Mexico: सेंट्रल मेक्सिको के एक रिसॉर्ट में गोलीबारी, सात लोगों की मौत
गुआनाजुआतो शहर से लगभग 65 किमी (40 मील) दक्षिण में छोटे से शहर कॉर्टजार में स्थित एक रिसॉर्ट पर हमला कर सात लोगों की हत्या कर दी। बंदूकधारियों की तलाश में सुरक्षा बल लगा हुआ है।
विस्तार
सेंट्रल मेक्सिको के गुआनाजुआतो प्रांत में शनिवार को एक स्विमिंग रिसॉर्ट पर बंदूकधारियों ने हमला बोल दिया। इस हमले में एक बच्चे सहित 7 लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी रविवार को दी।
सोशल मीडिया पर हमले का वीडियो वायरल हो रहा है। गुआनाजुआतो शहर से लगभग 65 किमी (40 मील) दक्षिण में छोटे से शहर कॉर्टजार में स्थित एक रिसॉर्ट पर हमला कर सात लोगों की हत्या कर दी। बंदूकधारियों की तलाश में सुरक्षा बल लगा हुआ है।
सात साल के मासूम की मौत
कॉर्टजार के स्थानीय सुरक्षा विभाग का कहना है कि अब तक यह नहीं पता चल सका है कि गोली मारने के पीछे कौन था। हमले में सात साल के बच्चे समेत तीन पुरुषों और तीन महिलाओं की हत्या हुई है। वहीं, ला पाल्मा रिसॉर्ट में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है।
भारी हथियारों से लैस था हमलावर
हमले के तुरंत बाद लिए गए वीडियो में एक स्विमिंग पूल के पास शवों का ढेर पड़ा हुए देखा जा सकता है। बता दें कि ये वीडियो एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा रिसॉर्ट में ही लिया गया है। शख्स ने बताया कि हमालवर भारी हथियारों से लैस थे और गोलीबारी कर रहे थे।
सिक्योरिटी कैमरे को तोड़ा
हमले के बाद हमलावर मौके से भाग गए। कॉर्टजार के सुरक्षा विभाग ने कहा कि हमलावरों ने रिसॉर्ट को भी भारी नुकसान पहुंचाया है और सिक्योरिटी कैमरे को भी तोड़ डाला। पुलिस ने अब तक आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया है।