गुलजार ने कहा, ‘सियासत नई पीढ़ी की जुबान को खराब कर देगी’
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जयपुर साहित्य सम्मेलन में तमाम हस्तियां जुटी हैं। इस दौरान इन्होंने अपने अपने विचार सामने रखे। गीतकार व फिल्मकार गुलजार ने राजनीतिज्ञों द्वारा एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप के लिए इस्तेमाल की जा रही भाषा के स्तर को लेकर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि सियासत में जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल हो रहा है, वह राजनीतिज्ञों की दोस्ती ही नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को भी खराब कर देगी। उन्होंने नसीहत दी है कि सियासत करने वालों को यह ध्यान रखना चाहिए कि जिस भाषा का वे इस्तेमाल कर रहे है, वह नई पीढ़ी तक जाएगी, इसलिए इस पर ध्यान जरूर दें।
उन्होंने कहा कि व्हाटसएप पर गुलजार के नाम से वायरल हो रही कविताओं में से एक भी उनकी नहीं है। जो लोग ऐसा कर रहे हैं, उन्हें अपने नाम से लिखने की हिम्मत दिखानी चाहिए। उन्होंने कहा कि हिंदी और उर्दू के बीच कोई विवाद नहीं है, क्योंकि उर्दू हिंदी से अलग नहीं है। हम जो बोलते हैं उसे हिंदुस्तानी नाम दे दीजिए, सब झगड़ा खत्म हो जाएगा।
भाजपा ने सीबीआई को फुटबॉल बना दिया : थरूर
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने आरोप लगाया है कि अपने राजनीतिक फायदे के लिए भाजपा ने सीबीआई को फुटबॉल बना दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार सिर्फ सबरीमाला जैसे मुद्दे पर राजनीति व विवाद करना चाहती है। जयपुर साहित्य महोत्सव में शिरकत करने आए थरूर ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने सीबीआई की स्वायत्तता को ही कठघरे में खड़ा कर दिया है। भरोसा इतना उठ गया है कि राज्य सरकारें सीबीआई को जांच के लिए भेजना ही नहीं चाहतीं। थरूर ने किसान कर्ज माफी को बैडेज लगाने जैसा कदम बताया। उन्होंने कहा कि किसानों को इससे भी बड़े स्तर पर लाभ और राहत देना जरूरी है। आने वाले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के घोषणा पत्र में किसानों के हितों को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी की जाएंगी।
राहुल ही होंगे पीएम उम्मीदवार
प्रियंका की भूमिका के सवाल पर थरूर ने कहा कि लोकसभा चुनाव में यदि कांग्रेस को बहुमत मिलता है तो कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ही प्रधानमंत्री होंगे। यदि अन्य दलों के सहयोग से केंद्र में सरकार बनती है, तो विचार-विमर्श के बाद ही पीएम तय होगा। उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी की भूमिका अभी यूपी तक ही सीमित होगी और उन्होंने दावा किया कि यूपी में कांग्रेस की लोकसभा सीटों पर असर जरूर पड़ेगा। हालांकि देश में प्रियंका गांधी की भूमिका को पार्टी ही तय करेगी। यह भी देखना होगा कि प्रियंका को लेकर मतदाता का क्या फैसला रहता है। प्रियंका गांधी का राजनीतिक भविष्य काफी उज्ज्वल है और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में काफी जोश है।
किसान आत्महत्या पर कोई फिल्म बनाएगा, तो फ्लॉप हो जाएगी : अख्तर
शायर व पटकथा लेखक जावेद अख्तर ने मशहूर शायर कैफी आजमी और जांनिसार अख्तर को याद करते हुए कहा कि आजादी के बाद बनी मानवीय संवेदनाओं से भरी ‘दो बीघा जमीन’ फिल्म, जिसके अंत में किसान को हारता हुआ दिखाया, जो हिट हो गई थी। क्योंकि हम अपनी जड़ों से जुड़े हुए थे और समाज किसान की तकलीफ को समझता था। लेकिन आज हजारों किसान आत्महत्याएं कर रहे हैं, उन पर कोई फिल्म बनाई जाएगी तो वह फ्लॉप हो जाएगी। क्योंकि औद्योगीकरण ने समाज को खेतों से दूर करते हुए शहरों में मध्यम वर्ग के रूप में बसाया। ये वर्ग अपनी जड़ों से दूर हो गया है। यहां तक की अपनी भाषा तक से कट गया है।
विश्व की चार बड़ी भाषाओं में से एक होगी हिंदी : अशोक चक्रधर
हास्य कवि अशोक चक्रधर ने एक सत्र में कहा कि ऐसा केवल लग ही रहा है कि हिंदी का चलन कम हो रहा है। हिंदी का विकास कंप्यूटर ही करेगा। अंग्रेजी के आधार पर ही कंप्यूटर हिंदी को बढ़ा रहे हैं। आगे चलकर आप देखेंगे कि विश्व में सबसे अधिक प्रचलित चार बड़ी भाषाओं में से एक हिंदी होगी। उन्होंने कहा किसी के अच्छे दिन आए या न आएं, हिंदी के अच्छे दिन जरूर आएंगे। गूगल के सीईओ सुंदर पिचई के हवाले से कहा कि फिलहाल देश में इंटरनेट पर 95 प्रतिशत अंग्रेजी व पांच प्रतिशत हिंदी व अन्य क्षेत्रीय भाषाओं का इस्तेमाल हो रहा है, लेकिन आने वाले कुछ ही सालों में हिंदी व अन्य क्षेत्रीय भाषाओं का इस्तेमाल 46 प्रतिशत तक होने लगेगा।