Heavy Rain and Flood: महाराष्ट्र-गुजरात में बारिश का कहर जारी, 11 जिलोंं में रेड अलर्ट, आज इन राज्यों में होगी बरसात
देश के कई हिस्सों में भारी बारिश और बाढ़ का प्रकोप लगातार जारी है। खासतौर पर महाराष्ट्र और गुजरात में हालात बेहद बिगड़ गए हैं।
विस्तार
महाराष्ट्र में बारिश और बाढ़ का कहर जारी है। कई जगह भूस्खलन की घटना भी सामने आई है। मौसम विभाग ने मुंबई और पुणे समते महाराष्ट्र के 11 जिलों में 14 जुलाई के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने महाराष्ट्र के मुंबई, रत्नागिरि, कोल्हापुर, रायगढ़, अमरावति, सतारा, सिंधुदुर्ग और ठाणे में रेड अलर्ट जारी किया है। नासिक और पुणे में भी भारी वर्षा हो सकती है।
पालघर में भारी बारिश के कारण मकान पर चट्टान गिरने से पिता-पुत्री की मौत हो गई। उधर, गढ़चिरौली जिले में 19 गांवों के करीब 2000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है। जिले में बुधवार सुबह 8:30 बजे तक पिछले 24 घंटे के अंदर 97 मिली मीटर से ज्यादा बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है। राज्य में गोदावरी, कालेश्वरम और इंद्रावती सहित कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। मुंबई-अहमदाबाद के व्यस्त राजमार्ग पर कई पेड़ गिर गए हैं, जहां पाइपलाइन का काम चल रहा था।
पालघर के वासी में लगातार हो रही बारिश के कारण सुबह 6:30 बजे पहाड़ी से एक चट्टान के मकान पर गिरने से पिता और पुत्री की मौत हो गई, वहीं परिवार के दो अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हैं। आपदा प्रबंधन विभाग के प्रमुख विवेकानंद कदम ने बताया कि 45 वर्षीय अनिल सिंह और उनकी बेटी रोशनी सिंह (16) की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी वंदना सिंह और 12 वर्ष का बेटा मलबे में फंस गए थे। उन्हें स्थानीय लोगों और दमकल कर्मियों की मदद से निकाल कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों ने बताया कि पुणे-सतारा मार्ग पर कटराज सुरंग के पास भी भूस्खलन के कारण काफी परेशानी हुई। दोपहर को एक बड़ी चट्टान गिरने से सड़क जाम हो गई। पुणे में भारी बारिश जारी है।
300 परिवार चार दिन से नहीं बना पाए खाना
राज्य के हिंगोली जिले के कुरुंडा गांव में बाढ़ का भयावह दृश्य है। बाढ़ में करीब 300 परिवारों के राशन और अन्य सामान बह गए। इन परिवारों ने चार दिन से खाना भी नहीं बनाया है। स्थानीय राजस्व अधिकारी ने बताया कि बाढ़ का पानी निकल गया है, लेकिन बारिश लगातार जारी है। यहां 150 मकान ढह गए। प्रभावित प्रत्येक परिवारों को 5000-5000 रुपये दिए जाएंगे। गांव में एनजीओ की ओर से लोगों को राशन बांटे जा रहे हैं।
नागपुर में बांध के पास कई गांवों के लिए अलर्ट
अधिकारियों ने बताया कि नागपुर जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण कई बांधों के पास कई गांवों के लिए अलर्ट जारी किया गया है। उन्होंने बताया कि जलस्तर बढ़ने के कारण पानी छोड़ा जाना है, जिससे गांवों का खतरा हो सकता है। कलक्टर आर विमला ने कहा कि नवेगांवखैरी, नंद और वीणा डैम के फाटक खोल दिए गए हैं। इससे सओनर, परसेओनी, रामटेक, उमरेड और भीवापुर तहशील में खतरा है।
मुंबई के निचले इलाकोें में पानी भरा
मुंबई और आसपास के इलाकों में बुधवार सुबह से रुक रुक कर हो रही बारिश के कारण निचले इलाकों पानी भर गया। पूरे शहर में सड़कों पर भीषण जाम के कारण जनजीवन प्रभावित रहा। मुंबई की जीवन रेखा कही जाने वाली लोकल ट्रे के अप्रभावित रहने से लोगों को थोड़ी राहत है। हार्बर लाइन पर ट्रेनों की रफ्तार धीमी रही।
पानी में फंसी बस से 35 यात्रियों को सुरक्षित निकाला
महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले में लबालब भरे एक नाले के पुल पर फंसी बस से पुलिस ने 35 यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया। बस के पानी में फंसने से यात्रियों की सांसें अटक गईं। यह घटना सुबह में उस वक्त हुई जब एक बस मध्य प्रदेश से हैदराबाद जा रही थी। बस चंद्रपुर जिला मुख्यालय से 28 किमी दूर चिंचोली नाला पर बाढ़ में डूबे पुल से गुजर रही थी कि बीच पुल पर वह फंस गई। दरअसल भारी बारिश के कारण लबालब भरे इराई बांध से पानी छोड़ने के लिए सात फाटक खोले गए थे। उस पानी से नाला भर गया था।
नासिक में छह लोग बहे, एक का शव मिला
नासिक। जिले में पिछले 24 घंटे के दौरान भारी बारिश में अलग-अलग स्थानों पर छह लोग बह गए। अधिकारियों ने बताया कि उनमें से छह वर्षीय एक बच्ची का शव मिल गया है। बच्ची अपने चाचा के साथ डिंडोरी तालुका की अलांदी नदी पार कर रही थी। तेज बहाव में चाचा तो तैरकर पार हो गया, लेकिन बच्ची बह गई। नासिक जिले में मंगलवार से तेज बारिश जारी है।
सीएम शिंदे ने आपात सेवाओं को अलर्ट पर रखने का निर्देश दिया
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बुधवार को बारिश और बाढ़ से उत्पन्न हालात का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को सभी जरूरी सेवाओं को अलर्ट पर रखने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों को किसी भी अप्रिय घटना को रोकने और प्रभावित लोगों तक समय पर सहायता पहुंचाने का निर्देश दिया। क्षेत्रीय मौसम कार्यालय ने बृहस्पतिवार को भारी बारिश का अनुमान जताया है।
पिछले 24 घंटे में 6 और लोगों की मौत
दक्षिण गुजरात और कच्छ-सौराष्ट्र क्षेत्रों के कुछ हिस्सों में भारी बारिश के चलते बाढ़ के हालात हो गए हैं। पिछले 24 घंटे में 6 और लोगों की मौत हुई है। इसके बाद मृतकों की कुल संख्या 69 (जून से अब तक) तक पहुंच गई है। राज्य सरकार के अधिकारियों ने बताया कि गुजरात के विभिन्न हिस्सों में बारिश का कहर जारी है। बाढ़ प्रभावित इलाकों से कुल 29,000 से अधिक लोगों को निकाला गया, जिनमें से कुछ अब भी राहत कैंप में हैं और बाकी अपने घर लौट गए हैं। दक्षिण गुजरात के जिलों में पिछले कुछ दिनों से भारी बारिश जारी है और सौराष्ट्र क्षेत्र में कच्छ-राजकोट के कुछ इलाकों में सोमवार रात से भारी बारिश का कहर जारी है। दक्षिणी इलाकों में लगातार बारिश के चलते राज्य के सबसे बड़े शहर अहमदाबाद के कई हिस्से जलमग्न हो गए।
स्टेट इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर के अनुसार, कच्छ के अंजार तालुका में छह घंटे में 167 मिमी बारिश हुई, जबकि जिले के गांधीगनगर तालुका में 145 मिमी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक भारी का अलर्ट जारी किया गया है। छत्तीसगढ़ में भारी बारिश के बाद बाढ़ के चलते राज्य का आंध्र प्रदेश से संपर्क टूट गया है।
मुख्यमंत्री ने किया बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा
गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र भाई पटेल ने नवसारी के अलावा वलसाड़ और डांग जिलों में बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई दौरा किया। इसके बाद राहत शिविर में रह रहे लोगों को हर संभव मदद का भरोसा भी दिया।
ओडिशा में भूस्खलन में 10 मकान क्षतिग्रस्त
भुवनेश्वर। ओडिशा के कई जिलों में भारी बारिश से कई जगह भूस्खलन की खबरे हैं। गजपति जिले 10 मकान क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि मलकानगिरी और कालाहांडी जिलों में सड़कें जलमग्न हैं। मौसम विभाग ने दक्षिणी ओडिशा के नौ जिलों में अगले दो दिनों में भारी से बहुत भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया है। अधिकारी के मुताबिक मलकानगिरी जिले और आसपास भीषण बरसात के कारण पड़ोसी राज्य तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और छत्तीसगढ़ से उसका सड़क संपर्क कट गया है। सड़कों पर छह से आठ फुट पानी बह रहा है।
कर्नाटक में 32 की मौत
कर्नाटक में बारिश और बाढ़ की वजह से अब तक 32 लोगों की जान जा चुकी है। मुख्यमंत्री बासवराज बोम्मई ने लोगों की मदद के लिए तत्काल प्रभाव से 500 करोड़ रुपये जारी किए हैं। यहां बाढ़ प्रभावित इलाकों में स्कूल और कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। मौसम विभाग ने गुरुवार को भी राज्य के बड़े हिस्से में भारी बारिश की भविष्यवाणी की है।
इन राज्यों में होगी बारिश
तेलंगाना : राज्य में तीन दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश के कारण गोदावरी नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है और भद्राचलम में तीसरे चेतावनी स्तर पर पहुंच गया है। निचले इलाकों में लोगों को खाली कर दिया गया है और सुरक्षित स्थानों पर भेज दिया गया है।
#WATCH | Telangana: Due to continuous heavy rain for three days in the state, the water level in river Godavari has been rising rapidly and reached the third warning level at Bhadrachalam. People in the low-lying areas are evacuated and shifted to save places (13.07) pic.twitter.com/kfAMUQysOY
— ANI (@ANI) July 14, 2022
मौसम विभाग के मुताबिक 14 तारीख को तेलंगाना और पश्चिमी मध्य प्रदेश में तेज बारिश की संभावना है। वहीं 14 से 17 जुलाई के बीच विदर्भ में वर्षा होगी। इस बीच छत्तीसगढ़, ओडिशा, कोंकण और गोवा के साथ गुजरात में भी भारी बारिश हो सकती है। गुजरात में अभी बाढ़ से निजात मिलने वाला नहीं है।
मौसम विभाग का कहना है कि 14 जुलाई को पंजाब, हिमाचल प्रदेश और हरियाणा में हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। वहीं अगले तीन दिनों तक उत्तराखंड में मध्यम से भारी वर्षा के आसार हैं। 15 जुलाई को पश्चमी उत्तर प्रदेश में भी बारिश हो सकती है।