कोरोना: लगातार घट रहे दैनिक मामले, बीते 24 घंटे में मिले 39796 नए केस, 723 मरीजों ने गंवाई जान
देश में कोरोना वायरस के मामले लगातार घट रहे हैं, हालांकि तीसरी लहर की संभावना अभी भी चिंता का विषय बना हुआ है। बीते 24 घंटे में देश में कोरोना के 39796 मामले सामने आए और 723 मरीजों की जान गई।
विस्तार
देश में कोरोना वायरस की दूसरी लहर की रफ्तार अब धीमी होती जा रही है। देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 39796 नए मामले सामने आए और इसी दौरान 723 मरीजों ने इस खतरनाक वायरस के आगे दम तोड़ दिया। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने इसकी जानकारी दी।
मंत्रालय की ओर से जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देश में कोविड-19 के एक दिन में 39,796 नए मामले सामने आने के बाद इस बीमारी की चपेट में आए लोगों की कुल संख्या 3,05,85,229 हो गई है जबकि 723 और मरीजों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 4,02,728 पर पहुंच गई है।
लगातार घट रहे सक्रिय मामले
ताजा आंकड़ों के मुताबिक देश में उपचाराधानी मरीजों की संख्या और घटकर 4,82,071 हो गई है और यह कुल संक्रमण का 1.58 प्रतिशत है जबकि कोविड से स्वस्थ होने की राष्ट्रीय दर सुधरकर 97.11 प्रतिशत हो गई है। मंत्रालय ने बताया कि 24 घंटे की अवधि में उपचाराधीन मामलों की संख्या 3,279 घटी है।
साप्ताहिक संक्रमण दर 2.4 फीसदी- मंत्रालय
आंकड़ों के मुताबिक, रविवार को कोरोना वायरस के संक्रमण का पता लगाने के लिए कुल 15,22,504 जांच की गईं जिसके बाद देश भर में कोविड-19 के लिए की गई जांचों का कुल आंकड़ा 41,97,77,457 हो गया है। दैनिक संक्रमण दर 2.61 प्रतिशत दर्ज की गई। लगातार 28 दिनों से यह दर पांच प्रतिशत से कम बनी हुई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक साप्ताहिक संक्रमण दर भी घटकर 2.4 प्रतिशत हो गई है।
35 करोड़ से ज्यादा लोगों ने लगवाई वैक्सीन
मंत्रालय ने बताया कि लगातार 53 दिनों से स्वस्थ होने वालों की संख्या रोजाना सामने आ रहे मामलों से ज्यादा बनी हुई है। साथ ही इसने बताया कि बीमारी से ठीक हुए लोगों की संख्या बढ़कर 2,97,00,430 हो गई है। आंकड़ों के मुताबिक संक्रमण से मृत्यु दर 1.32 प्रतिशत है। मंत्रालय ने बताया कि राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत देश में कोविड-19 रोधी टीके की कुल 35.28 करोड़ खुराकें दी जा चुकी हैं।