कोरोना: 58 दिन बाद मौत का आंकड़ा दो हजार से नीचे, लगातार चौथे दिन 70,000 से कम केस हुए दर्ज
देश में कोरोना वायरस के दैनिक मामलों में उतार-चढ़ाव जारी है। बीते 24 घंटे में देश में कोरोना के 62480 नए केस सामने आए। पिछले चार दिनों से दैनिक मामले 70 हजार से कम दर्ज हो रहे हैं। इतना ही नहीं 58 दिनों के बाद मौत का आंकड़ा दो हजार से कम दर्ज हुआ है।
विस्तार
देश में कोरोना वायरस के दैनिक मामलों में उतार-चढ़ाव जारी है। पिछले 24 घंटे में देश में कोरोना के 62,480 नए मामले सामने आए और 58 दिनों के बाद दो हजार से कम मौत का आंकड़ा दर्ज हुआ। बता दें कि पिछले चार दिनों से लगातार कोरोना के दैनिक मामले 70 हजार से कम आ रहे हैं।
62480 मरीजों के सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 2,97,62,793 हो गई। वहीं 1587 और लोगों की संक्रमण से मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 3,83,490 हो गई। पिछले 61 दिन में संक्रमण से मौत के ये सबसे कम मामले हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने ये जानकारी दी।
राष्ट्रीय दर में लगातार सुधार
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से शुक्रवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, देश में 73 दिन बाद कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या आठ लाख से कम हुई है और मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 96 फीसदी के पार पहुंच गई है। देश में अभी 7,98,656 लोगों का कोरोना वायरस संक्रमण का इलाज चल रहा है, जो कुल मामलों का 2.68 प्रतिशत है। मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर बढ़कर 96.03 प्रतिशत हो गई है।
India reports 62,480 new #COVID19 cases, 88,977 discharges & 1,587 deaths in last 24 hrs, as per Health Ministry
Total cases: 2,97,62,793
Total discharges: 2,85,80,647
Death toll: 3,83,490
Active cases: 7,98,656 (below 8 lakh after 73 days)
Vaccination: 26,89,60,399 pic.twitter.com/hhd9c2krzs — ANI (@ANI) June 18, 2021
सक्रिय मामलों में गिरावट जारी
आंकड़ों के अनुसार, देश में अभी तक कुल 38,71,67,696 नमूनों की कोविड-19 संबंधी जांच की गई है, जिनमें से 19,29,476 नमूनों की जांच बृहस्पतिवार को की गई। दैनिक संक्रमण दर 3.24 प्रतिशत है। पिछले 11 दिन से यह दर पांच प्रतिशत से कम बनी हुई है। वहीं, संक्रमण की साप्ताहिक दर भी कम होकर 3.80 प्रतिशत हो गई है। संक्रमण मुक्त हुए लोगों की संख्या लगातार 36वें दिन संक्रमण के नए मामलों से अधिक रही।
कोरोना से अबतक 3.83 लाख लोगों की मौत हुई
देश में अभी तक कुल 2,85,80,647 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं। कोविड-19 से मत्यु दर 1.29 प्रतिशत है। देश में अभी तक कुल 26,89,60,399 लोगों को कोविड-19 रोधी टीके लग चुके हैं। आंकड़ों के अनुसार, देश में पिछले 24 घंटे में 1,587 लोगों की संक्रमण से मौत हुई, जिनमें से महाराष्ट्र के 636, तमिलनाडु के 210 और कर्नाटक के 138 लोग थे।
मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, देश में संक्रमण से अभी तक 3,83,490 लोगों की मौत हुई है, जिनमें से महाराष्ट्र के 1,16,026, कर्नाटक के 33,434 , तमिलनाडु के 30,548 , दिल्ली के 24,886, उत्तर प्रदेश के 22,030, पश्चिम बंगाल के 17,182, पंजाब के 15,738 और छत्तीसगढ़ के 13,361 लोग थे।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि अभी तक जिन लोगों की मौत हुई है, उनमें से 70 प्रतिशत से ज्यादा मरीजों को अन्य बीमारियां भी थीं। मंत्रालय ने अपनी वेबसाइट पर बताया कि उसके आंकड़ों का भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के आंकड़ों के साथ मिलान किया जा रहा है।