Sugar: सरकार ने इस महीने बिक्री के लिए मिलों को आवंटित की दो लाख टन अतिरिक्त चीनी, दामों पर रहेगा नियंत्रण
Sugar: एक आधिकारिक बयान में कहा गया है, 'ओणम, रक्षा बंधन और कृष्ण जन्माष्टमी के आगामी त्योहारों के लिए चीनी की मजबूत मांग को ध्यान में रखते हुए अगस्त 2023 के महीने के लिए दो लाख टन का अतिरिक्त कोटा आवंटित किया जा रहा है।'
विस्तार
केंद्र ने त्योहारी सीजन में चीनी की घरेलू आपूर्ति बढ़ाने और कीमतों को नियंत्रण में रखने के लिए प्रयास तेज कर दिए हैं। इसी के तहत चीनी मिलों को पहले से 23.5 लाख टन चीनी आवंटित की गई है। इसके अलावा इस महीने बिक्री के लिए दो लाख टन चीनी का अतिरिक्त कोटा आवंटित किया गया है।
एक आधिकारिक बयान में कहा गया है, 'ओणम, रक्षा बंधन और कृष्ण जन्माष्टमी के आगामी त्योहारों के लिए चीनी की मजबूत मांग को ध्यान में रखते हुए अगस्त 2023 के महीने के लिए दो लाख टन (अगस्त 2023 के महीने के लिए पहले से आवंटित 23.5 लाख मीट्रिक टन के अलावा) का अतिरिक्त कोटा आवंटित किया जा रहा है।'
बयान में कहा गया है कि घरेलू बाजार में अतिरिक्त चीनी से पूरे देश में उचित मूल्य सुनिश्चित होगा। खाद्य मंत्रालय ने कहा कि पिछले साल अंतरराष्ट्रीय चीनी की कीमतों में 25 फीसदी की वृद्धि के बावजूद देश में चीनी का औसत खुदरा मूल्य लगभग 43.30 रुपये प्रति किलोग्राम है और केवल सीमा बद्ध रहने की संभावना है। पिछले 10 वर्षों में चीनी की कीमतों में देश में दो फीसदी से कम वार्षिक महंगाई हुई है।
चालू चीनी विपणन वर्ष (अक्तूबर-सितंबर) 2022-23 के दौरान इथेनॉल उत्पादन के लिए लगभग 43 लाख टन के डायवर्जन के बाद 330 लाख टन चीनी का उत्पादन करने का अनुमान है। घरेलू खपत करीब 275 लाख टन रहने का अनुमान है। बयान में कहा गया है, 'वर्तमान चरण में भारत के पास चालू 2022-23 सत्र के शेष महीनों के लिए अपनी घरेलू मांग को पूरा करने के लिए पर्याप्त चीनी स्टॉक है और 60 लाख टन का इष्टतम समापन स्टॉक (ढाई महीने के लिए चीनी की खपत को पूरा करने के लिए पर्याप्त) इस सीजन के अंत में यानी 30 सितंबर, 2023 को उपलब्ध होगा।'
चीनी की कीमतों में हालिया वृद्धि जल्द ही ठंडी हो जाएगी क्योंकि हर साल जुलाई-सितंबर के दौरान (अगले सीजन से ठीक पहले) कीमतें बढ़ती हैं और फिर गन्ने की पेराई शुरू होने पर नीचे आती हैं। मंत्रालय ने कहा,'इस प्रकार चीनी की कीमतों में वृद्धि बहुत मामूली है और छोटी अवधि के लिए है।'