महा रिकॉर्ड: एक दिन में 85 लाख से ज्यादा लोगों को लगी वैक्सीन, 16 लाख टीके लगाकर मप्र बना नंबर एक
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर भारत सरकार ने टीकाकरण अभियान के तीसरे चरण की शुरुआत की। शुरुआत के साथ ही पहले ही दिन देश में रिकॉर्ड टीकाकरण देखने को मिला। कोविड टीकाकरण के लिए संशोधित दिशानिर्देश लागू किए जाने के पहले दिन कोविड रोधी टीकों की 85 लाख से अधिक खुराकें लगाई गईं। प्रधानमंत्री मोदी ने इन आंकड़ों को उत्साह बढ़ाने वाला करार दिया।संशोधित दिशानिर्देशों में कहा गया था कि सभी नागरिक निशुल्क टीकाकरण के हकदार हैं, चाहे उनकी आय कितनी भी हो। जो लोग भुगतान करने की क्षमता रखते हैं, उन्हें निजी अस्पतालों के टीकाकरण केंद्रों का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है।
विस्तार
दुनिया ने सोमवार को सातवां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया। इसके साथ ही भारत में कोरोना टीकाकरण की नीति में बदलाव किया गया, जिसके बाद पहले दिन ही अब तक के सारे रिकॉर्ड टूट गए। सोमवार को 85 लाख से ज्यादा लोगों को टीका लगाया गया। राज्यों से पूरा डेटा आने के बाद यह संख्या और बढ़ने की उम्मीद है। कोविन पोर्टल पर उपलब्ध रात 12.30 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, देश में सोमवार को देश में टीके की 85 लाख 15 हजार 765 खुराकें लगाईं गईं। इससे पहले 5 अप्रैल को 43 लाख से ज्यादा लोगों को वैक्सीन लगाई गई थी।
राज्यों में टीकाकरण की बात करें तो मध्यप्रदेश सबसे ऊपर है। राज्य में शाम सात बजे तक 15 लाख से अधिक को कोरोना रोधी टीका लगाया गया। दूसरे स्थान पर कर्नाटक है, जहां 11 लाख से ज्यादा टीके लगाए गए हैं। वहीं, तीसरे स्थान पर उत्तर प्रदेश है। यहां सात लाख से अधिक लोगों को कोरोना रोधी टीके की खुराक लगाई गई है।
रिकॉर्ड टीकाकरण पर पीएम बोले, वेल डन इंडिया
वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि 'आज टीकाकरण के रिकॉर्ड तोड़ने वाले आंकड़े उत्साह बढ़ाने वाले हैं। वैक्सीन अभी भी कोरोना के खिलाफ सबसे मजबूत हथियार है। उन लोगों को बधाई जिन्होंने टीका लगवा लिया है। अग्रिम मोर्चे के सभी कर्मचारियों को धन्यवाद जो इतनी बड़ी संख्या में लोगों का टीकाकरण सुनिश्चित कर रहे हैं। वेल डन इंडिया।'
Today’s record-breaking vaccination numbers are gladdening. The vaccine remains our strongest weapon to fight COVID-19. Congratulations to those who got vaccinated and kudos to all the front-line warriors working hard to ensure so many citizens got the vaccine.
Well done India! — Narendra Modi (@narendramodi) June 21, 2021
टीकाकरण में सोमवार को शीर्ष पर रहे ये 3 राज्य
- मध्यप्रदेश: 16 लाख 73 हजार 858+
- कर्नाटक: 11 लाख 560
- उत्तर प्रदेश: सात लाख पांच हजार 185
मध्यप्रदेश: लक्ष्य से अधिक टीके लगाए
मध्यप्रदेश में एक दिन में रिकॉर्ड टीकाकरण होने के बाद सोमवार की शाम राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि हम लोगों का 10 लाख वैक्सीन लगाने का संकल्प था लेकिन मध्यप्रदेश में जैसा माहौल बना और वैक्सीनेशन अभियान से समाज का हर वर्ग जुड़ गया। कोविन पोर्टल के अनुसार राज्य में 16 लाख 73 हजार 858 टीके लगाए गए।
केंद्र सरकार ने संभाल ली है टीकाकरण की कमान
टीकाकरण की रफ्तार बढ़ने के पीछे प्रधानमंत्री के उस फैसले को भी बड़ी वजह बताया जा रहा है जिसके तहत उन्होंने एलान किया था कि 21 जून से वैक्सीन लगाने की पूरी जिम्मेदारी केंद्र की होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सात जून को कहा था कि 21 जून से 18 वर्ष से ऊपर की उम्र के सभी नागरिकों के लिए केंद्र सरकार राज्यों को मुफ्त टीका देगी।
इतने में तो हो जाएगा कई देशों का पूरा टीकाकरण
भारत में सोमवार को जिस रफ्तार से टीकाकरण हुआ है वह एक-दो नहीं बल्कि कई देशों का टीकाकरण करने के लिए पर्याप्त है। भारत ने आज जितने टीके लगाए उतने में आधे स्वीडन या एक न्यूजीलैंड या दो नामीबिया या चार मॉरीशस या 10 मालदीव या 25 समोआ या 50 सेशेल्स या सौ सेंट किट्स का टीकाकरण किया जा सकता है।
इंदौर में टीकाकरण करवाने पर दिए जा रहे उपहार
मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में टीका लगवाने वाले लोगों को तरह-तरह के तोहफे दिए जा रहे हैं। कारोबारी संगठनों और उद्यमियों की ओर से दिए जा रहे इन तोहफों में बस टिकटों से लेकर रेफ्रिजरेटर तक शामिल हैं। यह कदम कोविड-19 के खिलाफ सोमवार से शुरू टीकाकरण महा अभियान को प्रोत्साहित करने के लिए उठाया गया है।