दुनिया भर की ताकतें भी नहीं रोक पाईं देश के सबसे ऊंचे बांध का निर्माण: पीएम मोदी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रधानंमत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को बरसों तक विरोध का सामना करने वाले सरदार सरोवर बांध का उद्घाटन किया। पीएम ने नर्मदा पर बने देश के सबसे ऊंचे बांध का उद्घाटन करते हुए कहा कि दुनिया की किसी परियोजना में इतनी अड़चन नहीं आई, जितनी ‘इंजीनियरिंग के चमत्कार’ इस बांध की राह में आई। लेकिन हम इसे पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध थे।
देश के इस सबसे ऊंचे बांध से गुजरात, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और राजस्थान को पानी मिलेगा। यह देश का सबसे ऊंचा और दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा बांध है। इसके बनने में 65 हजार करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। 1945 में इसकी शुरुआत सरदार बल्लभ भाई पटेल ने थी और फिर 5 अप्रैल 1961 को देश के पहले पीएम जवाहरलाल नेहरू ने इसका शिलान्यास किया था।
पीएम ने अपने जन्मदिन पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सरदार सरोवर बांध को देश को समर्पित किया। सरदार सरोवर डैम के उद्घाटन के मौके पर पीएम के साथ केंद्रीय मंत्री नीतिन गडकरी, गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपानी और गुजरात के कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे। गुजरात के सीएम और बीजेपी नेताओं ने इसे राज्य की लाइफलाइन करार दिया।
पढ़ें- सरदार सरोवर बांध से दूर होगी सूखे-बाढ़ की समस्या, पढ़िए पीएम के भाषण की 10 बड़ी बातें
पीएम ने कहा कि अगर सरदार बल्लभ भाई पटेल और भीमराव आंबेडकर अगर कुछ दिन और जीवित रहते तो यह बांध 60-70 के दशक में ही बनकर तैयार हो जाता। इस बांध के निर्माण में अड़ंगा लगाने के लिए कई साजिशें रची गईं, लेकिन फिर भी हम इसे पूरा करने में सफल रहे।
पीएम ने कहा, सरदार सरोवर बांध का निर्माण रोकने के लिए बड़ी-बड़ी साजिशें हुईं। दुनिया की कोई ऐसी ताकत नहीं थी जिसने इसमें रुकावटें पैदा नहीं की हों। वर्ल्ड बैंक ने इस डैम के लिए पैसा नहीं दिया। अफवाह फैलाने वालों ने खूब झूठ फैलाया। लेकिन अब यह बन कर तैयार है। यह डैम एक करिश्मा है।
बांध के उद्घाटन के बाद मोदी ने ट्वीट कर कहा कि इससे लाखों किसानों को फायदा होगा और यह आम लोगों की उम्मीदों को पूरा करेगा। इस परियोजना से सालाना 100 करोड़ यूनिट पनबिजली पैदा होगी। बांध से गुजरात सौराष्ट्र, कच्छ और राज्य के उत्तरी इलाकों को और राजस्थान के कुछ जिलों को पानी मिलेगा।
मोदी का चुनावी दांव
सरदार सरोवर बांध के उद्घाटन से भाजपा को गुजरात में चुनावी फायदा हो सकता है। इससे पहले पीएम जापान के पीएम श़िजो अबे के साथ बुलेट ट्रेन परियोजना का उद्घाटन कर चुके हैं। राज्य में इस साल के आखिर में होने वाले चुनाव को देखते हुए इसे पीएम का अहम कदम माना जा रहा है।
बांध का विरोध
बांध के विरोध में सामाजिक कार्यकर्ता मेधा पाटेकर ने लंबा आंदोलन चलाया। मेधा के नेतृत्व में नर्मदा आंदोलन ने विस्थापितों के पुनर्वास और पर्यावरण का मुद्दा उठाया था। मेधा का कहना है कि सरदार सरोवर के 30 गेट खुलते ही मध्य प्रदेश के अलीराजपुर, बड़वानी, धार, खरगौन जिलों के 192, महाराष्ट्र के 33 और गुजरात के 19 गांव इतिहास का हिस्सा बन जाएंगे।
सरदार सरोवर बांध एक नजर में
1945 में सरदार पटेल ने की शुरुआत
5 अप्रैल 1961 में नेहरू ने किया शिलान्यास
56 साल लगे बांध निर्माण में
65 हजार करोड़ रुपये निर्माण में खर्च
138 मीटर का देश का सबसे ऊंचा बांध
30 दरवाजे
हर दरवाजे का वजन 450 टन
47.3 लाख क्यूबिक पानी संरक्षित करने की क्षमता
6000 मेगावाट बिजली पैदा होगी बांध से
बांध से सबसे ज्यादा फायदा गुजरात को
15 जिलों के 3137 गांवों के 18.45 लाख हेक्टेयर की जमीन की सिंचाई होगी
57 फीसदी बिजली मध्य प्रदेश को
27 फीसदी बिजली महाराष्ट्र को
17 फीसदी बिजली गुजरात को
राजस्थान को मिलेगा सिर्फ पानी