घोषणाओं पर कांग्रेस का आरोप ‘खोदा पहाड़, निकला जुमला’ पीएम मोदी बोले- किसानों को मिलेगा लाभ
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की ओर से आर्थिक पैकेज से जुड़ी दूसरे दिन की घोषणाओं के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर कहा कि आज के एलान से विशेष रूप से हमारे किसानों और प्रवासी श्रमिकों को लाभ मिलेगा।
पीएम मोदी ने ट्वीट किया कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा आज की घोषणाएं विशेष रूप से हमारे किसानों और प्रवासी श्रमिकों को लाभान्वित करेंगी। घोषणाओं में प्रगतिशील उपायों की एक श्रृंखला शामिल हैं।
Today’s announcements by FM @nsitharaman will especially benefit our farmers and migrant workers. The announcements include a series of progressive measures and will boost food security, credit to farmers as well as street vendors. #AatmaNirbharBharatPackage
विज्ञापन विज्ञापन— Narendra Modi (@narendramodi) May 14, 2020
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि सबका साथ-सबका विकास के मूलमंत्र को चरितार्थ करते हुए मोदी सरकार द्वारा देश के गरीबों, किसानों, मजदूरों व मध्यम वर्ग के जीवन को सुगम बनाने के लिए आज जो राहत उपलब्ध करवाई है उसके लिए मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण जी का आभार व्यक्त करता हूं।
कांग्रेस ने लगाया आरोप
कांग्रेस ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की ओर से आर्थिक पैकेज से जुड़ी दूसरे दिन की घोषणाओं को लेकर आरोप लगाया कि कोई राहत नहीं दी गई। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने ट्वीट किया कि निर्मला सीतारमण के आर्थिक पैकेज के दूसरे दिन की घोषणाओं का अर्थ खोदा पहाड़, निकला जुमला है।
गौरतलब है कि मंत्री निर्मला सीतारमण ने बृहस्पतिवार को प्रवासी मजदूरों एवं कुछ अन्य वर्गों के लिए राहत की घोषणाएं कीं और कहा कि आर्थिक प्रोत्साहन पैकेज की दूसरी किस्त में प्रवासी मजदूरों, फेरी वालों और छोटे किसानों को लाभ मिलेगा।
आर्थिक प्रोत्साहन पैकेज की दूसरी किस्त की घोषणा करते हुए उन्होंने कहा कि जिन आठ करोड़ प्रवासी मजदूरों के पास कोई भी राशन कार्ड नहीं है, उन्हें पांच किलो गेहूं या चावल प्रति व्यक्ति और एक किलो चना प्रति परिवार दो महीने तक मुफ्त मिलेगा।
राहुल-प्रियंका ने केंद्र पर बोला हमला
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने एक वीडियो ट्वीट कर केंद्र सरकार पर हमला किया है। राहुल गांधी ने प्रवासी मजदूरों का एक मार्मिक वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा कि अंधकार घना है कठिन घड़ी है, हिम्मत रखिए-हम इन सभी की सुरक्षा में खड़े हैं। सरकार तक इनकी चीखें पहुँचा के रहेंगे, इनके हक की हर मदद दिला के रहेंगे। देश की साधारण जनता नहीं, ये तो देश के स्वाभिमान का ध्वज हैं। इसे कभी भी झुकने नहीं देंगे।
प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया कि देश की सड़कों पर त्राहिमाम की स्थिति है। महानगरों से मजदूर भूखे प्यासे, पैदल अपने छोटे छोटे बच्चों और परिवार को लेकर चले जा रहे हैं। ऐसा लगता है जैसे व्यवस्था ने इनको त्याग दिया हो। उन्होंने कहा, मई की धूप में सड़कों पर चल रहे लाखों मजदूरों का तांता लगा हुआ है। रोज हादसे हो रहे हैं, रोज ये गरीब हिंदुस्तानी मारे जा रहे जा रहे हैं। इनके लिए सरकार बसें क्यों नहीं चलवा रही?
शिवराज बोले- गरीबों के लिए सरकार ने खोला खजाना
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि गरीबों के लिए खजाना सरकार ने खोला है। प्रधानमंत्री बहुत संवेदनशील नेता हैं। अनेकों योजनाएं गरीबों के लिए पहले ही बनाई गई थी। कोरोना संकट के इस काल में प्रवासी मजदूरों को कोई परेशानी न हो इसके लिए वन नेशन वन राशन कार्ड एक क्रांतिकारी योजना है।