{"_id":"6911e9054ba1016f2309bb44","slug":"india-currency-shortage-new-inr-10-and-20-notes-issued-by-rbi-used-in-weddings-reply-to-rti-reveals-data-2025-11-10","type":"story","status":"publish","title_hn":"Currency Shortage: क्या लगन के बीच कालाबाजारी? RBI के 10 और 20 रुपये वाले लाखों नए नोट कहां? RTI से मिला जवाब","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
Currency Shortage: क्या लगन के बीच कालाबाजारी? RBI के 10 और 20 रुपये वाले लाखों नए नोट कहां? RTI से मिला जवाब
विज्ञापन
सूचना का अधिकार (सांकेतिक)
- फोटो : अमर उजाला
भारतीय रिजर्व बैंक ने 2023 से 2025 के बीच तीन वर्षों में दस रुपये के 7.65 लाख नए नोट जारी किए हैं। इसी तरह 20 रुपये के 3.94 लाख नए नोट जारी किए गए हैं। इसमें 2025 में जारी किए गए 1.38 लाख नए नोट शामिल हैं। लेकिन इसके बाद भी जब कस्टमर किसी बैंक में नए नोट पाने की कोशिश करता है तो उसे नए नोट नहीं मिलते। लेकिन खुले बाजार में इन्हीं नोटों की खूब कालाबाजारी हो रही है। और पैसा चुकाने पर चाहे जितने दस-बीस रूपये के नए नोटों की गड्डियां प्राप्त की जा सकती हैं।
विज्ञापन
अमर उजाला की पड़ताल में दिल्ली के लक्ष्मीनगर इलाके में 'नोटों का धंधा' करने वाले एक दुकानदार ने बताया कि दस रूपये के नए नोटों के लिए 100 से 200 रुपये अतिरिक्त चुकाने पड़ रहे हैं। 20 रुपये के नए नोट 50 से 100 रुपये की अतिरिक्त कीमत पर उपलब्ध होते हैं। दुकानदार ने बताया कि विवाह सीजन में नए नोटों की मांग अचानक बढ़ जाती है। उस समय ग्राहकों को नए नोटों के लिए ज्यादा कीमत चुकानी पड़ती है, लेकिन बाद के सीजन में कम कीमत पर भी नए नोट मिल जाते हैं। लोग माला बनाने से लेकर उड़ाने के लिए दस-बीस रूपये के नोट खूब ले जाते हैें। इसके लिए वे अतिरिक्त कीमत भी चुकाते हैं।
विज्ञापन
नए नोटों गड्डी का यह व्यापार केवल दस-बीस रूपये तक सीमित नहीं रहता। पचास और सौ रूपये की नई गड्डियां भी खूब डिमांड में रहती हैं। हालांकि, सामान्य बैंक की शाखाओं से सौ रुपये की गड्डियां आसानी से मिल जाती हैं, लिहाजा इसकी बाजार में मांग कम होती है। लेकिन इसके बाद भी कोई समय बचाने के लिए खुले बाजार से इसे लेना चाहे तो उसे प्रति गड्डी 50 से 100 रूपये तक की अतिरिक्त कीमत चुकानी पड़ती है।
विज्ञापन
नोटों का धंधा करने वाले दुकानदार ने अमर उजाला को बताया कि नोटों के इस व्यापार का बड़ा बाजार चांदनी चौक है। इसके अलावा सदर बाजार, भागीरथ पैलेस और लाजपत नगर में इनका खूब धंधा होता है। दुकानदार के अनुसार, ये नोट केवल दिल्ली-एनसीआर में ही नहीं खपते, बल्कि इसे देश के दूसरे इलाकों में भी भेजा जाता है।
रिजर्व बैंक से नए नोट लेने के लिए लगती है लंबी लाइन
आम लोगों की सुविधा के लिए रिजर्व बैंक से भी नए नोटों की गड्डियां दी जाती हैं। लेकिन इसके लिए लोगों को सुबह ही लाइन में लगना पड़ता है। दो-तीन घंटा समय बर्बाद करने के बाद भी लोगों को एक-दो से अधिक गड्डियां नहीं दी जाती हैं। विवाह का कार्ड दिखाने पर अधिकारी दो या तीन नोटों की नई गड्डियां दे देते हैं। आरोप है कि सामान्य लोगों की इस भीड़ में नोटों के व्यापारियों के कुछ लोग भी शामिल होते हैं जो रिजर्व बैंक से पैसा लेने के बाद व्यापारी को सौंप देते हैं। इसके बाद इसे सही कीमत पर बाजार में बेचा जाता है।
कब कितने नए नोट किए जारी
आरटीआई कार्यकर्ता तेजपाल सिंह ने अमर उजाला को बताया कि नए नोटों के निर्गत करने की जानकारी के लिए उन्होंने एक आरटीआई लगाई। इसके जवाब में रिजर्व बैंक ने बताया कि वर्ष 2023 में 10 रूपये के 2,62,123 नोट, वर्ष 2024 में 2,49,506 नोट और 2025 में 2,53,590 नए नोट जारी किए गए थे। इन तीनों वर्षों में दस रूपये के कुल 7 लाख 65 हजार 2 सौ 19 नए नोट जारी किए गए थे। इसी प्रकार 20 रूपये के 2023 में 1,25.802 नए नोट 2024 में 1,33,973 नोट और 2025 में 1,38,398 नए नोट जारी किए गए। इस तरह तीन वर्षों में 20 रुपये के 3.98 लाख नए नोट जारी किए गए।
उन्होंने कहा कि जबकि सरकार का दावा है कि डिजिटल लेनदेन बढ़ने से लोग छोटे नकदी करेंसी कम इस्तेमाल कर रहे हैं। लेकिन इसके बाद भी सच्चाई यह है कि ग्रामीण इलाकों में गरीब वर्ग के बीच इनका चलन आज भी बना हुआ है। लेकिन लोगों को अपनी जरूरत के लिए नोट नहीं मिल रहे हैं। कई बार इसके कारण दुकानदारों से कहा-सुनी हो जाती है। उन्होंने कहा कि सरकार को इस रैकेट के पीछे के लोगों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए जिससे आम लोगों की परेशानियां कम हों।