की। 

विज्ञापन


गेहूं, चावल, चीनी के निर्यात से पांबदियां हटाने का प्रस्ताव नहीं : गोयल
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने शनिवार को कहा कि गेहूं, चावल व चीनी के निर्यात पर लगी पाबंदियों को हटाने का फिलहाल कोई भी प्रस्ताव सरकार के पास नहीं है। गोयल ने संवाददाताओं से कहा, भारत का गेहूं और चीनी के आयात का कोई इरादा नहीं है। भारत ने घरेलू स्तर पर बढ़ती कीमतों पर काबू पाने के लिए मई 2022 में गेहूं निर्यात पर पाबंदी लगा दी थी। इसके बाद जुलाई 2023 में गैर-बासमती चावल व अक्तूबर 2023 में चीनी निर्यात पर भी रोक लगा दी थी।
विज्ञापन
विज्ञापन


रिश्वत से जुड़ा मनी लॉन्ड्रिंग मामला...पूर्व अधिकारी व ट्रैवल एजेंट को तीन साल कैद
प्रवासन मंजूरी जारी करने के लिए रिश्वत लेने से जुड़े मामले में धन शोधन रोधी कानून के तहत चेन्नई में तैनात पूर्व अधिकारी आर सेकर और  ट्रैवल एजेंट के अनवर हुसैन को दोषी ठहराते हुए अदालत ने तीन साल की कठोर कारावास की सुनाई। अदालत ने दोनों पर पांच-पांच हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया। आर सेकर विदेश मंत्रालय के तहत प्रवासियों के संरक्षक के रूप में कार्यरत था, जो विदेश जाने के इच्छुक लोगों को प्रवासन की मंजूरी देने के लिए जिम्मेदार है। सेकर ने पद का दुरुपयोग कर ग्राहकों को प्रवासन मंजूरी के लिए के अनवर के माध्यम से विभिन्न एजेंटों से 2.03 करोड़ की रिश्वत ली। ईडी ने मामले में 2015 में आरोप पत्र दाखिल किया था। 

बिहार पीएफआई मामले में दो के खिलाफ एनआईए ने दायर किया पूरक आरोपपत्र
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने बिहार में प्रतिबंधित पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) की गैरकानूनी और राष्ट्र-विरोधी गतिविधियों से जुड़े एक मामले में दो आरोपियों के खिलाफ पूरक आरोपपत्र दायर किया है। एनआईए के प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी मोहम्मद याकूब खान उफ्र सुल्तान उर्फ उस्मान और शाहिद रजा बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के रहने वाले हैं। इन पर विभिन्न धाराओं के तहत आरोप लगाए गए हैं। इस मामले में अब तक 17 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। बिहार पुलिस ने शुरुआत में 26 के खिलाफ मामला दर्ज किया था। एनआईए ने जुलाई 2022 में फिर से केस दर्ज किया। इससे पहले एनआईए 14 के खिलाफ आरोपपत्र दायर किया था। 

रेबीज टीके का अध्ययन वाली मांग पर केरल सरकार से जवाब तलब
सुप्रीम कोर्ट ने मनुष्यों को दी जाने वाली इंट्राडर्मल रेबीज वैक्सीन के असर का अध्ययन करने के लिए एक स्वतंत्र विशेषज्ञ समिति के गठन की मांग वाली याचिका पर केरल सरकार से जवाब मांगा है। जस्टिस सीटी रविकुमार और जस्टिस राजेश बिंदल की पीठ ने राज्य सरकार से चार सप्ताह के भीतर जवाब दाखिल करने को कहा।

बीआरओ के लिए काम करने वाले श्रमिकों का होगा बीमा
सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) की बुनियादी ढांचा परियोजनाओं में काम करने के लिए समय-समय पर नियुक्त किए जाने वाले दिहाड़ी मजदूरों या आकस्मिक भुगतान मजदूरों को भी अब बीमा सुविधा का लाभ मिलेगा। रक्षा मंत्री ने इसके लिए एक टर्म इंश्योरेंस स्कीम को मंजूरी दे दी है। इस योजना के तहत मजदूर की मौत पर परिजनों को 10 लाख की राशि मिलेगी। 

मणिपुर : 10 जनवरी को लापता हुए व्यक्ति का शव बरामद
बिष्णुपुर जिले के अकासोई के दारा सिंह शव शनिवार को मणिपुर के बिष्णुपुर जिले में सुरक्षा बलों ने बरामद किया। वह 10 जनवरी को लापता हो गए थे। बरामद शव गोलियों से छलनी था। अधिकारियों ने कहा, बिष्णुपुर जिले के अकासोई के दारा सिंह तीन अन्य लोगों के साथ पास के चुराचांदपुर जिले की एक पहाड़ी से लापता हो गया था। वह बुधवार को जलाऊ लकड़ी इकट्ठा करने गया था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स अस्पताल भेज दिया। तीन अन्य के शव पिछले बृहस्पतिवार को बरामद किए गए थे। 

पीएम मोदी का आंध्र प्रदेश का दौरा 16 को, देंगे परियोजनाओं की सौगात
प्रधानमंत्री मोदी 16 जनवरी को श्री सत्यसाई जिले के पलासमुद्रम का दौरा करेंगे। यहां वह कुछ परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। पीएम मोदी की यात्रा से पहले मुख्य सचिव केएस जवाहर रेड्डी ने शनिवार को तैयारियों की समीक्षा की। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए। पीएम मोदी निर्धारित कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए मंगलवार दोपहर पलासमुद्रम पहुंचेंगे और शाम को वापस लौट आएंगे। कार्यक्रम में राज्यपाल एस अब्दुल नजीर और सीएम वाईएस जगन मोहन रेड्डी के भी शामिल होने की उम्मीद है। 

तेलंगाना में हादसे के बाद बस में लगी आग
तेलंगाना के गडवाल जिले में शनिवार सुबह एक निजी बस में सड़क हादसे के बाद आग लग गई और उसमें सवार महिला जिंदा जल गई, जबकि तीन लोग झुलस गए। आंध्र के चित्तूर जा रही बस में हादसे के बाद महिला फंस गई थी और आग चपेट में आ गई। पुलिस को संदेह है कि चालक तेज गति से वाहन चला रहा होगा या उसे झपकी आ गई होगी।

मिजोरम में 5.62 करोड़ रुपये की हेरोइन और विदेशी सिगरेट जब्त
मिजोरम के चम्फाई जिले में असम राइफल्स के जवानों ने कुल 5.62 करोड़ रुपये की हेरोइन और तस्करी कर लाई गई विदेशी सिगरेट जब्त की है। एक अधिकारी ने शनिवार को कहा, गुप्त सूचना पर जवानों ने मिजोरम-म्यांमार सीमा के पास जोखावथार गांव में अभियान चलाया था। इस दौरान एक महिला तस्कर से 628 ग्राम हेरोइन बरामद की गई, जिसकी कीमत 4.29 करोड़ है। इसके अलावा, पड़ोसी देश से तस्करी कर लाई गई 1.23 करोड़ सिगरेट की 95 पेटियां बरामद की गईं।

जयपुर में 14 साल की लड़की का अपहरण कर दुष्कर्म, 2 गिरफ्तार  
बाइक सवार दो दरिंदों ने 14 वर्षीय लड़की का अपहरण कर दुष्कर्म किया। पुलिस ने शनिवार को बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। घटना शुक्रवार रात की है आरोपी मोहन लाल और राजू ने जयपुर के रिन्यूवल इलाके के पास लड़की का उस समय अपहरण कर लिया जब वह टहल रही थी। आरोपी दोपहिया वाहन पर आए थे और लड़की को जबरन अपने साथ बैठा लिया। वे उसे अपने आवास पर ले गए।

अलायंस एयर ने लक्षद्वीप के लिए शुरू कीं अतिरिक्त उड़ानें
भारत-मालदीव विवाद के बीच लक्षद्वीप जाने वाले पर्यटकों की संख्या बढ़ गई है। इसे देखते हुए लक्षद्वीप के लिए उड़ान सेवाएं संचालित करने वाली एकमात्र एयरलाइन अलायंस एयर ने उड़ानों की संख्या बढ़ा दी है। कंपनी रोज कोच्चि से लक्षद्वीप व लक्षद्वीप से कोच्चि 70 सीटर विमान संचालित करती है। अब सप्ताह में दो अतिरिक्त उड़ानें रविवार व बुधवार को संचालित होंगी। कंपनी ने बताया, कोच्चि से अगत्ती द्वीप के बीच दैनिक उड़ान के मार्च तक के सभी टिकट बिक चुके हैं। 

परेड में भारत निर्मित हथियार होंगे आकर्षण
भारतीय सेना की ओर से इस साल की गणतंत्र दिवस परेड में मेड इन इंडिया के निर्मित हथियार आकर्षण का केंद्र होंगे। इसमें एलसीएच प्रचंड हेलिकॉप्टर, पिनाक मल्टी-बैरल रॉकेट लॉन्चर और नाग एंटी-टैंक मिसाइलें शामिल हैं। रक्षा बलों में महिलाओं की बढ़ती भूमिका को भी सेना परेड में प्रदर्शित करेगी। इसमें वायु सेना और नौ सेना सहित तीनों सेवाओं से जुड़ीं 60 महिला सैनिक मार्चिंग दल का हिस्सा होंगी। एलसीएच प्रचंड एचएएल की ओर से डिजाइन और निर्मित पहला स्वदेशी मल्टी-रोल कॉम्बैट हेलिकॉप्टर है। इसमें शक्तिशाली जमीनी हमले और हवाई युद्ध क्षमता है। हेलिकॉप्टर में आधुनिक स्टील्थ विशेषताएं, मजबूत कवच सुरक्षा और जबरदस्त रात में हमला करने की क्षमता है। जहाज पर उन्नत नेविगेशन प्रणाली, नजदीकी लड़ाई के लिए तैयार बंदूकें और शक्तिशाली हवा से हवा में मार करने वाली मिसाइलें एलसीएच को आधुनिक युद्धक्षेत्र के लिए विशेष रूप से अनुकूल बनाती हैं। नाग मिसाइल को डीआरडीओ की ओर से दिन और रात की स्थितियों में अत्यधिक मजबूत दुश्मन टैंकों से निपटने के लिए विकसित किया गया है। 

स्कूलों में चलाया जाएगा नशा मुक्ति अभियान
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) के संबंध्द में सभी स्कूलों के छात्रों के लिए नशा मुक्ति भारत अभियान चलाया जाएगा। ये अभियान  भारत सरकार और आर्ट ऑफ वाइल्डलाइफ ट्रस्ट (एओएल) एसोसिएशन के सहयोग से कराया जा रहा है। इसका मकसद छात्रों को नशे से दूरी बनाने में मदद करना, इसके नुकसान के बारें में बताना, नशा छुड़ाने के लिए जागरूक करना हैं। सीबीएसई की ओर से जारी परिपत्र के मुताबिक इस अभियान में एओएल की ओर से स्कूलों में योगा, ध्यान लगाना सहित अन्य गतिविधियां कराई जाएंगी। साथ ही उन्हें नशे को ना कहे का संदेश दिया जाएगा। वहीं, छात्रों के बीच नशामुक्ति जागरूकता जन्मोत्सव के लिए आश्रम, रैलियां, आश्रम और अन्य कार्यक्रम भी कराए जाएंगे। इसके लिए एनएमबीई ने सभी स्कूलों से आग्रह किया है कि वे छात्रों को इसकी जानकारी दें और उन्हें इसमें भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करें।


सीबीएसई ने जारी की सीटीईटी की एग्जाम सिटी स्लिप
केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने केन्द्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (सीटीईटी) की परीक्षा सिटी स्लिप जारी कर दी है। उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट ctet.nic.in पर जाकर सिटी स्लिप डाउनलोड कर सकते हैं। इस स्लिप के जरिए उम्मीदवार पता लगा सकता है कि उसकी परीक्षा किस शहर में होगी। वहीं, सीटीईटी की परीक्षा 21 जनवरी को आयोजित की   जाएगी, जो दो पालियों में आयोजित की जाएगी। सीबीएसई की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक, एक शिफ्ट में परीक्षा सुबह 9.30 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी और दूसरी में दोपहर दो बजे से 4.30 बजे तक चलेंगी। उम्मीदवारों को परीक्षा शुरू होने से दो घंटे पहले परीक्षा केंद्र पर रिपोर्ट करना जरूरी है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed