भारतीय विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) में संयुक्त राष्ट्र की कार्यप्रणाली को बेहतर करने के विचार रखने के साथ आतंकवाद के मुद्दे पर पाकिस्तान को आईना भी दिखाया। आतंकवाद पर सख्त रुख दिखाते हुए स्वराज ने सीधे-सीधे पाकिस्तान का नाम लेते हुए कहा कि आतंकवाद के प्रति पाकिस्तान स्पष्ट तौर पर जिम्मेदार है।
उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही पाकिस्तान की हरकतों पर रोक नहीं लगाई गई तो वहां से उठ रही आतंकवाद की आग में पूरी दुनिया जलेगी। पेश हैं सुषमा के पाकिस्तान को लेकर वक्तव्य के प्रमुख बिंदु
आतंक की आग में जलेगी दुनिया
विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने पाकिस्तान पर हमला बोलते हुए कहा कि पाकिस्तान विश्व भर में बढ़ते आतंकवाद को लेकर सीधे तौर पर जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही पाकिस्तान की हरकतों पर रोक नहीं लगाई गई तो पूरी दुनिया आतंकवाद की आग में जलेगी। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान आतंकवादियों को संरक्षण देने का काम करता है।
दुनिया पहचान रही है पाक का असली चेहरा
सुषमा ने कहा कि धीरे-धीरे ही सही लेकिन पाकिस्तान का असली चेहरा पूरी दुनिया के सामने आ रहा है। पाकिस्तान की हरकतें ज्यादा दिन तक उसकी असलियत और नापाक इरादे छिपा नहीं सकती हैं। आतंकवाद को लेकर पाकिस्तान का नर्म रुख ही उसके चेहरे से नकाब उतारेगा।
लिस्ट में आतंकियों का नाम रखने भर से नहीं हल होगा आतंकवाद का मु्द्दा
पाकिस्तान द्वारा आतंकियों की सूची बनाने और उसमें आतंकियों का नाम शामिल करने को लेकर स्वराज ने कहा कि सूची में नाम लिखने भर से आतंकवाद का मुद्दा हल नहीं हो जाता। इसके लिए सख्त कदम उठाने पड़ते हैं। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान का यह ढोंग है कि वह आतंक की खिलाफत करता है। असल में पाकिस्तान आतंकवादियों का समर्थक है।
झूठे आरोप लगाने में माहिर है पाकिस्तान
भारतीय विदेश मंत्री ने कहा कि पाकिस्तान भारत पर मानवाधिकार उल्लंघन के आरोप लगाता रहा है। लेकिन सबसे ज्यादा मानवाधिकारों का उल्लंघन करने वाला देश खुद पाकिस्तान ही है। चेतावनी के बावजूद पाकिस्तानी सेना बॉर्डर पर घुसपैठ, सीमा विराम का उल्लंघन जैसी हरकतों को अंजाम देती रही है। उन्होंने कहा कि आरोप लगाने से पहले पाकिस्तान पहले खुद अपने गिरेबान में झांक कर देखे।