Gujarat: सूरत में भाई ने चचेरी बहन की चाकू मारकर की हत्या; अरावली में निर्माणाधीन इमारत से गिरकर मजदूर की मौत
Gujarat: एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने मंगलवार को हिम्मत सोनवणे (24 वर्षीय) को गिरफ्तार किया, जिसने सोमवार शाम लिम्बायत इलाके में अपनी चचेरी बहन कल्याणी (20 वर्षीय) को उसके पति के घर में चाकू मारकर हत्या कर दी थी।
विस्तार
गुजरात के सूरत जिले में एक महिला की उसके चचेरे भाई ने कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी, क्योंकि उसने अपने परिवार की इच्छा के खिलाफ अपने प्रेमी से अदालत में शादी कर ली थी। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी
एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने मंगलवार को हिम्मत सोनवणे (24 वर्षीय) को गिरफ्तार किया, जिसने सोमवार शाम लिम्बायत इलाके में अपनी चचेरी बहन कल्याणी (20 वर्षीय) को उसके पति के घर में चाकू मारकर हत्या कर दी थी।लिंबायत पुलिस थाने के निरीक्षक एचबी जाला ने बताया कि कल्याणी ने एक महीने पहले अपने परिवार के सदस्यों की इच्छा के खिलाफ अदालत में जितेंद्र से शादी की थी। उसके पति के परिवार ने मंगलवार को दंपति के लिए एक पारंपरिक विवाह समारोह आयोजित करने का फैसला किया था।
उन्होंने बताया कि आरोपी ने अपनी चचेरी बहन पर उस समय कथित तौर पर चाकू से हमला किया, जब कल शाम उसके पति के घर में शादी के समारोह की तैयार चल रही थी। उन्होंने बताया कि पीड़िता को अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी मौत हो गई। अधिकारी ने बताया कि महिला के पति की शिकायत के आधार पर भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) और 324 (खतरनाक हथियार का इस्तेमाल कर जानबूझकर चोट पहुंचाना) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
निर्माणाधीन इमारत से गिरकर मजदूर की मौत
उधर, अरावली जिले में मंगलवार को एक निर्माणाधीन इमारत की दूसरी मंजिल से गिरकर एक मजदूर की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना मोदासा शहर में एक निर्माणाधीन इमारत में दोपहर में हुई, जब इमारत की तीसरी मंजिल से एक स्लैब नीचे की मंजिल पर काम कर रहे तीन मजदूरों पर गिर गया। मलबे की चपेट में आकर मजदूर जमीन पर गिर गए। उन्होंने बताया कि उनमें से एक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्होंने बताया कि घायल लोगों को मोदासा के एक अस्पताल ले जाया गया जहां उनका इलाज चल रहा है।