हरियाणा: भाजपा के पाले में गोपाल कांडा, बोले- मेरी रगों में बह रहा संघ का 'रक्त'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरियाणा विधानसभा चुनाव के नतीजे गुरुवार को आ गए। इसके बाद प्रदेश में सरकार बनाने को लेकर जोड़तोड़ भी शुरू हो गया। इस बीच हरियाणा लोकहित पार्टी के संस्थापक और विधायक गोपाल कांडा ने भाजपा को बिना शर्त समर्थन का एलान किया है।
कांडा का कहना है भाजपा मेरा परिवार है। मेरी रंगों में संघ का ही खून बह रहा है। आज मेरे ऊपर कोई आरोप नहीं है। बता दें एयरहोस्टेस गीतिका शर्मा आत्महत्या मामले में कांडा मुख्य आरोपी हैं। दरअसल, गोपाल कांडा ने यह बातें शुक्रवार को भाजपा को समर्थन देने को लेकर पूछे गए सवालों के जवाब में मीडिया से कहीं।
उन्होंने कहा कि मेरा परिवार आरएससएस से जुड़ा रहा है। मेरे पिता साल 1926 में संघ से जुड़े थे। मेरा पूरा परिवार संघ के साथ है। मेरे खिलाफ घोटाले की बातें झूठ हैं। अब तक की जिंदगी में कांग्रेस की सरकार में मेरे खिलाफ सिर्फ एक ही झूठा मामला दर्ज हुआ है।
कांडा ने प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ भी की
भाजपा को बिना शर्त समर्थन देने के सवाल पर उन्होंने कहा कि मोदीजी के नेतृत्व में देश का विकास हो रहा है। भाजपा और संघ से हमारे परिवार को पुराना नाता है।
बता दें गोपाल कांडा एयरहोस्टेस गीतिका शर्मा की आत्महत्या के मामले में मुख्य आरोपी हैं। गीतिका ने अपने सुसाइड नोट में कांडा का नाम लिखा था। इस मामले में उनके खिलाफ दिल्ली पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की थी।
खट्टर से मुलाकात, जानें कौन हैं गोपाल कांडा?
गोपाल कांडा ने मीडिया के सामने यह भी दावा किया कि सभी निर्दलीय विधायक भाजपा को बिना शर्त समर्थन के लिए तैयार हैं। बता दें कि कुछ ही देर में दिल्ली के हरियाणा भवन में कांडा और दूसरे निर्दलीय विधायकों की मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात होनी है।
बता दें, गोपाल कांडा साल 2009 में निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर जीत दर्ज कर हुड्डा सरकार में मंत्री बने थे। साल 2012 में उनकी एयरलाइन कंपनी एमडीएलआर में काम करने वाली महिला कर्मचारी गीतिका शर्मा न आत्महत्या कर ली थी। इस मामले में कांडा को मुख्य आरोपी बनाया गया था।
नए समीकरणों से चर्चा में आए कांडा
हरियाणा विधानसभा चुनाव के गुरुवार को आए नतीजों के बाद बने समीकरणों के चलते कांडा एक बार फिर चर्चा में आ गए। इसके साथ ही गोपाल कांडा को लेकर सोशल मीडिया पर भी ट्रेंड शुरू हो गया। हरियाणा लोकहित पार्टी के संस्थापक गोपाल कांडा ने सिरसा से चुनाव जीता है। उन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार गोकुल सेतिया को 602 वोटों से हराया।
हरियाणा में किसी दल को पूर्ण बहुमत नहीं
हरियाणा में हुए विधानसभा चुनाव के नतीजों में किसी भी दल को पूर्ण बहुमत नहीं मिला है। यहां भाजपा को 40, कांग्रेस को 31, जेजेपी को 10 और अन्य को 8 सीटें हासिल हुई हैं। ऐसे में गोपाल कांडा ने भाजपा को समर्थन का एलान किया है। वहीं भाजपा खुद भी प्रदेश में सरकार बनाने को लेकर आश्वस्त नजर आ रही है। बता दें कि हरियाणा में सरकार बनाने के लिए छह विधायकों की जरूरत है।