{"_id":"5f1f72d1b8f7f25ad9602daa","slug":"india-indonesia-defence-deal-india-and-indonesia-pledged-to-increase-defence-cooperation-further","type":"story","status":"publish","title_hn":"भारत-इंडोनेशिया ने लिया रक्षा सहयोग को और बढ़ाने का संकल्प","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
भारत-इंडोनेशिया ने लिया रक्षा सहयोग को और बढ़ाने का संकल्प
Tue, 28 Jul 2020 06:05 AM IST
संजीव कुमार झा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: संजीव कुमार झा
Updated Tue, 28 Jul 2020 06:05 AM IST
विज्ञापन
भारत और इंडोनेशिया के रक्षामंत्री
- फोटो : twitter@rajnath singh
भारत और इंडोनेशिया ने सोमवार को रक्षा उद्योग और प्रौद्योगिकी साझा करने समेत कई क्षेत्रों में रणनीतिक सहयोग और बढ़ाने का संकल्प लिया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और इंडोनेशिया के रक्षामंत्री जनरल प्राबोवो सुबियांतो के बीच हुई बातचीत के दौरान रक्षा और सैन्य संबंधों को और विस्तार देने के संभावित क्षेत्रों पर चर्चा हुई। दोनों देश अपनी सुरक्षा साझेदारी को नई गति देने की दिशा में प्रयासरत हैं।
विज्ञापन
रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा, दोनों मंत्रियों ने परस्पर सहमति वाले क्षेत्रों में द्विपक्षीय रक्षा सहयोग को और बढ़ाने पर एक राय व्यक्त की। इस दौरान दोनों के बीच ब्रह्मोस क्रूज मिसाइल के संभावित निर्यात और समुद्री सुरक्षा बढ़ाने को लेकर प्रमुखता से चर्चा हुई।
विज्ञापन
दोनों मंत्री रक्षा उद्योग और रक्षा प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर सहमत हुए। 2018 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इंडोनेशिया यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच नया रक्षा सहयोग समझौता हुआ था।
विज्ञापन
बैठक के दौरान सीडीएस जनरल बिपिन रावत, सेना प्रमुख एमएम नरवणे, नौसेना प्रमुख एडमिरल करमबीर सिंह, वायुसेना प्रमुख आरकेएस भदौरिया और रक्षा सचिव अजय कुमार मौजूद थे।