गुजरात चुनावः राहुल से मुलाकात की अटकलों के बीच हार्दिक ने कांग्रेस के सामने रखीं कई शर्तें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पाटीदार आंदोलन के नेता हार्दिक पटेल ने गुजरात विधानसभा चुनाव में समर्थन देने के एवज में कांग्रेस के सामने अपनी मांगों का पुलिंदा रख दिया है। इसमें पाटीदारों को सरकारी नौकरियों और शिक्षण संस्थानों में आरक्षण का भरोसा देना शामिल है।
कांग्रेस के सूत्रों के अनुसार, हार्दिक ने पाटीदारों के प्रभाव वाली सीटों पर उनके ज्यादा से ज्यादा उम्मीदवारों को टिकट देने की शर्त भी रखी है।
पाटीदार अमानत आंदोलन के 24 वर्षीय नेता हार्दिक ने सोमवार को कांग्रेस के गुजरात प्रभारी अशोक गहलोत से हुई वार्ता के दौरान राजनीतिक रूप से प्रभावशाली पटेलों को ज्यादा प्रतिनिधित्व दिए जाने की बात कही थी। अभी तक पाटीदार समुदाय भाजपा के साथ रहा है।
उधर, हार्दिक खेमे के सूत्रों के अनुसार, गुजरात में कांग्रेस के संगठनात्मक ढांचे में पटेलों का प्रतिनिधित्व ‘काफी कम’ है। पाटीदार समुदाय के नेता उन्हें दिए जाने वाले आरक्षण के प्रावधान को संवैधानिक सुरक्षा दिए जाने की मांग कर रहे हैं, ताकि उसकी न्यायिक समीक्षा न हो सके।
हार्दिक से हुई मुलाकात के बाद गहलोत ने ट्वीट कर कहा था कि उनकी पाटीदारों के नेताओं से अच्छी वार्ता हुई है। हार्दिक 24 साल के हैं और वह किसी विधानसभा अथवा लोकसभा चुनाव लड़ने की उम्रसीमा (25) की शर्त को पूरा नहीं करते। उन्होंने भी इस मुलाकात की बात स्वीकार करते हुए कहा कि वह एक होटल में राजस्थान के पूर्व सीएम से मिले थे और कांग्रेस के सामने अपनी मांगें रखीं थीं।
हार्दिक के साथ आने से बढ़ सकती हैं कांग्रेस की संभावनाएं......
सोमवार को पिछड़ी जाति के एक और युवा नेता अल्पेश ठाकुर कांग्रेस में शामिल हो गए थे। वह गुजरात क्षत्रिय ठाकोर सेना के समन्वयक हैं। अगर कांग्रेस हार्दिक को अपने साथ लाने में सफल हो जाती है तो कांग्रेस के लिए भाजपा से गुजरात को छीनने की संभावनाएं बढ़ जाएंगी। भाजपा 22 साल से गुजरात में सत्ता में है।
राहुल-हार्दिक मुलाकात की अटकलें
इस बीच, ऐसी अटकलें भी हैं कि हार्दिक ने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की है। दरअसल, राहुल उस होटल में मौजूद थे जिसमें हार्दिक गहलोत से मिले थे।
हालांकि हार्दिक ने राहुल से मुलाकात की अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि जब राहुल अगली बार राज्य के दौरे पर आएंगे, तो वह उनसे मिलेंगे।
इस बीच, कुछ टीवी चैनलों ने उस पांच सितारा होटल की सीसीटीवी फुटेज भी दिखाई हैं, जहां राहुल ठहरे हुए थे। इनमें वह होटल में जाते और बाहर आते दिख रहे हैं। इन फुटेज के जारी होने के तुरंत बाद गहलोत ने ट्वीट कर कहा कि हार्दिक उनसे मिलने आए थे।
जासूसी करा रही भाजपा: गहलोत
गहलोत ने कहा, ‘होटल में मेरे नाम से जो कमरा बुक किया गया था उसकी छानबीन की गई है। हम खुलेआम कह रहे हैं कि हार्दिक से मिले थे और भविष्य में भी मिलते रहेंगे।
आखिर आईबी और पुलिस ने होटल से सीसीटीवी फुटेज क्यों ली? क्या निजता का अधिकार सिर्फ जय शाह की बपौती है?’ हार्दिक ने भी इसे लेकर भाजपा पर हमला बोला। एक ट्वीट में उन्होंने कहा, ‘भाजपा जासूसी कराने में माहिर है।
उन्होंने भाजपा नेता संजय जोशी की जासूसी कराई और अब वह मेरी जासूसी करा रहे हैं।’ उधर, भाजपा हार्दिक को कांग्रेस का ‘एजेंट’ बता रही है, जो पाटीदार समुदाय को बरगला रहे हैं।